महासमुन्द

कोरोना के चलते नगरपालिका के सामने भारी आर्थिक संकट
07-Jan-2021 3:47 PM
 कोरोना के चलते नगरपालिका के  सामने भारी आर्थिक संकट

कर्मचारी को वेतन के लाले पड़ जाएंगे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुन्द, 7 जनवरी। 
कोरोना के असर का नतीजा है कि नगरपालिका के 293 लाख रुपए टैक्स वसूलने के लक्ष्य में से सिर्फ  79.12 लाख रुपए ही वसूला जा सका है। यह कुल लक्ष्य का सिर्फ 26.96 फीसदी है। वित्त वर्ष 2020-21 खत्म होने में अब सिर्फ  तीन महीने बचे हैं और कोरोना ने नपा की आमदनी रोक रखी है। 

अधिकारियों की मानें तो यदि राजस्व की वसूली पर्याप्त नहीं हुई तो पालिका के अस्थाई कर्मचारियों को वेतन को लेकर दिक्कत हो सकती है। क्योंकि उनके वेतन का भुगतान कर वसूली की राशि से ही किया जाता है। कोरोना संक्रमण के कारण पिछले वित्त वर्ष 2019-20 की रिकवरी नहीं हो सकी है। नपा साल 2019-20 की रिकवरी के लिए तैयारी कर रही थी। उसी समय कोरोना संक्रमण का दौर शुरू हो गया था। इसके कारण पिछले साल की रिकवरी भी बची हुई है। पिछले साल 241.06 लाख रुपए का लक्ष्य रखा गया था। वहीं वसूली सिर्फ  64.98 लाख रुपए की हो पाई थी। इस तरह दो वित्त वर्ष को मिलाकर 534.56 लाख रुपए राज्स्व वसूली का लक्ष्य नपा ने रखा था। जिसमें से सिर्फ 144.1 लाख रुपए की वसूली पाई है। 

इस तरह दो साल का कुल 390.41 लाख रुपए राजस्व वसूली करना अभी बचा है। एक साथ दो साल का 390.41 लाख रुपए राजस्व वसूलना नपा को लिए एक चुनौती ही। नपा राजस्व विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक इस वित्त वर्ष में 79.90 लाख रुपए संपत्ति कर वसूलना था। लेकिन  सिर्फ  9.15 लाख रुपए की ही वसूली हो पाई। यह लक्ष्य का सिर्फ 12.91 लाख रुपए है। इसी तररह 80.85 लाख रुपए समेकित कर वसूलने का लक्ष्य चालू वित्त वर्ष में रखा गया था। इसमें से सिर्फ  8.17 फीसदी ही वसूला जा सका है। इस साल जल शुल्क 113 लाख रुपए वसूलने थे। हालात यह है कि सिर्फ 30.86 लाख रुपए की वसूली हो पाई है। नपा में आने वाले दुकानों से 11.54 लाख रुपए कर वसूलना था जिनसे अब तक सिर्फ  4.20 लाख रुपए नपा वसूल सकी है। 

पिछले वित्त वर्ष 2019-20 में नपा ने विभिन्न मदों से 241.06 लाख रुपए का लक्ष्य रखा था। जिसमें सिर्फ  64.98 लाख रुपए की ही वसूली हो पाई थी। यह कुल लक्ष्य का सिर्फ  26.96 प्रतिशत है। पिछले वित्त वर्ष में 106.46 लाख रुपए जल कर के रूप में वसूलने का लक्ष्य रखा गया था। जिसमें नपा लक्ष्य का सिर्फ 14.75 फीसदी यानी 18.13 लाख रुपए ही वसूल पाई थी। 52.15 लाख रुपए समेकित कर लक्ष्य में से सिर्फ 14.11 लाख रुपए की वसूली हुई थी।

इस मामले में एके हालदार, सीएमओ महासमुन्द नगर पालिका का कहना है कि कोरोना के कारण अभी तक वसूली रुकी हुई थी। लोगों को कोरोना के कारण सहुलियत दिए गए थे। आने वाले दिनों में हम अभियान शुरू कर रहे हैं। बिल और डिमांड का इंतजार कर रहे। आने वाले 10.15 दिन में हम कर रिकवरी के लिए अभियान शुरू करेंगे। कर नहीं पटाने वालों का कुर्की वांरट निकाला जाएगा। नल कनेक्शन कांटेंगे। बड़े बकायदारों पर हमारा पहले फोकस होगा। विकास कार्य का कर वसूली से कुछ लेना नहीं है। नपा कर्मचारियों को वसूल होने वाले कर से वेतन दिया जाता है। कर वसूली नहीं होने के कारण इसका असर भी दिख रहा है। जल्द ही वसूली को लेकर व्यापक पैमाने पर अभियान करने वाले हैं। कोरोना के कारण पिछले वित्त वर्ष की भी रिकवरी नहीं हो पाई है। इस बार दोनों वित्त वर्ष का एक साथ रिकवरी अभियान शुरू होगा।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news