सरगुजा

भोलेनाथ की निकली बारात, झूमते-गाते निकले श्रद्घालु
12-Mar-2021 9:03 AM
भोलेनाथ की निकली बारात, झूमते-गाते निकले श्रद्घालु

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,11 मार्च।
पिछले 41 वर्षों से चली आ रही परंपरा के अनुरूप इस वर्ष भी श्री शिवशंकर कीर्तन मंडली द्वारा महाशिवरात्रि पर भोलेनाथ की बारात बाजेगाजे के साथ निकाली गई। झूमते-नाचते शिवभक्तों की टोली बारात में शामिल होकर नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए देर रात पुलिस लाईन स्थित मां गौरी मंदिर पहुंची, जहां भोलेनाथ और मां गौरी का शुभ-विवाह हुआ। यहां भंडारे का प्रसाद ग्रहण करने बड़ी संख्या में शहरवासी पहुंचे। शुक्रवार को बारात वापस केदारपुर सहेली गली स्थित शिव शंकर मंदिर पहुंचेगी, जहां वर पक्ष की ओर से आशीर्वाद समारोह के रूप में महाआरती के बाद शाम 7 बजे से विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा।

श्री शिव शंकर कीर्तन मंडली द्वारा महाशिवरात्रि पर पिछले 41 वर्षों से भोलेनाथ की अनोखी बारात निकालने की परंपरा चली आ रही है। गुरुवार को भोलेनाथ की बाजे-गाजे के साथ भव्य बारात निकाली गई। गत वर्षों की अपेक्षा इस वर्ष भोलेनाथ की बारात में श्रद्घालुओं की भारी भीड़ शामिल हुई। गुरुवार की दोपहर 4 बजे सहेली गली प्रतापपुर नाका स्थित शिवमंदिर से भगवान शिव की आकर्षक बारात गाजेबाजे, आतिशबाजी तथा किन्नरों व भूत-प्रेत की टोलियों के साथ निकाली गई।

सुबह से चलती तैयारियों के बाद शाम 4 बजे भोलेनाथ की बारात जोड़ापीपल, देवीगंज रोड, स्कूल रोड होते हुए देर शाम पुलिस लाइन स्थित मां गौरी मंदिर पहुंची, जहां रात्रि में शुभ विवाह का धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुआ। यहां विशाल भंडारे का आयोजन किया गया था, जिसमें बड़ी संख्या में शहरवासियों ने हिस्सा लेकर प्रसाद ग्रहण किया। शुक्रवार को बारात वापस सहेली गली स्थित शिव मंदिर पहुंचेगी, जहां आशीर्वाद समारोह के रूप में महाआरती पश्चात शाम सात बजे से विशाल भंडारा का आयोजन किया जाएगा।

इस पूरे आयोजन में शिव मंदिर सहेली गली केदारपुर से मण्डली अध्यक्ष रामाधार विश्वकर्मा एवं वरिष्ठ सदस्यों में राजकिशोर मिश्रा. पुण्डरीकाक्ष मिश्रा, राम परीखा पाण्डेय, रामदेव राम, दीपक मिश्रा, प्रमोद मिश्रा, मनोज त्रिपाठी, अनिल दुबे, भोलानाथ पाण्डेय. गिरजाशंकर सिन्हा. रविन्द्र सिन्हा, प्रमोद मिश्रा2, विष्णुपति विश्वकर्मा, संजु चौबे, दिलीप पाण्डेय, संजय मिश्रा, अखिलेश मिश्रा, अनित पूरी. अनुज पाण्डेय, श्रीराम पाण्डेय, विनय तिवारी, अजय पाण्डेय, महेन्द्र गुप्ता, रामाशंकर विश्वकर्मा, शिवनाथ विश्वकर्मा, किशोरीलाल गुप्ता, हरिगोविन्द, राजगीर, सुमित सिन्हा, राजू. ऋषिकान्त दुबे, नरेश यादव, एवं धरनीधर सहित सभी शिवभक्त सक्रिय रहे। 

जगह-जगह स्वागत
वर्षों से निकल रही भोलेनाथ की बारात का शहर में जगह-जगह आरती उतार भक्तजनों द्वारा स्वागत किया गया। लोगों ने कई जगह बारातियों के स्वागत के लिए भी जलपान की व्यवस्था की थी।
 

 

अन्य पोस्ट

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news