बस्तर

मेडिकल कॉलेज मामले पर भाजपा आक्रमक, आज करेगी विरोध प्रदर्शन
15-Mar-2021 8:56 PM
 मेडिकल कॉलेज मामले पर भाजपा आक्रमक, आज करेगी विरोध प्रदर्शन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जगदलपुर, 15 मार्च। स्व.बलिराम कश्यप मेडिकल कालेज सह अस्पताल का नाम बदलने के राज्य सरकार के निर्णय को भाजपा ने गंभीरता से लिया है और इस फैसले को निंदनीय बताते हुए  भाजपा ने इसके खिलाफ समूचे बस्तर संभाग में एक साथ जोरदार विरोध प्रदर्शन करने की रणनीति बनायी है। मंगलवार को सभी मंडलों में भाजपा युवा मोर्चा द्वारा विरोध प्रदर्शन किया जायेगा। इसके बाद आगामी 20 मार्च को भी जिलास्तरीय विरोध प्रदर्शन का कार्यक्रम रखा गया है। इसके लिए भाजपा ने अपने समस्त पदाधिकारियों,कार्यकर्ताओं को विरोध कार्यक्रम में शामिल होने कहा है।

भाजपा जिलाअध्यक्ष रूप सिंह मंडावी ने बताया कि भाजपा शासनकाल में स्व. बलीराम कश्यप के अथक प्रयास से बस्तर संभाग को चिकित्सा सुविधा में अग्रणी बनाने मेडिकल कालेज की सौगात मिली थी। 26 जुलाई 2018 को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की उपस्थिति में मेडिकल कॉलेज, डिमरापाल का नामकरण स्व.बलीराम कश्यप के नाम पर करते हुए लोकार्पण किया गया था। लेकिन राजनीतिक दुर्भावनापूर्वक कांग्रेस के वर्तमान सांसद दीपक बैज के प्रस्ताव पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा जनभावनाओं का अपमान करते हुए मेडिकल कालेज सह अस्पताल का नाम परिवर्तन करने का अत्यंत निंदनीय कृत्य किया है।जिसका पुरजोर विरोध भाजपा कर रही है। जिलाध्यक्ष श्री मंडावी ने कहा कि कांग्रेस राज्य सरकार के शर्मनाक निर्णय के साथ मुख्यमंत्री व सांसद के खिलाफ बस्तर संभाग में विरोध प्रदर्शन किया जायेगा। भाजयुमो की अगवाई में मंगलवार को सभी मंडलों में एक साथ विरोध प्रदर्शन करेगी। इसके बाद 20 मार्च को जिलास्तरीय विरोध प्रदर्शन की रुपरेखा बनायी गयी है। कांग्रेस सरकार के निंदनीय निर्णय के विरुद्ध भाजपा जनता के बीच जाकर आवाज़ बुलंद करेगी।

अन्य पोस्ट

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news