बस्तर

भ्रष्टाचार की जांच की मांग, भाजपा महिला मोर्चा का धरना 19-20 को
18-May-2021 10:10 PM
भ्रष्टाचार की जांच की मांग, भाजपा महिला मोर्चा का धरना 19-20 को

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जगदलपुर, 18 मई । भाजपा महिला मोर्चा ने भ्रष्टाचार की जांच की मांग को ले अनशन पर बैठने वाले महासमुंद के महिला एवं बाल विकास अधिकारी सुधाकर बोदले की सुरक्षा और इस मामले की न्यायिक जांच कराने की माँग की है। इस संबंध में भाजपा महिला मोर्चा द्वारा आज राज्यपाल के नाम ज्ञापन भी कलेक्ट्रेट में सौंपा गया।

महिला मोर्चा इस मामले को लेकर 19 मई को ब्लॉक स्तर पर धरना देगा व 20 मई को महिला मोर्चा कार्यकर्ता अपने घरों के समक्ष धरना देकर विरोध प्रदर्शन करेंगी।

राज्यपाल को प्रेषित ज्ञापन में कहा गया है कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना व रेडी टू ईट सामग्री खरीदी में अनियमितता के विरोध में महिला बाल विकास अधिकारी सुधाकर बोदले धरने पर बैठे थे। इन दो मामलों में करीब तीस लाख रुपये से अधिक का भ्रष्टाचार का मामला प्रकाश में आया है। ऐसे में विगत दो वर्षों में प्रदेश के सभी जिलों में हुई खरीदी की जाँच की जाये तो सैकड़ों करोड़ के घोटाले की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता। यह दुख:द है कि जिस अधिकारी ने भ्रष्टाचार को उजागर किया, उसे ही कांग्रेस सरकार प्रताडि़त कर रही है। भाजपा महिला मोर्चा ने राज्यपाल से उक्त अधिकारी को पर्याप्त सुरक्षा प्रदान करने एवं खरीदी प्रक्रिया, आबंटन आदि में भ्रष्टाचार के तमाम मामलों की जाँच उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायधीश से किये जाने की मांग की है। साथ ही संबंधित मंत्री के विरुद्ध कार्रवाई करने कहा है।

भाजपा महिला मोर्चा ने डिप्टी कलेक्टर दीप्ति गौते को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान जिला उपाध्यक्ष योगेन्द्र पांडे, महामंत्री रामाश्रय सिंह, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष रामकुमारी यादव, रोशन सिसोदिया, लक्ष्मी कश्यप, महेश्वरी ठाकुर, गीता नाग, ममता राणा, तेजपाल शर्मा आदि उपस्थित थे।

अन्य पोस्ट

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news