अंतरराष्ट्रीय
मॉस्को, 17 अप्रैल। रूसी सेना ने मारियुपोल में तैनात यूक्रेनी बलों से कहा कि यदि वे अपने हथियार डाल देते हैं, तो उन्हें उनके ‘‘जीवित रहने की गारंटी’’ दे दी जाएगी। रूसी रक्षा मंत्रालय ने रविवार तड़के यह घोषणा की।
रूस के कर्नल जनरल मिखाइल मिजिनत्सेव ने कहा कि अजोवस्ताल इस्पाल कारखाने में यूक्रेन के जो सैनिक रूस की घेराबंदी में हैं, उन्हें आत्मसमर्पण करने के लिए स्थानीय समयानुसार अपराह्न एक बजे तक का समय दिया गया है।
रूसी सेना ने अजोव सागर के अहम बंदरगाह शहर को डेढ़ महीने से अधिक समय से घेर रखा है। यह वहां तैनात यूक्रेनी बलों को दिया गया ताजा प्रस्ताव है। मारियुपोल पर कब्जा करना रूस का अहम रणनीतिक लक्ष्य है। ऐसा करने से उसे क्रीमिया तक जमीनी गलियारा मिल जाएगा। रूस ने 2014 में क्रीमिया पर कब्जा कर लिया था। इसके अलावा मारियुपोल में यूक्रेनी बलों को हराने के बाद वहां तैनात रूसी बल डोनबास की ओर बढ़ सकेंगे।
ग्यारह वर्ग किलोमीटर से अधिक के क्षेत्र में बनी अजोवस्ताल इस्पात मिल मारियुपोल का आखिरी बड़ा इलाका है, जिस पर अब भी यूक्रेनी बलों का नियंत्रण है।
रूसी रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता मेजर जनरल इगोर कोनाशेनकोव ने शनिवार को कहा कि लगभग 2,500 यूक्रेनी सैनिक अजोवस्ताल में है। इस दावे को स्वतंत्र रूप से सत्यापित नहीं किया जा सका है। यूक्रेनी अधिकारियों ने इस संबंध में किसी संख्या का जिक्र नहीं किया है।
रूस-यूक्रेन युद्ध संबंधी अन्य अहम घटनाक्रम:
मॉस्को: रूसी सेना ने कहा कि उसने यूक्रेन की राजधानी के बाहर एक सैन्य संयंत्र पर मिसाइल हमला किया है।
रूसी रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता मेजर जनरल कोनाशेनकोव ने रविवार को कहा कि सेना ने कीव के बाहर ब्रोवरी में गोला-बारूद संयंत्र पर मिसाइलों से हमले किये।
उन्होंने कहा कि अन्य रूसी हवाई हमलों ने पूर्व में सिविएरोदोनेत्सक के पास यूक्रेनी वायु रक्षा रडार और अन्य जगहों पर कई गोला-बारूद डिपो को भी नष्ट कर दिया। (एपी)