ताजा खबर

देखें VIDEO'S : हरियाणवी विधायक चंडीगढ़ के लिए निकले, सीएम भी दिल्ली गए
09-Jun-2022 5:54 PM
देखें VIDEO'S : हरियाणवी विधायक चंडीगढ़ के लिए निकले, सीएम भी दिल्ली गए

  रिसॉर्ट में नाज नखरों से हलाकान हैं पार्टी नेता  

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 9 जून।
नवा रायपुर के रिसॉर्ट में ठहरे हरियाणा के कांग्रेस विधायक गुरूवार की शाम चंडीगढ़ के लिए रवाना हो गए। बताया गया कि सीएम भूपेश बघेल भी दिल्ली जा रहे हैं। इससे परे विधायकों  के नाज नखरों से व्यवस्था में जुटे पार्टी के नेता भी हलाकान हो गए हैं।

कांग्रेस के एक प्रमुख नेता ने ‘छत्तीसगढ़’ से चर्चा में बताया कि एआईसीसी का मैसेज मिलते ही सभी 28 विधायकों को एक साथ चंडीगढ़ ले जाया जाएगा। इसके लिए विशेष विमान का बंदोबस्त किया गया है। हरियाणा के विधायकों से अलग सीएम भूपेश बघेल दिल्ली गए हैं।

दूसरी तरफ, हरियाणा के सभी विधायकों के चंडीगढ़ के होटल ताज में ठहरने की व्यवस्था की गई है। एक साथ ही सभी विधायक होटल से हरियाणा विधानसभा के लिए रवाना होंगे। जहां सुबह 11 बजे से वोटिंग शुरू होगी। कांग्रेस ने राज्यसभा के लिए अजय माकन को प्रत्याशी बनाया है, उन्हें कार्तिकेय शर्मा से कड़ी चुनौती मिल रही है।

इधर, नवा रायपुर के महंगे रिसॉर्ट में ठहरे विधायकों की अलग-अलग तरह की डिमांड से व्यवस्था में जुटे कांग्रेस नेता भी परेशान हो गए हैं। यहां सरकार के मंत्री रविन्द्र चौबे, मोहम्मद अकबर के अलावा पदाधिकारी रामगोपाल अग्रवाल व गिरीश देवांगन को व्यवस्था संबंधी जिम्मेदारी दी गई है।

वैसे तो विधायकों को मोबाइल से भी दूर रहने कहा गया है। फिर भी एक विधायक तो सुुबह से रामायण पाठ करते हुए वीडियो परिजनों को भेज देते हैं। यही नहीं, एक विधायक ने तो बुधवार की रात पान खाने की इच्छा जताई, और तुरंत पान न मिलने पर वेटरों को काफी भला बुरा कहा। बाद में उनके लिए किसी तरह पान का बंदोबस्त किया गया।

इसी तरह एक ने तो पैडीक्योर (पैर की मालिश) की डिमांड रख दी। उन्हें बताया गया कि यहां कोई ऐसी व्यवस्था नहीं है। इस पर उन्होंने नाराजगी जताई। पिछले 4 दिनों से ठहरे ये विधायक आसपास घूमने के लिए जाना चाहते थे, लेकिन एआईसीसी से स्पष्ट निर्देश था कि उन्हें कहीं, और न ले जाया जाए। इसके बाद व्यवस्था में जुटे कांग्रेस नेताओं ने हाथ खड़े कर दिए। बाद में विधायकों ने संसदीय कार्य मंत्री रविन्द्र चौबे से गुजारिश की, कि वो विधानसभा भवन देखना चाहते हैं।

सूत्र बताते हैं कि संसदीय कार्यमंत्री ने भी सहमति दे दी थी। बाद में  पता चला कि विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत, और सचिव दिनेश शर्मा ओडिशा गए हुए हैं। इसके चलते हरियाणा के विधायकों का विधानसभा भवन भ्रमण का कार्यक्रम स्थगित हो गया। इससे भी विधायक खिन्न नजर आए।

दूसरी तरफ, यह भी पता चला है कि राज्यसभा प्रत्याशी कार्तिकेय शर्मा ने कांग्रेस विधायकों से संपर्क साधने की भरसक कोशिश की, लेकिन उनके कड़ी निगरानी पर होने के कारण वो अपने मकसद में सफल नहीं हो पाए।

 

    

 

 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news