ताजा खबर

हाथ जोड़ो यात्रा के दौरान विधायक पहुंची स्कूल, अभाविप कार्यकर्ताओं से हाथापाई
30-Jan-2023 11:43 AM
हाथ जोड़ो यात्रा के दौरान विधायक पहुंची स्कूल, अभाविप कार्यकर्ताओं से हाथापाई

बिलासपुर भाजयुमो ने किया प्रदर्शन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 30 जनवरी।
हाथ जोड़ो यात्रा के दौरान तखतपुर की कांग्रेस विधायक के समर्थकों पर अभाविप कार्यकर्ताओं से मारपीट का आरोप लगा है। दोनों गुटों के बीच वाद-विवाद का वीडियो वायरल हुआ है। बिलासपुर में इस घटना के विरोध में भारतीय जनता युवा मोर्चा ने प्रदर्शन किया और मुख्यमंत्री का पुतला भी जलाया।

जानकारी के मुताबिक 28 जनवरी को तखतपुर के सरस्वती शिशु मंदिर परिसर में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने 25वां स्थापना दिवस समारोह रखा था। तखतपुर विधायक व संसदीय सचिव रश्मि सिंह ठाकुर इस कार्यक्रम में आमंत्रित नहीं की गई थीं। इसे लेकर उनके समर्थकों में रोष था। वे कांग्रेस के हाथ से हाथ जोड़ो अभियान में शहर निकली थीं।

वे अपने समर्थकों के साथ स्कूल परिसर में प्रवेश कर गईं और प्राचार्य से कार्यक्रम के बारे में जानकारी लेने लगी। बिना सूचना के कार्यक्रम करने और अनुमति नहीं लेने की बात पर वह एबीवीपी के कार्यकर्ताओं पर नाराज होने लगीं। विधायक को नाराज होते देखकर जिला पंचायत सदस्य जितेंद्र पांडे, सुनील जांगड़े, राजबीर सिंह हूरा और अन्य लोगों ने मिलकर एबीवीपी के पदाधिकारी अभिषेक पांडे से गाली गलौज और धक्का-मुक्की की। विधायक ने स्थिति बिगड़ते हुए देखकर बीज बचाव किया। अभाविप कार्यकर्ता विधायक पर नाराज होने लगे। इस घटनाक्रम का वीडियो बनाने से विधायक ने मना किया पर अभाविप कार्यकर्ता नहीं माने। बाद में यह वीडियो वायरल हो गया।

घटना के विरोध में बिलासपुर भाजयुमो उत्तर मंडल ने अध्यक्ष महर्षि बाजपेयी के नेतृत्व में सीपत चौक सरकंडा में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का पुतला दहन कर प्रदेश सरकार और कांग्रेस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। पुलिस के साथ भी उनका विवाद हो गया। युवा मोर्चा ने चेतावनी दी है कि मारपीट के आरोपियों पर जल्द से जल्द कार्रवाई नहीं की गई, तो युवा मोर्चा पदाधिकारी सडक़ से सदन तक लड़ाई लड़ेंगे और अपने कार्यकर्ताओं को न्याय दिलाएंगे।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news