मनोरंजन
मुंबई: फिल्म ‘72 हूरें’ के निर्माताओं के खिलाफ पुलिस में शिकायत
06-Jul-2023 1:21 PM
मुंबई, 6 जुलाई मुंबई के एक सामाजिक कार्यकर्ता ने हिंदी फिल्म ‘72 हूरें’ के निर्माताओं के खिलाफ पुलिस में लिखित शिकायत दी है और उन पर एक समुदाय की धार्मिक भावनाओं को आहत करने तथा देश को विभाजित करने की कोशिश का आरोप लगाया है। यह जानकारी एक अधिकारी ने बुधवार को दी।
अधिकारी ने कहा कि गोरेगांव थाने में शिकायत दर्ज कराई गयी।
कार्यकर्ता के वकील अली काशिफ खान ने बताया कि उन्होंने केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) से भी अलग से शिकायत करके फिल्म के प्रदर्शन पर रोक की मांग की है।
संजय पूरन सिंह चौहान द्वारा निर्देशित यह फिल्म सात जुलाई को रिलीज होगी।
अधिकारियों ने बताया कि उन्हें शिकायत मिली है, लेकिन अभी तक कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं की गयी है। (भाषा)