ताजा खबर

अजा वोटों पर कांग्रेस की नजर, कल जांजगीर में सभा
12-Aug-2023 4:42 PM
अजा वोटों पर कांग्रेस की नजर, कल जांजगीर में सभा

   खरगे और सीएम-मंत्री रहेंगे   

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 12 अगस्त।
प्रदेश कांग्रेस अनुसूचित जाति बाहुल्य जांजगीर-चांपा से रविवार अपने चुनाव प्रचार अभियान की शुरूआत करने जा  रही है। इस कड़ी में आयोजित सभा में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, और प्रदेश प्रभारी सैलजा व सीएम भूपेश बघेल के साथ ही सरकार के सभी मंत्री शिरकत करेंगे।

सभा जांजगीर में होगी। इसमें करीब 50 हजार से अधिक लोगों के जुटने की उम्मीद जताई जा रही है। सभा को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष खरगे संबोधित करेंगे। खरगे कल दोपहर करीब साढ़े 12 बजे दिल्ली से रायपुर पहुंचेंगे। इसके बाद सीएम भूपेश बघेल, और प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज के साथ हेलीकाप्टर से जांजगीर के लिए रवाना हो जाएंगे।

बताया गया कि सभा को संबोधित करने के बाद खरगे शाम चार बजे रायपुर पहुंचेंगे, और फिर सीधे दिल्ली चले जाएंगे। सभा में डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव, और सभी मंत्री प्रमुख रूप से मौजूद रहेंगे। जांजगीर-चांपा जिला अनुसूचित जाति बाहुल्य जिला है। विधानसभा आम चुनावों में कांग्रेस की लहर होने के बाद भी अपेक्षाकृत अच्छी सफलता नहीं मिल पाई थी। यहां की 6 विधानसभा सीटों में से कांगे्रस के पास सिर्फ सक्ती, और चंद्रपुर है। तीन सीटों पर वह तीसरे स्थान पर चली गई थी। ऐसे में कांग्रेस ने यहां अपनी पकड़ बनाने के लिए जोरदार प्रयास कर रही है।

खरगे और प्रदेश प्रभारी सैलजा, दोनों ही अनुसूचित जाति वर्ग से आते हैं। पार्टी के रणनीतिकारों का मानना है कि दोनों ही नेताओं के आने से अनुसूचित जाति वर्ग के मतदाताओं में पार्टी की पकड़ बनाने में मदद मिलेगी। विधानसभा चुनाव के लिए आचार संहिता अक्टूबर के पहले हफ्ते में संभावित है। ऐसे में यहां से पार्टी एक तरह से चुनाव प्रचार अभियान की शुरूआत कर रही है। आने वाले दिनों में विशेषकर जांजगीर-चांपा जिले में कई और कार्यक्रम होंगे। 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news