ताजा खबर

जनता भाजपा को सभी 11 सीटें देकर चमत्कारिक जनादेश देने जा रही-किरण
16-Mar-2024 7:51 PM
जनता भाजपा को सभी 11 सीटें देकर चमत्कारिक जनादेश देने जा रही-किरण

रायपुर, 16 मार्च। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने लोकसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा के बाद एकात्म परिसर में शनिवार को पत्रकार वार्ता में  कहा कि भाजपा की चुनावी तैयारी विधानसभा चुनाव पूर्ण होने के दूसरे दिन से ही आरंभ हो गई थी। भाजपा सभी चुनावों को गंभीरता से लेती है। हमें पूर्ण विश्वास है कि छत्तीसगढ़ की समझदार जनता भाजपा को पूरी 11 सीटें देकर एक व्यापक, चमत्कारिक जनादेश देने जा रही है। श्री देव ने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान संगठन कार्यकर्ताओं के परिश्रम के परिणामस्वरूप भाजपा को 46 प्रतिशत मत को साथ 54 सीटों पर जीत मिली।  2018 के विधानसभा चुनाव 2018 में भाजपा 15 सीटों पर जीती, लेकिन चार माह बाद लोकसभा चुनाव में भाजपा को 9 सीटों पर जीत मिली थी। 2023 में 54 सीटों पर भाजपा को जीत मिली है, इसलिए अबकी बार 11 सीटों को जीतने का लक्ष्य है। पिछले चुनाव के परिणाम से उत्साहित कार्यकर्ता फिर से लोकसभा चुनाव की तैयारी में दिन-रात जुटे हैं।

 श्री देव ने कहा कि उन्हें यह बताते हुए गर्व और संतोष का अनुभव हो रहा है कि भाजपा कार्यकर्ता और नेतागण बूथ से लेकर प्रदेशस्तर तक की सभी चुनावी तैयारियों में दिन-रात एक कर रहे हैं। 

मोदी, शाह, सिंह और  नड्डा आएंगे 
उपाध्यक्ष, चुनाव प्रबंधन समिति के प्रदेश संयोजक व पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा ने बताया कि लोकसभा चुनाव के मद्देनजर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का छत्तीसगढ़ प्रवास होगा। इसी क्रम में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों में सभाएं लेकर प्रचार करेंगे। पार्टी की चुनावी तैयारियों की विस्तार से चर्चा करते हुए श्री शर्मा ने बताया कि भाजपा ने लोकसभा चुनाव की दृष्टिकोण से छत्तीसगढ़ को तीन कलस्टरों में विभाजित कर प्रभारी व सह प्रभारियों की नियुक्ति की। इसी प्रकार संभाग प्रभारी एवं सह प्रभारियों की नियुक्तियां की गई है। श्री शर्मा ने कहा कि आचार संहिता लगने से पहले ही पूरे 11 प्रत्याशियों की घोषणा होने का बाद लोकसभा क्षेत्रों एवं विधानसभा क्षेत्रों में लोकसभा चुनाव कार्यालय का शुभारंभ हो चुका है। सभी लोकसभा प्रत्याशियों का अपने-अपने लोकसभा क्षेत्रों में सघन दौरा प्रारंभ हो चुका है। लोकसभा चुनाव प्रबंधन की दृष्टि से 37 कमेटियों का गठन किया गया है। चुनाव सुचारू रूप से संचालित करने के लिए चुनाव प्रबंधन संयोजक व सह प्रबंधकों की नियुक्ति हो चुकी है। प्रधानमंत्री श्री मोदी के 10 वर्ष के एवं भाजपा की प्रदेश सरकार के 3 माह के कार्यकाल की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने के लिए प्रत्येक लोकसभा क्षेत्र में तीन-तीन प्रचार रथ चलेंगे। दीवाल लेखन अभियान के तहत अब तक प्रदेश के 1 लाख से अधिक स्थानों पर दीवाल लेखन एवं होर्डिंग के कार्य हो चुके हैं। बूथ सशक्तिकरण अभियान के तहत हमने प्रदेश में विगत 3 वर्षों में बूथों की स्थिति का अध्ययन किया और कमजोर बूथों का चयन कर उस पर वोट बढ़ाने के लिए कार्ययोजना तैयार की गई है। इसी प्रकार बस्ती संपर्क अभियान भी पूरे प्रदेश में चलाया गया।

पत्रकार वार्ता के दौरान प्रदेश महामंत्री संजय श्रीवास्तव, रामू जगदीश  रोहरा, प्रवक्ता केदारनाथ गुप्ता, नलिनेश ठोकने मीडिया प्रभारी अमित चिमनानी, सह प्रभारी अनुराग अग्रवाल भी उपस्थित थे।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news