ताजा खबर

जेहाद की बात करने वालों को शर्म आनी चाहिए : योगी
05-May-2024 11:05 AM
जेहाद की बात करने वालों को शर्म आनी चाहिए : योगी

फर्रुखाबाद/औरैया (उप्र), 4 मई। उत्‍तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को कहा कि जेहाद की बात करने वालों को शर्म आनी चाहिए और जेहाद की बात करके ऐसे लोग लोकतंत्र को कलंकित कर रहे हैं।

वहीं एक सभा में योगी ने यह भी कहा कि समाजवादी पार्टी के शासन में अयोध्या में रामभक्तों पर गोलियां चलाई गई थीं पर आज अयोध्या में फिर से त्रेतायुग और रामराज्य वापस आ गया है।

मुख्यमंत्री योगी ने फर्रुखाबाद से सांसद एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रत्याशी मुकेश राजपूत और कन्नौज से भाजपा उम्मीदवार व सांसद सुब्रत पाठक के समर्थन में शनिवार को आयोजित अलग-अलग जनसभाओं को संबोधित किया। फर्रुखाबाद के कमालगंज में सभा को संबोधित करते हुए योगी ने इशारों में विपक्षी दलों खासतौर से कांग्रेस के वरिष्‍ठ नेता एवं पूर्व विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद पर जमकर निशाना साधा।

पिछले दिनों सलमान खुर्शीद की मौजूदगी में उनकी भतीजी और सपा नेता मारिया आलम ने यहां कायमगंज में सपा उम्‍मीदवार नवल किशोर शाक्य के समर्थन में आयोजित जनसभा में भाजपा को हराने के लिए लोगों से ''वोट जेहाद'' करने को कहा था।

भाजपा ने इस मामले को लेकर खुर्शीद और मारिया आलम की कड़ी आलोचना की है।

सपा, कांग्रेस व बसपा पर हमलावर मुख्यमंत्री ने कहा कि ''जिन लोगों ने गरीबों के हकों पर डकैती डाली और दिव्यांगों को भी नहीं छेड़ा, ऐसे लोगों को जेहाद की बात याद आने लगी है। वे जान लें कि भारत की धरती राम-कृष्ण की है, जेहाद की नहीं।''

योगी ने कहा, ''आपने 2014 के पहले और बाद का भारत देखा है। 2014 के पहले का भारत दुनिया में विश्वास खो चुका था। आतंकवाद व नक्सलवाद से त्रस्त था। गरीबों को शासन की योजनाएं नहीं मिल पाती थीं। यह अराजकता वे लोग करते थे, जिन्हें भारत के लोकतंत्र पर विश्वास नहीं था और जिन्हें विश्वास था वे ’एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के साथ जुड़कर देश को मजबूत बनाने के लिए आगे बढ़ते थे। जिन्हें भारत की प्रगति अच्छी नहीं लगती थी, वे हर योजना में भ्रष्टाचार करते थे।''

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस कहती थी कि राम हुए ही नहीं, सपा वाले कहते थे कि अयोध्या में परिंदा पर नहीं मार सकता, लेकिन आज वहां लाखों लोग दर्शन कर रहे हैं। उप्र में कर्फ्यू और दंगा मुक्त वातावरण है।

कन्नौज से भाजपा उम्मीदवार सुब्रत पाठक के समर्थन में औरैया जिले के बिधूना में आयोजित जनसभा में योगी आदित्यनाथ ने कहा कि समाजवादी पार्टी के शासन में अयोध्या में रामभक्तों पर गोलियां चलाई गई थीं पर आज अयोध्या में फिर से त्रेतायुग और रामराज्य वापस आ गया है।

बिधूना क्षेत्र कन्नौज लोकसभा क्षेत्र का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि ''नई अयोध्या में 500 वर्षों के बाद मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम ने होली खेली। रामनवमी पर उनका सूर्य तिलक हुआ और इसे देख पूरी दुनिया अभिभूत हो गयी थी। यह अद्भुत कार्य कभी सपा, बसपा और कांग्रेस के कार्यकाल में नहीं हो सकता था। (भाषा)

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news