ताजा खबर

कांग्रेस और गठबंधन ने बदजुबानी की सारी सीमाएं लांघी-साय
05-May-2024 12:50 PM
कांग्रेस और गठबंधन ने  बदजुबानी की सारी सीमाएं लांघी-साय

भाजपा सभी ग्यारह सीटें जीतने के प्रति आश्वस्त : साय

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 5 मई।  तीसरे चरण का चुनाव प्रचार के अंतिम दिन एकात्म परिसर में  प्रेस वार्ता में सीएम  विष्णुदेव साय ने कहा कि मोदी जी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने और भारत को विकसित देशों की कतार में खड़ा कर देने के लिए हमारे पास जहां एक बड़ा विजन है। जहां हम अपनी योजनाओं, रोडमैप और उपलब्धियों को लेकर जनता के बीच थे, वहीं देश भर में कांग्रेस और इंडी गठबंधन ने नकारात्मकता और दुष्प्रचार, बदजुबानी की सारी सीमाएं लांघ दी। विशेषकर अपने प्रदेश छत्तीसगढ़ में, जहां की तासीर के बारे में सारा देश जानता है, जो सभ्यता और संस्कृति के लिए देश-दुनिया में प्रशंसित चर्चित है। वहाँ पर कांग्रेस ने जिस तरह का झूठ, दुष्प्रचार और शालीनता की सीमा पार की, उसे किसी भी सभ्य समाज में स्वीकार नहीं किया जा सकता है। प्रधानमंत्री के प्रति जिस तरह की भाषा विपक्ष ने इस्तेमाल की है, उससे हम शर्मिंदा हुए हैं। यह बिल्कुल ही अस्वीकार्य है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने राजनीति में शुचिता और विश्वास का वातावरण बहाल किया है। पिछले सौ दिन में हमने कांग्रेस द्वारा पैदा किए भरोसे के संकट को दूर कर विश्वास की फिर से बहाली की है, निस्संदेह हमें तीसरे चरण में भी जनता का अभूतपूर्व समर्थन मिलने जा रहा है। दोनों चरण के जो फीडबैक हमारे पास आए हैं, वह भी उत्साहजनक हैं। प्रदेश भर से जिस तरह के फीडबैक आ रहे हैं,  उससे वे इस बात के प्रति आश्वस्त हैं कि छत्तीसगढ़ में भाजपा पूरी की पूरी ग्यारह सीटें जीत कर विधानसभा चुनाव की तरह लोकसभा चुनाव में भी इतिहास बनाएगी। 

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि उनके लिए भी यह चुनाव अभियान अनेक मायनों में अनोखा रहा है। प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में जनता से सीधे जुडने का यह पहला अवसर था। इस दौरान 20 मार्च से अब  तक  छत्तीसगढ़ में 66 बड़ी जनसभाएं की। इसके अलावा छत्तीसगढ़ के बाहर मध्यप्रदेश और ओडिशा में 6 आमसभाएं और रोड शो भी की। इसी तरह कार्यकर्ताओं के सम्मेलन की दृष्टि से भी बस्तर मे 2 सहित सभी ग्यारह लोकसभा सीटों मे एक कार्यकर्ता सम्मेलन कर कुल बारह कार्यकर्ता सम्मेलन में अपनी उपस्थिति दी। श्री साय चुनाव प्रचार के क्रम में 24 बड़े सामाजिक सम्मेलनों में भी शिरकत की। इस तरह लगभग हर विधानसभा में कम से कम एक कार्यक्रम हुआ। कुल मिलाकर 45 दिनों में 106 से ज्यादा बार जनसमूह से सीधे संवाद का अवसर मिला।

श्री साय ने कहा कि प्रदेश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपाध्यक्ष जेपी नड़ड़ा , गृह मंत्री अमित शाह समेत सभी लोकप्रिय राष्ट्रीय नेताओं की भी लगातार सभाएं हुई, जिससे भाजपा के पक्ष में और अधिक सकारात्मक वातावरण का निर्माण हुआ। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री किरण देव जी और प्रदेश के सभी नेताओं की भी सभाओं में सक्रियता रही। हमारे संगठन मंत्री श्री अजय जामवाल और श्री पवन साय, प्रदेश चुनाव प्रभारी श्री नितिन नबीन समेत सभी नेताओं ने परिश्रम की पराकाष्ठा  की। 
उन्होंने कहा कि भाजपा इस चुनाव में मोदीजी की सरकार की दस वर्ष की उपलब्धियों और प्रदेश सरकार की मोदी गारंटियों को पूरा करने का संदेश जनता तक ले जा पाने में सफल हुई है, यही कारण है कि वे परिणाम के प्रति पूरी तरह आश्वस्त हैं।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news