ताजा खबर
नयी दिल्ली, 24 जून। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू ने सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता भर्तृहरि महताब से, उनके प्रोटेम स्पीकर के पद की शपथ लेने से पहले मुलाकात की।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार को महताब को 18वीं लोकसभा के प्रोटेम स्पीकर पद की शपथ दिलायी।
रीजीजू के साथ उनके मंत्रिमंडल के सहयोगी अर्जुन राम मेघवाल और एल. मुरुगन ने भी महताब से मुलाकात की।
रीजीजू ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘श्री भर्तृहरि महताब जी के लोकसभा के प्रोटेम स्पीकर के तौर पर शपथ ग्रहण करने से पहले उनसे मुलाकात करने का सौभाग्य मिला।
उन्होंने कहा, ‘‘इस सफर की शुरुआत करते हुए उनका ज्ञान और अनुभव अमूल्य है। एक साथ मिलकर काम करने के लिए उत्साहित हूं। उन्हें शुभकामनाएं।’’
महताब को 24 और 25 जून को लोकसभा की कार्यवाही की अध्यक्षता करने की जिम्मेदारी सौंपी गयी है जब नए सदस्य शपथ लेंगे। पीठासीन अधिकारियों की एक समिति उनकी सहायता करेगी।
सात बार के लोकसभा सदस्य महताब की देखरेख में बुधवार को नए अध्यक्ष का चुनाव होगा। (भाषा)