राजनांदगांव

चिटफंड से वसूले 11 करोड़ राशि 16 हजार निवेशकों के खाते में जमा
05-Feb-2022 12:54 PM
चिटफंड से वसूले 11 करोड़ राशि 16 हजार निवेशकों के खाते में जमा

नांदगांव कलेक्टर चिटफंड कंपनियों के विरुद्ध चला रहे अभियान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 5 फरवरी।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निर्देशानुसार जिले में चिटफंड कंपनी के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है एवं निवेशकों की राशि उन्हें वापस लौटाई जा रही है।

कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा के नेतृत्व में चिटफंड कंपनियों पर निरंतर अभियान चलाकर संपत्तियों के कुर्की एवं नीलामी की कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में शुक्रवार को डोंगरगढ़ विकासखंड में शुभ सांई देवकान इंडिया लिमिटेड की घोटिया स्थित भूमि खसरा नंबर 344/1, 344/2 रकबा 5 एकड़, 4.72 एकड़ के नीलामी प्रक्रिया निर्विवाद से पूर्ण की गई। जिसमें बेस प्राइस 5 लाख 79 हजार 055 रुपए था। जिसके लिए अंतिम बोली 28 लाख 10 हजार रुपए में समाप्त हुई। कुल 23 लोगों द्वारा बोली लगाई गई।

गौरतलब है कि अब तक 16 हजार 942 निवेशकों को कुल 11 करोड़ 22 लाख 46 हजार 293 रुपए की राशि लौटाई जा चुकी है। याल्स्कों रियल स्टेट एण्ड एग्रो फार्मिंग लिमिटेड के 16 हजार 796 निवेशकों की 9 करोड़ 78 लाख 80 हजार 232 रूपए की राशि वापस की गई।

वर्तमान में मटिया स्थित कुछ संपत्तियों की नीलामी से लगभग 34 लाख रुपए प्राप्त हुए हैं। ग्राम मटिया, साल्हे एवं हरडुवा के शेष संपत्तियों की नीलामी की कार्रवाई जारी है। एव्हीएम रियल स्टेट एंड एलाईड लिमिटेड के 46 निवेशकों को 46 लाख 23 हजार 630 रुपए की राशि लौटाई गई। सेबी के आदेशानुसार कंपनी के कुल 46 निवेशक थे। सभी निवेशकों को शत-प्रतिशत राशि लौटाई जा चुकी है। अनमोल इंडिया एग्रो हर्बल फार्मिंग एंड डेयरीज केयर कंपनी लिमिटेड के 100 निवेशकों को 97 लाख 42 हजार 431 रुपए की राशि लौटाई गई। वर्तमान में 386 निवेशकों को भुगतान हेतु 63 लाख रुपए बैंक ड्राफ्ट तैयार कराए जा रहे हैं। जल्द ही निवेशकों को वितरण किया जाएगा।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news