राजनांदगांव

ग्रामीण नदी का पानी पीने मजबूर
06-Feb-2022 2:40 PM
 ग्रामीण नदी का पानी पीने मजबूर

पानी लेने नदी तक सफर करना मजबूरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
गंडई, 06 फरवरी।
ग्राम पंचायत जंगलपुर घाट के आश्रित ग्राम खैरा नवापारा में पेयजल की समस्या से ग्रामीण जूझ रहे हैं। ग्राम की महिलाएं गांव से लगभग 2 किमी दूर सुरही नदी तक का सफर तय कर पानी लाने मजबूर हो रहे हैं।

ग्राम की महिलाओं ने बताया कि गांव में 3 हैंडपंप है, पर तीनों का हाल-बेहाल है। इस कारण नदी से पानी लाकर पीना पड़ता है। मामले को लेकर विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों को भी मौखिक सूचना दी गई है, परन्तु इस ओर कोई सार्थक कदम नहीं उठाया गया है। जिसका नतीजा ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है। सुबह-शाम गांव की महिलाएं घर से 2 किमी दूर सुरही नदी से बर्तनों में पानी भरकर लाती है। महिलाओं का कहना है कि गांव में 3 हैंडपंप है। जिसमें से एक में मोटर पंप लगा हुआ है,पर मोटरपंप जल गया है। दूसरा हैंडपंप खराब है। वहीं तीसरे हैंडपंप का पाईप फट गया है। इस कारण पानी न के बराबर निकलता है।

पीने की पानी की समस्या को लेकर उक्त पूरे मामले की जानकारी ग्रामीणों ने जिला पंचायत सदस्य ममता राजेश पाल को दी। इस पर श्रीमती पाल उक्त ग्राम में ग्रामीणों के बीच पहुंचकर पानी की समस्या को दूर करने का भरोसा दिया। जिला पंचायत सदस्य श्रीमती पाल ने कहा कि ग्राम खैरानवापारा के ग्रामीणों ने पेयजल की समस्या को लेकर जानकारी दी है। मौके का निरीक्षण कर ग्रामीणों से रूबरू हुए। उन्होंने कहा कि उक्त मामले पर पीएचई के एसडीओ पलक कोठारी से बात हुई है। 48 घंटे के अंदर सुधार करवाने कहा गया। एसडीओ ने जल्द ही सुधार करवाने का आश्वासन दिया है। श्रीमती पाल ने कहा कि अगर 48 घंटे के अंदर समस्या का निवारण नहीं होता है तो ग्रामीणों के साथ पीएचई विभाग का घेराव कर सकते हैं। छुईखदान के पीएचई विभाग एसडीओ पलक कोठारी ने कहा कि उक्त ग्राम में दो हैंडपंप हैं। जिसमें से एक खराब है और एक में पंप लगाकर ग्रामवासी उपयोग कर रहे हैं। ग्रामीणों ने पंप हटाकर हैंडपंप लगाने की मांग की है, जिसे लगा दिया जाएगा। वैसे ग्राम में पानी की समस्या की कोई शिकायत नहीं है।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news