राजनांदगांव

विधायक छन्नी ने मोपेड से किया क्षेत्र का दौरा
12-Nov-2022 2:51 PM
विधायक छन्नी ने मोपेड से किया क्षेत्र का दौरा

धान काटती महिलाओं का बंटाया हाथ, ग्रामीणों के बीच पहुंची विधायक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 12 नवंबर।
खुज्जी विधायक छन्नी चंदू साहू ने एक बार फिर अपनी मोपेड से क्षेत्र का दौरा कर ग्रामीणों के बीच पहुंची। गृहग्राम पैरीटोला से मोपेड पर सवार होकर विधायक ने कई गांव का दौरा किया। इस बीच विधायक ने खेत में धान काटती महिलाओं का हाथ बंटाया। वहीं बाजार में सब्जियां भी खरीदी की।

विधायक श्रीमती साहू सामान्य जनसंपर्क के दौरान  पथराटोला के रास्ते गुजरते समय खेत में धान काट रही महिलाओं के पास रूक गई। यहां मौजूद चंपाबाई, कविताबाई, पनिहारिनबाई, मिलापाबाई, जीनतबाई, उत्तमबाई, गणेश्वरी, जयपाल यादव, पुष्पा सिन्हा और प्रभुरराम चंद्रवंशी से बातचीत करते उन्होंने भी फसल काटने में उनकी मदद की। उन्होंने इस बार की फसल पैदावार की जानकारी ली। किसानों ने बताया कि फसल अच्छी हुई है। कुछ नहीं रह गई है, इसलिए कटाई में देर हो रही है। किसानों ने बताया कि सरकार की योजनाओं का लाभ उन्हें मिल रहा है। न्याय योजना के तहत मिलने वाली राशि से उन्हें बड़ी मदद मिल रही है। विधायक श्रीमती साहू ने कहा कि अगहन का महीना हम कृषक वर्ग के लिए काफी महत्वपूर्ण होता है। शरद ऋतु में प्रकृति हमें अन्न से परिपूर्ण कर देती है। मौसम में आया बदलाव नई ऊर्जा और उमंग लेकर आया है।

विधायक श्रीमती साहू कल्लुबंजारी व जयसिंगटोला स्थित धान खरीदी केंद्रों में पहुंचकर वहां की की जा रही धान खरीदी का जायजा लिया। उपार्जन केंद्रों में किसी भी तरह की समस्या का उन्होंने त्वरित निदान किए जाने के निर्देश प्रबंधक को दिए। विधायक ने किसानों से चर्चा भी की। तत्पश्चात ग्राम गैंदाटोला में साप्ताहिक बाजार में पहुंचकर हरी व ताजी सब्जी की खरीददारी भी की।

पुल निर्माण का  लिया जायजा
विधायक श्रीमती साहू ने  ग्रामीणों के आवागमन का सुगम बनाने गैंदाटोला से लुलीकसा के बीच 3 करोड़ 57 लाख 77 हजार की लागत से  तैयार किए जा रहे पुल निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। ठेकेदार से उन्होंने निर्माण सामग्री की गुणवत्ता की जानकारी ली। पुल निर्माण जल्द पूरा किए जाने के निर्देश पर ठेकेदार ने आश्वासन दिया कि कार्य दिसंबर माह तक पूरा कर लिया जाएगा।

26 छात्रों को मिली साइकिल
ग्राम कल्लूबंजारी में शासन की महत्वाकांक्षी योजना सरस्वती साइकिल योजना अंतर्गत कक्षा नवमीं की 26 छात्राओं को साइकिल वितरण किया गया। इस दौरान श्रीमती साहू ने कहा कि  हमारे शासन की मंशा है कि सभी छात्र-छात्राओं को योजनाओं का लाभ मिले।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news