राजनांदगांव

भाजपा मीडिया प्रभारी की नियुक्ति रद्द, पूर्व विधायक ने जताई थी आपत्ति
28-Feb-2023 12:58 PM
भाजपा मीडिया प्रभारी की नियुक्ति रद्द, पूर्व विधायक ने जताई थी आपत्ति

पार्टी नेताओं से शिकायत
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 28 फरवरी।
जिला भाजपा किसान मोर्चा की सूची विवादों में घिर गई है। यह विवाद पूर्व विधायक रामजी भारती के कड़े विरोध के बाद सामने आया है। दरअसल जिला किसान मोर्चा अध्यक्ष हिरेन्द्र साहू ने डोंगरगढ़ के सोनकुमार सिन्हा को बतौर मीडिया प्रभारी नियुक्त कर दिया। इस बात से खफा होकर पूर्व विधायक भारती ने पार्टी नेताओं से चर्चा कर इस पर कड़ा ऐतराज जताया। बताया जा रहा है कि अध्यक्ष हिरेन्द्र साहू और सोनकुमार सिन्हा के बीच व्यक्तिगत मधुर संबंध हैं। जिसके चलते सिन्हा को मीडिया प्रभारी की जवाबदारी दी गई।

सूची जारी होते ही पूर्व विधायक भारती नाराज हो गए। उन्होंने सीधे सिन्हा को मिली जिम्मेदारी पर कड़ी नाराजगी जाहिर की। भारती ने जिलेभर के वरिष्ठ नेताओं से भी सिन्हा के तथाकथित पार्टी विरोधी गतिविधियों से अवगत कराया। जबकि साहू ने अपने अच्छे ताल्लुकात के चलते सिन्हा को अपने मोर्चे में जगह दी। बताया जा रहा है कि भारती  और सिन्हा के बीच व्यक्तिगत मनमुटाव लंबे समय से चल रहा है। सिन्हा के खिलाफ भारती कुछ मामलों को लेकर कानूनी लड़ाई लड़ रहे हैं। निजी रूप से भारती ने सिन्हा पर आरोप लगाए। जिसके कारण अदालती स्तर पर भारती लड़ रहे हैं।

बताया जा रहा है कि सूची जारी होने के कुछ घंटों के बाद सिन्हा के नाम पर आपत्ति दर्ज होते ही जिलाध्यक्ष ने सिन्हा को पद से हटा दिया। इस संबंध में अध्यक्ष हिरेन्द्र साहू ने  ‘छत्तीसगढ़’  को बताया कि पूर्व विधायक भारती की ओर से सिन्हा के नाम पर आपत्ति दर्ज की गई थी। आला नेताओं ने भी सिन्हा को हटाने निर्देशित किया। बताया जा रहा है कि सिन्हा पर भाजपा विरोधी होने का दावा करते हुए पूर्व विधायक ने कई नेताओं से तत्काल सूची से बाहर करने की मांग की। बढ़ते दबाव के चलते अध्यक्ष ने सिन्हा को  मीडिया प्रभारी पद से हटा दिया। हालांकि अब तक दूसरी नियुक्ति नहीं हुई है। बहरहाल जिला भाजपा किसान मोर्चा में जिस तरह से नाम को लेकर विवाद छिड़ा, उससे साफ है कि पार्टी के भीतर दबाव की राजनीति जोर पकड़ रही है।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news