राजनांदगांव

लालू के राज में चारा व भूपेश राज में गोबर घोटाला- रमन
30-Oct-2023 4:03 PM
लालू के राज में चारा व भूपेश  राज में गोबर घोटाला- रमन

कहा- 40 दिन बाद प्रदेश में भाजपा सरकार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 30 अक्टूबर।
बिहार का मुख्यमंत्री रहते हुए लालू यादव ने चारा घोटाला किया था, इसके लिए उन्हें तीन साल की सजा मिली। ऐसा ही घोटाला वो भी गोबर का भूपेश बघेल के राज में छत्तीसगढ़ में हुआ। पिछले पांच साल में लगभग 300 करोड़ का गोबर खरीदा गया। जिसका कोई हिसाब-किताब नहीं है। इसी तरह गौठान के नाम पर भी भ्रष्टाचार का खेल खेला गया। पीएससी परीक्षा, सरकारी भर्ती, कस्टम मिलिंग में घपला किया गया। नरवा, घुरवा, बारी के नाम पर लोगों को गुमराह किया गया। युवाओं को रोजगार के नाम पर छला गया। प्रदेश के विकास को रोक दिया गया। भ्रष्टाचार के आकंठ में डूबी हुई इस विकास विरोधी सरकार को बदलना है और विकास करने वाली भाजपा सरकार को लाना है। ग्राम बोरी में आयोजित जनसभा में उक्त बातें डॉ. रमन सिंह ने कही। 

इस दौरान उन्होंने दावा किया कि 40 दिन बाद प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता ने कांग्रेस सरकार से त्रस्त हो कर भूपेश बघेल को वापस पाटन भेजने का मन बना लिया है। उन्होंने अपनी सरकार के कार्यकाल की उपलब्धियों को गिनाया। वहीं कांग्रेस सरकार के भ्रष्टाचार और राजनांदगांव के साथ किए गए पक्षपात और अन्याय से अवगत कराया। इस मौके पर बोरी के ग्रामवासियों ने अपने नेता का गर्मजोशी से स्वागत किया। कार्यक्रम में पूर्व सांसद मधुसूदन यादव सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता व ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

केमिस्ट संघ की समस्या का होगा निदान
रविवार को शहर भ्रमण के दौरान डॉ. रमन सिंह केमिस्ट संघ के कार्यक्रम में शामिल हुए। कंचनबाग स्थित भवन में केमिस्ट संघ द्वारा उनका भव्य स्वागत किया गया। इस मौके पर एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने पूर्व मुख्यमंत्री को अपनी समस्याओं से अवगत कराया। ऑनलाईन दवा विक्रय संबंधी हो रही दिक्कतों को लेकर संघ के लोगों ने डॉ.रमन सिंह को अपनी परेशानी बताई। इस पर सिंह केंद्रीय मंत्री मनसुख मंडाविया से इस विषय पर चर्चा कर केमिस्ट संघ को उनकी समस्या के निदान का भरोसा दिलाया।

शास्त्री के चित्र पर किया माल्यार्पण
डॉ. सिंह रविवार को पं. शिवकुमार शास्त्री के निवास पर पहुंचकर उनके परिजनों से चर्चा की और उनके तैल्य चित्र पर माल्यार्पण किया। इसके अलावा श्री सिंह ने बल्देवबाग स्थित प्रेम सिंघल के निवास पहुंच कर उनके परिजनों से भेंट की।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news