राजनांदगांव

भाजपा किसानों के नाम पर राजनीति करना बंद करें-सिसोदिया
07-Jan-2021 5:32 PM
भाजपा किसानों के नाम पर राजनीति  करना बंद करें-सिसोदिया

प्रेसवार्ता में प्रदेश सरकार की गिनाईं उपलब्धियां

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 7 जनवरी।
शहर कांग्रेस कमेटी के प्रभारी अरूण सिसोदिया ने बुधवार को प्रेसवार्ता में राज्य सरकार की उपलब्धियां गिनाई। वहीं 15 साल से भाजपा द्वारा किए गए कुशानकाल के बारे में जानकारी दी। 
श्री सिसोदिया ने कहा कि मोदी सरकार के तीन काले कानून के खिलाफ देशभर में किसान आंदोलन कर रहे हैं। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की सरकार किसानों का धान समर्थन मूल्य में खरीद रही है। 20 लाख से अधिक किसानों से अभी तक 54 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी होने जा रही है। ऐसे में किसान विरोधी भाजपा और भाजपा के नेता नरेन्द्र मोदी सरकार के तीन किसान विरोधी काला कानून से जनता का ध्यान हटाने छत्तीसगढ़ में किसानों के धान खरीदी के नाम से राजनीति कर रहे हैं। किसानों के शुभचिंतक होने का ढोंग कर रहे हैं। मोदी भाजपा के किसान विरोधी चरित्र से छत्तीसगढ़ ही नहीं पूरे देशभर के किसान जान चुके हंै।

उन्होंने कहा कि धान खरीदी पर भाजपा नेता लगातार झूठ का सहारा ले रहे हैं। किसानों के हित में ठोस काम करने वाली कांग्रेस सरकार के खिलाफ भाजपा अभी से झूठा प्रचार करने लगी है। मुख्यमंत्री बघेल की सरकार ने किसानों का धान समर्थन मूल्य में खरीदा है। पहले साल 80 लाख टन से अधिक और दूसरे साल 83 लाख टन धान की खरीदी की है। भाजपा की 15 साल की सरकार में तो 15 लाख से भी कम किसानों से औसत 50 लाख टन धान ही प्रतिवर्ष खरीदा गया। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की सरकार ने पहले साल 2018-19 में 15 लाख 71 हजार किसानों से 80 लाख टन से अधिक धान खरीदा और दूसरे साल 2019-20 में 19 लाख 52 हजार किसानों से 83 लाख टन से अधिक धान खरीदा गया। इस साल 21 लाख 50 हजार से अधिक किसानों का पंजीयन हो चुका है। कांग्रेस सरकार ने किसानों का कर्ज माफ किया है। जिसकी सोच भी कभी भाजपा के पास नहीं थी।

भाजपा ने कहा था कि स्वामीनाथन कमेटी की सिफारिशें लागू करेंगे, किसानों को फसल की लागत पर डेढ़ गुना जोडक़र दाम देंगे, नहीं दिया। 
भाजपा ने कहा था 2022 तक किसानों की आय दोगुनी करेंगे, अभी तक किसानों की आय बढ़ाने कुछ भी नहीं किया। 2100 रुपए समर्थन मूल्य व 300 रुपए, 300 रुपए बोनस का झूठा वादा भी भाजपा ने किया था। भाजपा ने तो किसानों के साथ धोखाधड़ी ही की है।
प्रेसवार्ता में महापौर हेमा देशमुख, निगम अध्यक्ष हरिनारायण धकेता, हफीज खान, जितेन्द्र मुदलियार, शशिकांत अवस्थी, सुदेश देशमुख, फिरोज अंसारी, व अन्य मौजूद थे।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news