राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 10 जनवरी। जिले के गैंदाटोला क्षेत्र के एक गांव में रविवार को मवेशियों से भरी वाहन के अनियंत्रित होकर पलटने से डेढ़ दर्जन मवेशियों की मौत हो गई।
बताया गया है कि मवेशियों को तस्करी कर महाराष्ट्र ले जाया जा रहा था। गैंदाटोला से महाराष्ट्र का इलाका सटा हुआ है। बताया जा रहा है कि रविवार तडक़े मातेखेड़ा गांव में वाहन तेज रफ्तार में होने के चलते पलट गई। जिसके चलते मवेशियों की मौत हो गई।
गैंदाटोला पुलिस जांच कर रही है। पुलिस फरार चालक की खोजबीन कर रही है। हादसे में 6 मवेशी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। वाहन में करीब 30 से 40 मवेशियों को तस्करी के लिए ले जाया जा रहा था। इसी बीच यह हादसा हो गया।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार गैंदाटोला क्षेत्र के अंदरूनी इलाकों से पशु और शराब की अवैध तस्करी का मामला सामने आते रहा है। दुर्घटना होने के चलते तस्करी का मामला सामने आता रहा है। पुलिस मवेशियों से भरे वाहन के पलटने की सूचना के बाद मामले की छानबीन में जुट गई है।