इतिहास
- 17 नवंबर : रीता फारिया ने भारत के लिए जीता पहला ‘मिस वर्ल्ड खिताब’
- नयी दिल्ली, 17 नवंबर। नब्बे के दशक में भारत की सुंदरियों ने सौंदर्य जगत में जो धमाल मचाया था उसकी शुरुआत दरअसल 1966 में मुंबई की रीता फारिया ने की थी। वर्ष 1945 में जन्मी रीता भारतीय और एशियाई मूल की पहली महिला बनीं, जिन्होंने 1966 में मिस वर्ल्ड खिताब जीता। हालांकि उन्होंने सौंदर्य और ग्लैमर को अपना करियर नहीं बनाया और एक साल तक मॉडलिंग करने के बाद अपनी डॉक्टरी की पढ़ाई पूरी की और इसी को अपना करियर भी बनाया।
- लगभग दो दशक के बाद 1998 में रीता एक बार फिर फैशन की दुनिया में वापस लौटीं और उन्होंने 1998 में फेमिना मिस इंडिया की जज की भूमिका निभाई।
- देश-दुनिया के इतिहास में 17 नवम्बर की तारीख में दर्ज अन्य प्रमुख घटनाओं का सिलसिलेवार ब्यौरा इस प्रकार है:-
- 1526 : मुगल शासक बाबर ने सिंध के रास्ते पांचवीं बार भारत में प्रवेश किया और इस बार यहां अपना शासन कायम करने में सफल रहा।
- 1869 : भूमध्यसागर को लाल सागर से जोड़ने वाली सोएज नहर को दस साल के निर्माण कार्य के बाद नौवहन के लिए खोला गया। 1915 : विष्णु गोपाल पिंगले को पुणे के निकट तालेगांव जेल में फांसी पर लटकाया गया।
- 1928 : लाला लाजपत राय का निधन।
- 1932 : तीसरा गोल मेज सम्मेलन शुरू हुआ।
- 1966 : भारत की रीता फारिया ने मिस वर्ल्ड खिताब जीता। वह यह खिताब जीतने वाली एशिया की पहली महिला बनीं।
- 1966 : सोवियत संघ ने अपना एक मानवरहित सुदूर नियंत्रित यान चंद्रमा की सतह पर उतारा।
- 1989 : चेकोस्लोवाकिया में सरकार विरोधी प्रदर्शनों को पुलिस ने बेदर्दी से कुचला। हालांकि विरोध की इस आग ने उग्र रूप धारण कर लिया और अंतत: देश की कम्युनिस्ट सरकार को इस्तीफा देना पड़ा।
- 1997: मिस्र के उग्रवादियों ने लक्सर में टेंपल ऑफ हत्शेप्सुत देखने आए विदेशी पर्यटकों पर हमला किया जिसमें 60 से ज्यादा लोगों की मौत हुई।
- 2008 : वैम्पायर के प्रेम पर आधारित स्टेफनी मियर के प्रसिद्ध उपन्यास श्रृंखला ट्वालाइट सागा पर बनी पहली फिल्म का लास एंजिल्स में प्रीमियर। इस श्रृंखला की फिल्मों को दुनियाभर में बेहद लोकप्रियता मिली। (भाषा)
- 16 नवंबर : बेनजीर भुट्टो ने संभाली पाकिस्तान की सत्ता
- नयी दिल्ली, 16 नवंबर (भाषा)। बेनजीर भुट्टो को भारत के पड़ोसी देश पाकिस्तान की कद्दावर सियासी शख्सियत में शुमार किया जाता है। उन्हें एक मुस्लिम देश की पहली महिला प्रधानमंत्री होने का गौरव हासिल था। यहां यह भी उल्लेखनीय है कि उन्होंने यह पद दो बार संभाला। पहली बार वह 16 नवंबर 1988 को देश की प्रधानमंत्री चुनी गईं, जब उनकी पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी ने चुनाव में सफलता हासिल की। दूसरी बार वह 1993 में प्रधानमंत्री बनीं। हालांकि, दोनों ही बार वह अपना कार्यकाल पूरा नहीं कर पाईं।
- वर्ष 1988 में बेनजीर ने बड़ी जीत हासिल कर सरकार बनाई, लेकिन 1990 में राष्ट्रपति ग़ुलाम इसहाक खान ने उनकी सरकार को बर्ख़ास्त कर दिया। इसके बाद 1993 में वह दोबारा प्रधानमंत्री बनीं, लेकिन 1996 में भ्रष्टाचार के आरोपों में उनकी सरकार को दोबारा बर्खास्त कर दिया गया। उनका जीवन उतार चढ़ाव से भरपूर रहा और 27 दिसंबर 2007 को एक बम धमाके में उनकी मौत हो गई।
- देश-दुनिया के इतिहास में 16 नवंबर की तारीख में दर्ज अन्य प्रमुख घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है:-
- 1713 : बाला जी विश्वनाथ को साहू ने पेशवा नियुक्त किया।
- 1776 : ब्रिटिश सैनिकों ने अमेरिका की क्रांति के दौरान फोर्ट वाशिंगटन पर कब्जा किया।
- 1840 : न्यूजीलैंड आधिकारिक तौर पर ब्रिटिश उपनिवेश का हिस्सा बना।
- 1846: उर्दू के मशहूर शायर अकबर इलाहाबादी का जन्म।
- 1849 : रूस के विश्वप्रसिद्ध लेखक फ़्योदोर दोस्तोवस्की को फांसी की सज़ा। क्राइम एंड पनिशमेंट, द ईडियट और द ब्रदर्स करमाज़ोव जैसी महान कृतियों के रचयिता फ्योदोर पर एक भूमिगत संगठन का सदस्य होने का आरोप लगा और उन्हें मौत की सजा सुनाई गई।
- 1860 : भारतीय श्रमिकों का पहला जत्था दक्षिण अफ्रीका के नटाल पहुंचा।
- 1916 : रूस के ला सतान्या स्थित कारखाने में विस्फोट से 1000 लोगों की मौत।
- 1933 : अमेरिका और सोवियत संघ के बीच राजनयिक संबंध स्थापित।
- 1945 : विश्व भर की सांस्कृतिक धरोहरों का संरक्षण करने वाले यूनेस्को का गठन।
- 1973 : स्काईलैब 4 को तीन अंतरिक्ष यात्रियों के साथ केप केनेवरल से 84 दिन के अभियान पर अंतरिक्ष में भेजा गया।
- 1973: बैडमिंटन खिलाड़ी पुलेला गोपीचंद का जन्म।
- 1988 : पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी ने चुनाव में जीत हासिल की और बेनजीर भुट्टो पाकिस्तान की पहली महिला प्रधानमंत्री बनीं।
- राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के हत्यारे को आज ही के दिन दी गई थी फांसी
- नयी दिल्ली, 15 नवंबर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को विश्व इतिहास के महानतम नेताओं में शुमार किया जाता है। भारत माता को गुलामी की जंजीरों से आजाद कराने के लिए महात्मा गांधी ने जीवन भर अहिंसा और सत्याग्रह का संकल्प निभाया, लेकिन उन्हें आजादी की हवा में सांस लेना ज्यादा दिन नसीब नहीं हुआ।
- भारत 15 अगस्त 1947 को आजाद हुआ और 30 जनवरी 1948 की शाम नाथूराम गोडसे ने अहिंसा के पुजारी महात्मा गांधी के सीने में तीन गोलियां उतार दीं। इस अपराध पर गोडसे को फांसी की सजा सुनाई गई और वह 15 नवंबर 1949 का दिन था, जब उसे फांसी दी गई। यह तथ्य अपने आप में दिलचस्प है कि स्वतंत्रता संग्राम के दौरान गोडसे महात्मा गांधी के आदर्शों का मुरीद था, लेकिन एक समय ऐसा आया कि वह उनका विरोधी बन बैठा और उन्हें देश के बंटवारे का दोषी मानने लगा।
- देश-दुनिया के इतिहास में 15 नवंबर की तारीख में दर्ज अन्य प्रमुख घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है :-
- 1949 : महात्मा गांधी की जान लेने वाले नाथूराम गोडसे और इस अपराध की साजिश में उसका साथ देने वाले नारायण दत्तात्रेय आप्टे को फांसी दी गई।
- 1961 : संयुक्त राष्ट्र ने परमाणु हथियारों पर रोक लगाने का ऐलान किया।
- 1982 : भूदान आंदोलन के प्रणेता आचार्य विनायक नरहरि भावे उर्फ विनोबा भावे का निधन।
- 1988 : अल्जीयर्स में बैठक के दौरान फलस्तीन नेशनल कौंसिल ने पीएलओ के अध्यक्ष यासिर अराफात के निर्देश पर फलस्तीन की आजादी का ऐलान किया।
- 1989 : पाकिस्तान के कराची में वकार यूनुस और सचिन तेंदुलकर ने टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण किया।
- 1998 : इराक ने ऐन मौके पर संयुक्त राष्ट्र के हथियार निरीक्षकों को अपने यहां आने की इजाजत दे दी, जिससे वह ब्रिटेन और अमेरिका के हवाई हमले की मार से बच गया।
- 2000 : झारखंड भारत का 28वां राज्य बना।
- 2012 : शी चिनफिंग चीन की कम्युनिस्ट पार्टी के महासचिव बने।
- 2022: संयुक्त राष्ट्र ने दुनिया की आबादी आठ अरब होने की घोषणा की। (भाषा)
- 11 नवंबर : कई अच्छी बुरी घटनाओं का साक्षी
- नयी दिल्ली, 11 नवंबर। साल के 11वें महीने का यह 11वां दिन कई अच्छी बुरी घटनाओं के साथ इतिहास के पन्नों में दर्ज है। कई महान विभूतियों ने 11 नवंबर को जन्म लिया और इस दिन चार देशों को आजादी मिली।
- देश के पहले शिक्षा मंत्री मौलाना अबुल कलाम आजाद की जयंती 11 नवंबर को होती है, जिसे देश में ‘‘राष्ट्रीय शिक्षा दिवस’’ के रूप में मनाया जाता है।
- देश दुनिया के इतिहास में 11 नवंबर की तारीख पर दर्ज अन्य महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है:-
- 1809 - केरल में वेलुत्तम्पि ने ब्रिटिश आधिपत्य के विरुद्ध विद्रोह करने के लिए लोगों का आह्वान करते हुए एक घोषणा निकाली, जो 'कुण्डरा घोषणा' नाम से जानी जाती है।
- 1811 - कार्टाहेना कोलंबिया ने स्पेन से खुद को स्वतंत्र घोषित किया।
- 1943- भारतीय परमाणु वैज्ञानिक अनिल काकोडकर का जन्म।
- 1982 - इजराइल के सैन्य मुख्यालय में गैस विस्फोट में 60 लोगों की मौत।
- 1982 - उमाकांत मालवीय, प्रतिष्ठित कवि एवं गीतकार का निधन।
- 1888 - स्वतंत्रता सेनानी और देश के पहले शिक्षा मंत्री मौलाना अबुल कलाम आजाद का सऊदी अरब में जन्म।
- 1888- प्रसिद्ध भारतीय क्रांतिकारी और राजनीतिज्ञ जे. बी. कृपलानी का हैदराबाद (सिंध) में जन्म।
- 1918 - पोलैंड स्वतंत्र देश घोषित।
- 1966 - अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा ने अंतरिक्ष यान ‘जेमिनी-12’ प्रक्षेपित किया।
- 1973 - पहली अंतरराष्ट्रीय डाक टिकट प्रदर्शनी नयी दिल्ली में शुरू।
- 1975 - अंगोला को पुर्तग़ाल से आजादी मिली।
- 2004 - फलस्तीनी नेता एवं फलस्तीनी मुक्ति संगठन के अध्यक्ष यासिर अराफात का 75 साल की उम्र में निधन। 2008 - आधुनिक काल के प्रसिद्ध हिन्दी एवं राजस्थानी लेखक कन्हैयालाल सेठिया का निधन। (भाषा)
- 10 नवंबर : परिवहन दिवस और विज्ञान दिवस पर दुनिया को बेहतर बनाने का प्रण लेने की जरूरत
- नयी दिल्ली, 10 नवंबर। राजधानी दिल्ली और उत्तर भारत के कई राज्यों में प्रदूषण के घटने-बढ़ने को लेकर चल रही तमाम चर्चा के बीच यह जान लेना दिलचस्प होगा कि भारत में 10 नवंबर को ‘परिवहन दिवस’ के रूप में मनाया जाता है और साथ ही यूनेस्को द्वारा इस तारीख को संपूर्ण विश्व में ‘शांति एवं विकास हेतु विश्व विज्ञान दिवस’ के रूप में मनाने का चलन है।
- परिवहन दिवस के तौर पर इस दिन को मनाने की बात करें तो सड़क, रेल, वायु और जल परिवहन के विस्तार को जहां विकास से जोड़कर देखा जाता है, वहीं पर्यावरण पर इसके दुष्प्रभाव भी किसी से छिपे नहीं हैं। आज दुनियाभर के वैज्ञानिक पर्यावरण को स्वच्छ और इस दुनिया को रहने के लिए एक बेहतर स्थान बनाने का प्रयास कर रहे हैं।
- एक अन्य वजह से भी 10 नवंबर के दिन का इतिहास में विशेष महत्व है। इसी दिन विश्व की पहली मोटरसाइकिल पेश की गयी थी।
- देश दुनिया के इतिहास में 10 नवंबर की तारीख पर दर्ज अन्य महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है:-
- 1659 : शिवाजी ने प्रतापगढ़ किले के निकट अफजल खान को मार गिराया।
- 1698 : कलकत्ता को ईस्ट इंडिया कंपनी को बेच दिया गया।
- 1848 - भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के नेता सुरेन्द्रनाथ बनर्जी का जन्म।
- 1885 - गोटलिएब डेमलेर ने दुनिया की पहली मोटरसाइकिल पेश की।
- 1908 - कन्हाई लाल दत्त ने भारत की आज़ादी के लिए फाँसी के फंदे पर झूलकर शहादत दी।
- 1920 - राष्ट्रवादी ट्रेड यूनियन नेता एवं भारतीय मज़दूर संघ के संस्थापक दत्तोपन्त ठेंगडी का जन्म।
- 1983 - बिल गेट्स ने विंडोज 1.0 सार्वजनिक रूप से पेश किया।
- 1990 : चंद्रशेखर भारत के आठवें प्रधानमंत्री बने।
- 2000 - गंगा-मेकांग सम्पर्क परियोजना का कार्य प्रारम्भ। इसमें भारत, म्यामां, थाईलैण्ड, कम्बोडिया, लाओस और वियतनाम शामिल हैं।
- 2001 - भारत के तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने संयुक्त राष्ट्र महासभा को संबोधित किया।
- 2006 - श्रीलंका में तमिल समर्थक सांसद एन रविराज की हत्या।
- 2008 - भारत-कतर सम्बन्धों को रणनीतिक गहराई देते हुए दोनों देशों ने मस्कट में रक्षा और सुरक्षा समझौते पर हस्ताक्षर किए।
- 2013 - राजस्थानी भाषा के प्रसिद्ध साहित्यकार विजयदान देथा का निधन। (भाषा)
- 9 नवंबर : उत्तराखंड की स्थापना का दिन
- नयी दिल्ली, 9 नवंबर, भाषा। नौ नवंबर की तारीख इतिहास में उत्तराखंड के स्थापना दिवस के तौर पर दर्ज हैं। पृथक उत्तराखंड की मांग को लेकर कई वर्षों तक चले आंदोलन के बाद आखिरकार नौ नवंबर 2000 को उत्तराखण्ड को सत्ताइसवें राज्य के रूप में भारत गणराज्य में शामिल किया गया। वर्ष 2000 से 2006 तक इसे उत्तरांचल के नाम से पुकारा जाता था, लेकिन जनवरी 2007 में स्थानीय लोगों की भावनाओं का सम्मान करते हुए इसका आधिकारिक नाम बदलकर उत्तराखण्ड कर दिया गया।
- उत्तर प्रदेश का हिस्सा रहे उत्तराखंड की सीमाएँ उत्तर में तिब्बत और पूर्व में नेपाल से लगी हैं। पश्चिम में हिमाचल प्रदेश और दक्षिण में उत्तर प्रदेश इसकी सीमा से लगे राज्य हैं। हिन्दी और संस्कृत में उत्तराखण्ड का अर्थ उत्तरी क्षेत्र या भाग होता है। उत्तराखंड को देवभूमि के नाम से भी जाना जाता है क्योंकि कई प्राचीन धार्मिक स्थलों के साथ ही यह राज्य हिन्दू धर्म में सबसे पवित्र मानी जाने वाली देश की सबसे बड़ी नदियों गंगा और यमुना का उद्गम स्थल है।
- देश दुनिया के इतिहास में 9 नवंबर की तारीख में दर्ज अन्य महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्यौरा इस प्रकार है:-
- 1236 : रूकनुद्दीन फिरोज शाह को फांसी दी गई।
- 1270 : महान संत नामदेव का जन्म।
- 1877 : उर्दू के महान कवि और दार्शनिक मोहम्मद इकबाल का जन्म। वह सियालकोट में पैदा हुए, जो अब पाकिस्तान का हिस्सा है।
- 1922 : अल्बर्ट आइंस्टाइन को 1921 में भौतिक शास्त्र का नोबेल पुरस्कार देने का फैसला किया गया। नोबेल समिति ने किन्हीं कारणों से 1921 के पुरस्कार के विजेता का चयन 1922 में किया।
- 1943 : संयुक्त राष्ट्र राहत और पुनर्वास प्रशासन की स्थापना की गई और शुरू में 44 देशों ने इसकी स्थापना पर सहमति जता
- 1947 : जूनागढ़ को भारतीय संघ में शामिल किया गया।
- 1960 : भारत के पहले एयर चीफ मार्शल सुब्रत मुखर्जी का निधन।
- 1985 : दुनिया का सबसे चर्चित दंपति, राजकुमार चार्ल्स और राजकुमारी डायना विवाह के बाद अमेरिका पहुंचे, जहां उनका जबर्दस्त स्वागत किया गया।
- 1989 : तीन दशक तक पश्चिमी और पूर्वी बर्लिन को अलग करने वाली बर्लिन की दीवार को गिरा दिया गया। इसे 1961 में बनाया गया था और इसकी लंबाई बढ़ते बढ़ते 45 किलोमीटर तक पहुंच गई थी।
- 1989 - ब्रिटेन में मौत की सज़ा पर पूरी तरह से रोक लगाई गई।
- 1996 : एवेंडर होलीफील्ड ने तकनीकी आधार पर माइक टायसन को हराकर विश्व हैवीवेट मुक्केबाजी का खिताब तीसरी बार जीता।
- 2000 : उत्तराखंड की स्थापना। लंबे समय से चली आ रही पृथक राज्य की मांग को स्वीकार करते हुए उत्तर प्रदेश के एक हिस्से को नया राज्य बनाया गया।
- 8 नवंबर : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया नोटबंदी का ऐलान
- नयी दिल्ली, 8 नवंबर। आठ नवंबर का दिन देश की अर्थव्यवस्था के इतिहास में एक खास दिन के तौर पर दर्ज है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 2016 में इसी दिन रात आठ बजे दूरदर्शन के जरिए देश को संबोधित करते हुए 500 रुपये और 1000 रुपये के नोट बंद करने का ऐलान किया था।
- नोटबंदी की यह घोषणा उसी दिन आधी रात से लागू हो गई। इससे कुछ दिन देश में अफरातफरी का माहौल रहा और बैंकों के बाहर लंबी कतारें लगी रहीं। बाद में 500 रुपये और 2000 रुपये के नये नोट जारी किए गए। सरकार ने ऐलान किया कि उसने देश में मौजूद काले धन और नकली मुद्रा की समस्या को समाप्त करने के लिए यह कदम उठाया है।
- देश दुनिया के इतिहास में आठ नवंबर की तारीख में दर्ज अन्य कुछ घटनाओं का सिलसिलेवार ब्यौरा इस प्रकार है:-
- 1927 : देश के अनुभवी राजनीतिज्ञों में शुमार लाल कृष्ण आडवाणी का जन्म। सिंध प्रांत (अब पाकिस्तान) के कराची शहर में एक सिंधी हिंदू परिवार में पैदा हुए लाल कृष्ण आडवाणी, अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में देश के गृह मंत्री और उप प्रधानमंत्री रहे।
- 1972 : अमेरिका की केबल टेलीविजन कंपनी एचबीओ की शुरूआत। 1971 में आई फिल्म ‘समटाइम्स ए ग्रेट नोशन’ का प्रसारण किया गया।
- 1990 : आयरलैंड की जनता ने मैरी राबिन्सन को देश की पहली महिला राष्ट्रपति चुना।
- 1998: बांग्लादेश के प्रथम प्रधानमंत्री शेख मुजीब-उर-रहमान की हत्या के जुर्म में 15 लोगों को मौत की सजा सुनाई गई।
- 1991 : राहुल द्रविड़ और सचिन तेंदुलकर ने एक दिवसीय क्रिकेट में 331 रन की साझेदारी करके विश्व रिकार्ड बनाया।
- 2013 : फिलीपीन में भीषण तूफान हैयान ने कहर ढाया। दस हजार से ज्यादा लोगों की मौत और लाखों लोग बेघर हुए। तूफान ने बहुत बड़े तटीय इलाके में विध्वंस मचाया। 2016: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नोटबंदी का ऐलान किया और 500 व 1000 रुपये के नोट बंद कर दिए गए। बाद में 500 और 2000 रुपये के नए नोट जारी किए गए। इसी क्रम में 200, 100, 50 और 10 रुपये के भी नये नोट जारी किए गए।
- 2016 : तमाम आकलन और रायशुमारियों को झुठलाते हुए रिपब्लिकन पार्टी के उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप अमेरिका के 45वें राष्ट्रपति चुने गए। तमाम अनुमानों में उनकी प्रतिद्वंद्वी डेमोक्रेटिक पार्टी की प्रत्याशी हिलेरी क्लिंटन की जीत की भविष्यवाणी की गई थी।
- 6 नवंबर : सचिन तेंदुलकर की आत्मकथा का विमोचन
- नयी दिल्ली, 6 नवंबर। क्रिकेट के मैदान पर अपने बल्ले से बेहतरीन पारियां खेलने वाले भारत रत्न सचिन तेंदुलकर ने कलम से भी एक खूबसूरत पारी खेली और ‘प्लेइंग इट माई वे’ शीर्षक से क्रिकेट से जुड़े अपने अनुभवों को साझा किया। इस किताब का छह नवंबर 2014 को विमोचन हुआ था।
- वैसे तो सरल सहज सचिन का जीवन खुली किताब की तरह उनके प्रशंसकों के सामने रहा, लेकिन इस किताब के बारे में उन्होंने कहा था कि यह ‘‘मेरे लिए एक अलग तरह की पारी के समान है, जिस पर मैं पिछले तीन वर्षों से काम कर रहा था।’’ उन्होंने कहा था कि अपने खेल की ही तरह उन्होंने इस पुस्तक में अपने जीवन के विभिन्न पहलुओं का ईमानदारी के साथ वर्णन किया है।
- देश दुनिया के इतिहास में छह नवंबर की तारीख पर दर्ज कुछ अन्य महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है:-
- 1763: ब्रिटिश फौज ने मीरकासिम को हराकर पटना पर कब्जा किया।
- 1860 : अमेरिका के लोगों ने अब्राहम लिंकन को देश का राष्ट्रपति चुना।
- 1913 : दक्षिण अफ्रीका में रंगभेद नीतियों के खिलाफ महात्मा गांधी ने ‘द ग्रेट मार्च’ का नेतृत्व किया।
- 1917 : रूसी क्रांति के दूसरे दौर की शुरुआत।
- 1937 : देश के प्रमुख नौकरशाह और राजनीतिज्ञ यशवंत सिन्हा का पटना में जन्म।
- 1956 : मित्र देशों की सेनाओं ने सुएज नहर पर कब्जा किया। ब्रिटेन और फ्रांस की सेनाओं ने मिस्र के सैनिकों के खिलाफ सुएज नहर युद्ध में जीत दर्ज की।
- 1985 : हिंदी सिनेमा के सशक्त अभिनेता संजीव कुमार का निधन। ‘खिलौना’, ‘आंधी’, ‘मौसम’ और ‘अंगूर’ जैसी फिल्मों में उनके अभिनय की जमकर सराहना हुई थी।
- 1990 : नवाज शरीफ ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री का पद संभाला। वह 18 अप्रैल 1993 तक इस पद पर रहे।
- 2014 : सचिन तेंदुलकर की आत्मकथा ‘प्लेइंग इट माई वे’ का विमोचन। (भाषा)
- 5 नवंबर : भारत ने अपना पहला मंगलयान अंतरिक्ष में रवाना किया
- नयी दिल्ली, 5 नवंबर। देश के अंतरिक्ष विज्ञान इतिहास में पांच नवंबर का दिन एक खास उपलब्धि के साथ दर्ज है। भारत ने पांच नवंबर, 2013 को अपना पहला मंगलयान सफलतापूर्वक अंतरिक्ष में रवाना किया।
- भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन ने आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केन्द्र से अपने पीएसएलवी के माध्यम से इसे प्रक्षेपित किया और अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में भारत ने एक नया अध्याय लिख दिया।
- इसके साथ ही भारत मंगल की कक्षा में पहुंचने वाला पहला एशियाई देश और पहले प्रयास में ही वहां पहुंचने वाला दुनिया का पहला देश बना। सबसे कम लागत में तैयार यह अंतरिक्ष यान 24 सितंबर 2014 को मंगल की कक्षा में पहुंचा। भारत से पहले अमेरिका, रूस और यूरोपीय अंतरिक्ष एजेंसी ने लाल ग्रह की कक्षा में प्रवेश करने की ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की।
- देश दुनिया के इतिहास में पांच नवंबर की तारीख में दर्ज अन्य प्रमुख घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है:-
- 1556 : पानीपत की दूसरी लड़ाई में बैरम खान की हार के बाद भारत में मुगल ताकत बहाल।
- 1914 : फ्रांस और ब्रिटेन ने तुर्की के खिलाफ युद्ध छेड़ा। इससे पहले विश्व युद्ध का दायरा बढ़ा।
- 1930 : सामाजिक आलोचक सिंक्लेयर लुइस ने साहित्य के लिए नोबेल पुरस्कार जीता। वह यह सम्मान हासिल करने वाले पहले अमेरिकी बने।
- 1940 : फ्रेंकलिन डी रूजवेल्ट अभूतपूर्व रूप से तीसरी बार अमेरिका के राष्ट्रपति चुने गए।
- 1956 : मिस्र और इस्राइल की सेनाओं के बीच स्वेज नहर के आसपास संघर्ष के दौरान ब्रिटेन और फ्रांस की सेनाएं मिस्र पहुंचीं।
- 1994 : जार्ज फोरमैन ने माइकल मूर को हराकर 45 वर्ष की आयु में विश्व हेवीवेट चैंपियन का खिताब जीता।
- 2006 : सद्दाम हुसैन को मानवता के खिलाफ अपराधों पर मौत की सजा सुनाई गई।
- 2013 : भारत ने पहले मंगल अभियान की शुरूआत की। पहले ही प्रयास में देश का मंगलयान अपने मिशन में सफल हुआ। (भाषा)
- चार नवंबर : हैरी पॉटर श्रृंखला की पहली फिल्म का वर्ल्ड प्रीमियर
- नयी दिल्ली, 4 नवंबर। गोल मटोल चेहरे पर गोल फ्रेम वाला चश्मा पहने भोले भाले हैरी पॉटर से दुनिया का बच्चा बच्चा वाकिफ है। जे. के. रोलिंग ने अपनी किताबों में हैरी पॉटर के किरदार और एक जादुई दुनिया की रचना की, जिसमें जादू का विद्यालय, झाड़ू की सवारी और अजीब अजीब से जानवर बहुत सी कहानियों में गढ़े गए थे। इन किताबों पर बनी पहली फिल्म ‘हैरी पॉटर एंड द सारसर्स स्टोन’ का वर्ल्ड प्रीमियर 4 नवंबर 2001 को लंदन में हुआ।
- अब तक हैरी पॉटर श्रृंखला की ढेरों हॉलीवुड फिल्में बन चुकी हैं और सफलता की एक अलग ही कहानी लिख चुकी हैं। इक्कीसवीं सदी के इस सबसे मशहूर उपन्यास से 21वीं सदी की सबसे मशहूर फिल्में बनाई गई हैं। फिल्म का मुख्य किरदार हैरी पॉटर है। वह और उसके कुछ दोस्त जादू के विद्यालय में जादू सीखते हैं और कदम कदम पर हैरतअंगेज घटनाओं से दो चार होते हैं। फिल्म में अनोखे नाम वाले मिथकीय चरित्र हैं।
- देश दुनिया के इतिहास में चार नवंबर की तारीख पर दर्ज अन्य महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्यौरा इस प्रकार है।
- 1936 : प्रख्यात गणितज्ञ शकुंतला देवी का जन्म।
- 1956 : हंगरी में बगावत को कुचलने के लिए सोवियत सेनाएं वहां पहुंची।
- 1979 : ईरान में बंधक संकट की शुरूआत। तेहरान स्थित अमेरिकी दूतावास पर ईरान के उग्रवादियों ने हमला कर वहां मौजूद लोगों को बंधक बनाया। बहुत से लोगों को एक वर्ष से अधिक समय तक बंधक रखा गया।
- 1980: हॉलीवुड के पूर्व अभिनेता और कैलिफोर्निया के गवर्नर रोनाल्ड रीगन ने जिमी कार्टर को बड़े अंतर से हराकर अमेरिका में राष्ट्रपति का चुनाव जीता।
- 1995 : शिमोन पेरेज और यासर अराफात के साथ 1994 में नोबेल शांति पुरस्कार साझा करने वाले इस्राइल के प्रधानमंत्री यित्जक राबिन की एक शांति रैली के दौरान यहूदी उग्रवादियों ने हत्या कर दी।
- 2001 : जे के रोलिंग्स की मशहूर हैरी पॉटर श्रृंखला पर बनी पहली फिल्म हैरी पॉटर एंड द सारसर्स स्टोन का लंदन में प्रीमियर।
- 2008 : डेमोक्रेटिक पार्टी के बराक ओबामा अमेरिका के राष्ट्रपति बने। वह इस पद पर पहुंचे अफ्रीकी मूल के पहले अमेरिकी नागरिक थे।
- 2018 : यमुना नदी पर बने विशाल सिग्नेचर ब्रिज का उद्घाटन। लोहे की मजबूत तारों से बने 154 मीटर ऊंचे इस सुंदर ढांचे को दिल्ली का नया हस्ताक्षर कहा गया। (भाषा)
- हिंदी सिनेमा के ‘बादशाह’ शाहरूख खान का जन्मदिन
- नयी दिल्ली, 2 नवंबर। साल के 11वें महीने का यह दूसरा दिन इतिहास में बॉलीवुड के रोमांस किंग माने जाने वाले शाहरूख खान के जन्मदिन के तौर पर दर्ज है। 2 नवंबर 1965 को दिल्ली में जन्मे शाहरूख ने टेलीविजन पर धारावाहिकों के जरिए अपनी पहचान बनाने के बाद फिल्मों का रूख किया और रूपहले पर्दे पर ‘‘दीवाना’’ उनकी पहली फिल्म थी।
- कुछ फिल्मों जैसे ‘डर’, ‘अंजाम’ और ‘बाजीगर’ में नकारात्मक भूमिकाएं निभाने के अलावा शाहरूख को अधिकतर उनके प्रेम आधारित चरित्रों के लिए जाना जाता है। ‘राजू बन गया जैंटलमैन’ और ‘फिर भी दिल है हिंदुस्तानी’, ‘डुप्लीकेट’ जैसी हल्की फुल्की फिल्में हो या ‘देवदास‘, दिलवाले दुल्हनियां ले जाएंगे’ ‘माई नेम इज खान’ और ‘चक दे इंडिया’ जैसी भावपूर्ण फिल्में, शाहरूख ने अपनी बेहतरीन अदाकारी से हर किरदार में जान फूंक दी। उन्होंने ‘रईस’ और ‘डॉन’ जैसी फिल्मों में अपराध सरगना की भूमिका को भी बखूबी अंजाम दिया। हर तरह के भावों को अपने चेहरे से बड़ी सहजता से व्यक्त करने वाले शाहरूख खान तीन दशक से भी अधिक समय से हिन्दी सिनेमा के सबसे लोकप्रिय और हरदिलअजीज अभिनेताओं में शुमार हैं।
- देश दुनिया के इतिहास में दो नवंबर की तारीख पर दर्ज अन्य महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्यौरा इस प्रकार है:-
- 1833: समाज सुधारक और होम्योपैथी को बढ़ावा देने वाले महेंद्रलाल सरकार का जन्म।
- 1834: भारतीय मजदूरों को लेकर एटलस नाम का जहाज मॉरिशस पहुंचा। इस दिन को मॉरिशस में अप्रवासी दिवस के रूप में मनाया जाता है।
- 1917 : ब्रिटेन ने बालफॉर घोषणापत्र जारी किया। इसके जरिए फलस्तीन में यहूदियों के लिए एक गृह प्रदेश बसाने को सहमति दी गई।
- 1936 : ब्रिटिश ब्राडकास्टिंग कॉरपोरेशन ने आधिकारिक तौर पर अपना पहला टेलीविजन चैनल शुरू किया, जो दुनिया की पहली नियमित टेलीविजन सेवा थी।
- 1949 : हालैंड और इंडोनेशिया ने हेग समझौते पर हस्ताक्षर किए ताकि इंडोनेशिया की आजादी की घोषणा करने को लेकर पैदा हुए विवाद को समाप्त किया जा सके।
- 1950 : लेखक जार्ज बर्नाड शॉ का 94 वर्ष की आयु में निधन।
- 1976: जिमी कार्टर अमेरिका के 39वें राष्ट्रपति बने। उन्हें 2002 में नोबेल शांति पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
- 1963 : दक्षिण वियतनाम के राष्ट्रपति न्गो दिन्ह डीम की बागियों ने तख्तापलट के दौरान हत्या कर दी।
- 1965 : अभिनेता शाहरूख खान का जन्मदिन।
- 1986: बेरूत में मुस्लिम कट्टरपंथियों द्वारा बंधक बनाए गए अमेरिकी नागरिक डेविड जैकबसन को 17 माह बाद रिहा किया गया।
- 2020: काबुल विश्वविद्यालय पर बंदूकधारियों के हमले में 25 लोग हताहत हुए।
- 2020: प्रियंका राधाकृष्णन न्यूजीलैंड की भारतीय मूल की पहली मंत्री बनीं। (भाषा)
- 31 अक्टूबर : अंगरक्षकों के हाथों तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या
- नयी दिल्ली, 31 अक्टूबर। भारत के इतिहास में 31 अक्टूबर की तारीख देश की पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या के दिन के तौर पर दर्ज है।
- अपने फौलादी इरादों के लिए विख्यात और बड़े से बड़ा फैसला बेखौफ लेने वाली देश की पहली महिला प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की 31 अक्टूबर की सुबह उनके अंगरक्षकों ने हत्या कर दी थी।
- इंदिरा गांधी ने 1966 से 1977 के बीच लगातार तीन बार देश की बागडोर संभाली और उसके बाद 1980 में दोबारा इस पद पर पहुंचीं और 31 अक्टूबर 1984 को पद पर रहते हुए ही उनकी हत्या कर दी गई।
- देश-दुनिया के इतिहास में 31 अक्टूबर की तारीख में दर्ज अन्य प्रमुख घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है:-
- 1875 : वल्लभभाई पटेल का जन्म।
- 1920 : ऑल इंडिया ट्रेड यूनियन कांग्रेस का शुरूआती सत्र बम्बई में आयोजित।
- 1941 : लगभग 15 वर्ष की मेहनत के बाद दक्षिण डेकोटा की ब्लैक हिल्स में माउंट रेशमोर नेशनल म्यूजियम का काम पूरा हुआ, जहां पहाड़ियों पर अमेरिका के चार राष्ट्रपति जॉर्ज वाशिंगटन, थॉमस जेफरसन, थिओडोर रूजवेल्ट और अब्राहम लिंकन के चेहरे तराशे गए।
- 1966 : भारतीय तैराक मिहिर सेन ने पनामा नहर को तैरकर पार किया।
- 1968 : अमेरिका के राष्ट्रपति लिंडन बी जॉनसन ने उत्तरी वियतनाम में अमेरिकी बमबारी रोकने का आदेश दिया।
- 1984 : भारत की पहली और एकमात्र महिला प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की उनके सिख अंगरक्षकों के हाथों हत्या।
- 1992 : लाइबेरिया में पांच अमेरिकी नन की हत्या का ऐलान किया गया। हत्याओं के लिए चार्ल्स टेलर के प्रति आस्थावान बागियों को जिम्मेदार ठहराया गया।
- 2003: मलेशिया में महातिर युग का अंत। प्रधानमंत्री महातिर मोहम्मद ने 22 वर्ष तक सत्ता में रहने के बाद पद छोड़ा।
- 2006 : दक्षिण अफ्रीका में रंगभेद युग के राष्ट्रपति पी डब्ल्यू बोथा का 90 वर्ष की आयु में निधन।(भाषा)
- 28 अक्टूबर : माइक्रोसॉफ्ट के संस्थापक बिल गेट्स का जन्मदिन
- नयी दिल्ली, 28 अक्टूबर। बिल गेट्स का नाम किसी परिचय का मोहताज नहीं है। 28 अक्टूबर, 1955 को वाशिंगटन में जन्मे बिल ने वर्ष 1975 में पाल एलन के साथ मिलकर साफ्टवेयर कम्पनी माइक्रोसॉफ्ट की स्थापना की। तब कौन जानता था कि यह देखते ही देखते दुनिया की सबसे बड़ी साफ्टवेयर कंपनी बन जाएगी और गेट्स पर्सनल कंप्यूटर के क्षेत्र में क्रान्ति के अग्रदूत बनेंगे। उनकी तरक्की की रफ्तार का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि 32 साल के भी नहीं हुए थे और 1987 में उनका नाम अरबपतियों की फ़ोर्ब्स की सूची में आ गया और कई साल तक वह इस सूची में पहले स्थान पर रहे।
- अथाह धन होने के बावजूद बेहद सामान्य और सहज जीवन बिताने वाले बिल गेट्स अपनी कमाई का एक बड़ा हिस्सा धर्मार्थ कार्यों एवं समाज सुधार पर खर्च करते हैं। उन्होंने दो किताबें भी लिखीं हैं, द रोड अहेड और बिजनेस @ स्पीड ऑफ़ थॉट्स।
- देश दुनिया के इतिहास में 28 अक्टूबर की तारीख पर दर्ज अन्य महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्यौरा इस प्रकार है:-
- 1867: स्वामी विवेकानंद की शिष्या भगिनी निवेदिता का आयरलैंड में जन्म।
- 1886 : अमेरिका के तत्कालीन राष्ट्रपति ग्रोवर क्लेवलैंड ने फ्रांस की जनता की तरफ से अमेरिका की जनता को तोहफे के तौर पर मिले स्टैच्यू आफ लिबर्टी को राष्ट्र को समर्पित किया।
- 1914 : अमेरिका के चिकित्सा विज्ञानी जोनास एडवर्ड साल्क का जन्म, जिन्होंने पोलियो की पहली सुरक्षित और कारगर दवा ईजाद की।
- 1955 : पेप्सिको की अध्यक्ष और मुख्य कार्यकारी अधिकारी इंद्रा नूयी का जन्म।
- 1955 : अमेरिका के विश्व प्रसिद्ध कंप्यूटर प्रोग्रामर और उद्यमी बिल गेट्स का जन्म।
- 1962: क्यूबा का मिसाइल संकट हल होने से विश्व ने राहत की सांस ली। अमेरिका के राष्ट्रपति जॉन एफ कैनेडी ने रूस की इस घोषणा का स्वागत किया कि वह क्यूबा में तैनात अपने प्रक्षेपास्त्रों को निष्क्रिय करेगा।
- 1971: ग्रेट ब्रिटेन ने प्रोस्परो का प्रक्षेपण किया। यह एक्स-3 उपग्रह श्रृंखला का पहला उपग्रह था।
- 2009 : पाकिस्तान के पेशावर शहर में आत्मघाती बम हमले में 117 लोगों की मौत, 213 घायल हुए।
- 2012 - सीरिया में संघर्ष विराम का उल्लंघन, 128 लोग मारे गये। (भाषा)
- 27 अक्टूबर : देश के प्रथम दलित राष्ट्रपति के. आर. नारायणन का जन्मदिन
- नयी दिल्ली, 27 अक्टूबर। साल के दसवें महीने का 27वां दिन देश के पहले दलित राष्ट्रपति के. आर. नारायणन के जन्मदिन के तौर पर इतिहास के पन्नों में दर्ज है।
- कोचेरिल रमण नारायणन का जन्म 1920 में 27 अक्टूबर के दिन केरल के त्रावणकोर जिले में उझानूर गांव में हुआ था। अपनी अथक मेहनत के दम पर उन्होंने बेहद कठिन परिस्थितियों में न सिर्फ शिक्षा ग्रहण की, बल्कि देश के शीर्ष संवैधानिक पद पर पहुंचने का गौरव भी हासिल किया। वह 1997 से 2002 तक देश के राष्ट्रपति रहे।
- देश दुनिया के इतिहास में 27 अक्टूबर की तारीख में दर्ज अन्य महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्यौरा इस प्रकार है:- 1795 : अमेरिका और स्पेन के बीच पिंकनी की संधि पर हस्ताक्षर किए गए। इस संधि की बदौलत अमेरिका को मिसिसिपी नदी में नौवहन का अधिकार मिला।
- 1811: सिलाई मशीन का अविष्कार करने वाले आइजक मेरिट सिंगर का जन्म। उनके इस अविष्कार से कपड़ों की सिलाई का काम आसान हो गया।
- 1920: देश के पहले दलित राष्ट्रपति के. आर. नारायण का जन्म। वह देश के दसवें राष्ट्रपति बने। 1978 : मिस्र के अनवर सादात और इस्राइल के मेनाखेम बेगिन को शांति स्थापना की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान देने पर नोबेल शांति पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
- 1995 : यूक्रेन के कीव क्षेत्र में स्थित चेर्नोबिल परमाणु संयंत्र को कुछ सुरक्षा संबंधी खामियों के कारण पूर्णत: बन्द किया गया।
- 2004 : अमेरिका में बोस्टन की पेशेवर बेसबॉल टीम द बोस्टन रेड सॉक्स ने 86 बरस में पहली बार विश्व श्रृंखला जीती।
- 2017 : कातालूनिया की संसद ने स्पेन से आजादी संबंधी प्रस्ताव को मंजूर किया और सरकार को बर्खास्त करके नये चुनाव कराने के फैसले पर मोहर लगाई।
- 2021 : उच्चतम न्यायालय ने पेगासस जासूसी मामले में जांच के लिए विशेषज्ञ समिति बनाई।
- 2021 : भारत ने 5,000 किलोमीटर तक मारक क्षमता वाली अग्नि-5 मिसाइल का सफल परीक्षण किया।
- 2021 : चीन ने ठोस ईंधन से चलने वाले सस्ते एवं छोटे रॉकेट कुआझोउ-1 ए से एक ऑप्टिकल सुदूर संवेदी उपग्रह का सफल प्रक्षेपण किया।
- 2021 : वाशिंगटन ने सार्वजनिक क्षेत्र की चीनी दूरसंचार कंपनी चाइना टेलीकॉम लिमिटेड को अमेरिकी बाजार से निष्कासित किया। (भाषा)
26 अक्टूबर : जम्मू-कश्मीर का भारत में विलय
नयी दिल्ली, 26 अक्टूबर (भाषा)। साल के दसवें महीने की 26 तारीख देश के ऐतिहासिक और भौगोलिक स्वरूप के निर्धारण में बहुत खास है। यह उन दिनों की बात है, जब 1947 में बंटवारे की आंच अभी ठंडी भी नहीं हुई थी। हर तरफ अफरा-तफरी और अनिश्चितता का माहौल था। ऐसे में हमसाया देश आक्रामक हो उठा और बंटवारे के बाद अस्तित्व में आए पाकिस्तान ने कश्मीर पर हमला कर दिया।
परिस्थितियों को देखते हुए कश्मीर के राजा हरि सिंह ने 26 अक्टूबर, 1947 को अपने राज्य को भारत में मिलाने का फैसला किया। इस आशय के समझौते पर हस्ताक्षर होते ही भारतीय सेना ने जम्मू-कश्मीर पहुंचकर हमलावर पड़ोसी की सेना के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। इस लड़ाई में कश्मीर का कुछ हिस्सा पाकिस्तान के कब्जे में चला गया। कश्मीर आज तक दोनों देशों के रिश्तों में तल्खी की वजह बना हुआ है।
देश-दुनिया के इतिहास में 26 अक्टूबर की तारीख में दर्ज अन्य प्रमुख घटनाओं का सिलसिलेवार ब्यौरा इस प्रकार है:-
1890 : पत्रकार, समाज-सेवी, स्वतंत्रता सेनानी और कुशल राजनीतिज्ञ गणेशशंकर विद्यार्थी का जन्म।
1947 : बंटवारे के बाद पाकिस्तान की ओर से हमला होने पर जम्मू-कश्मीर के राजा हरि सिंह ने भारत के साथ जाना तय किया।
1947 : अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन की पत्नी और 2016 के राष्ट्रपति चुनाव में डेमोक्रेटिक पार्टी की उम्मीदवार हिलेरी क्लिंटन का जन्म। वह बराक ओबामा की सरकार में देश की विदेश मंत्री भी रहीं।
1958 : अमेरिका के पहले जेट विमान बोइंग 707 को पैन अमेरिका वर्ल्ड एयरवेज के लिए सेवा में शामिल किया गया।
1962 : चीनी हमले के मद्देनजर राष्ट्रपति ने देश में पहली बार आपातकाल की घोषणा की।
1969 : अपोलो-11 से अंतरिक्ष में गए आर्मस्ट्रांग और एल्डरिन बम्बई पहुंचे। वे चंद्रमा की सतह पर उतरने वाले पहले अंतरिक्ष यात्री थे। 1979 : दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति पार्क चुंग-ही की उनके ही पुराने मित्र और कोरियाई केन्द्रीय गुप्तचर एजेंसी के प्रमुख किम जाए-क्यू ने हत्या कर दी। उन्हें उनके इस अपराध के लिए मौत की सजा दी गई।
1994 : इज़राइल और जॉर्डन ने 46 वर्ष के युद्ध के बाद शांति संधि पर हस्ताक्षर किए।
1998 : मध्य अमेरिकी देशों मैक्सिको, होंडुरास और निकारागुआ में इतिहास का उस समय तक का सबसे घातक तूफान आने से तीन हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो गई और हजारों अन्य बेघर हो गए।
1999 : उच्चतम न्यायालय ने आजीवन कारावास की अवधि 14 वर्ष तय की।
2006 : भारत में महिलाओं को दहेज हिंसा के मामलों और घरेलू हिंसा से बचाने के लिए एक कानून पारित किया गया।
2012 : म्यांमा में हिंसक झड़पों में 64 लोगों की मौत।
2015 : उत्तर-पूर्वी अफगानिस्तान की हिंदूकुश पर्वत श्रृंखला में 7.5 तीव्रता वाले भूकंप से 398 लोगों की मौत, 2536 घायल।
- 25 अक्टूबर : स्वतंत्र भारत में लोकसभा के पहले चुनाव की प्रक्रिया शुरू
- नयी दिल्ली, 25 अक्टूबर। हमारा देश दुनिया का सबसे विशाल लोकतांत्रिक राष्ट्र है और लोकतंत्र में चुनाव के महत्व से हम सब परिचित हैं। 1947 में आजादी के बाद 25 अक्टूबर, 1951 को देश में पहले लोकसभा चुनाव की प्रक्रिया शुरू हुई, जो 21 फरवरी 1952 को संपन्न हुई। इस चुनाव में 17 करोड़ से अधिक भारतीय मतदाताओं ने भाग लिया और उन्होंने अंग्रेजों के इस अनुमान को गलत साबित कर दिया कि भारतीय समाज लोकतंत्र का दायित्व नहीं निभा पाएगा।
- पच्चीस अक्टूबर की तारीख में देश दुनिया के इतिहास में दर्ज अन्य प्रमुख घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है:-
- 1296 : संत ज्ञानेश्वर ने समाधि ली।
- 1881 : स्पेन के महान चित्रकार, मूर्तिकार और बहुमुखी प्रतिभा के धनी पाब्लो पिकासो का जन्म। वह 20वीं सदी के सबसे प्रभावशाली और महानतम कलाकारों में शामिल किए जाते हैं। 1947: कश्मीर के महाराजा हरि सिंह ने भारत सरकार से पाकिस्तानी हमले के मद्देनजर मदद की अपील की। 1950 : चीन ने कोरिया की लड़ाई में उत्तर कोरिया का साथ देते हुए दक्षिण कोरिया के खिलाफ कदम रखा। 1951 : आजादी के बाद देश में पहले लोकसभा चुनाव की प्रक्रिया शुरू।
- 1964: भारत ने अपना पहला स्वदेशी टैंक विकसित किया। इस टैंक को नाम दिया गया ‘‘विजयंत’’।
- 1964 : राष्ट्रपति कौंडा ने जाम्बिया में सत्ता संभाली। ब्रिटिश शासन से आजादी हासिल करने वाला जाम्बिया नौवां अफ्रीकी देश। 1980: उर्दू के प्रसिद्ध शायर साहिर लुधियानवी का निधन। 1983 : अमेरिका की सेना ने राष्ट्रपति रोनाल्ड रीगन के आदेश पर छोटे से कैरेबियाई द्वीप ग्रेनाडा पर कब्जा किया। इससे पहले वामपंथियों की बगावत में प्रधानमंत्री मौरिस बिशप मारे गए।
- 1990 : मेघालय के संस्थापक और राज्य के पहले मुख्यमंत्री विलियमसन अपांग संगमा का निधन। 2000 : अमेरिकी अंतरिक्ष यान डिस्कवरी 13 दिन के अभियान के बाद सकुशल धरती पर वापस लौट आया।
- 2005 : हिंदी लेखन के सशक्त हस्ताक्षर निर्मल वर्मा का निधन।
- 2005 : इराक में नये संविधान को जनमत संग्रह में बहुमत के साथ मंजूरी मिली।
- 2007 : तुर्की के लड़ाकू विमानों ने उत्तरी इराक के पहाड़ी इलाके कुर्दिस्तान में भारी बमबारी की।
- 2008 : सिक्किम के पूर्व मुख्यमंत्री नर बहादुर भंडारी को छह माह की सज़ा।
- 2009 : बगदाद में बम धमाकों से 155 लोगों की मौत तथा 721 घायल।
- 2012 : क्यूबा और हैती में ‘सैंडी’ तूफान से 65 लोगों की मौत संपत्ति का भारी नुकसान।
- 2013 - नाइजीरिया में सेना ने आतंकवादी संगठन बोको हराम के 74 आतंकवादियों का सफाया किया। (भाषा)
23 अक्टूबर : एप्पल ने बाजार में उतारा आईपॉड
नयी दिल्ली, 23 अक्टूबर (भाषा)। वर्ष 1976 में स्टीव जॉब्स द्वारा स्थापित की गई एप्पल कंपनी को संचार क्रांति के अगुवा के तौर पर पहचाना जाता है। कंप्यूटर, मोबाइल, आईपॉड सहित ढेरों उत्पाद तैयार करने वाली एप्पल के उत्पाद गुणवत्ता में बाकी सबसे बेहतर माने जाते हैं। एप्पल ने ही 2001 में 23 अक्टूबर के दिन आईपॉड को बाजार में पेश किया। छोटे से आईपॉड ने हजारों गीतों को श्रोताओं की जेब तक पहुंचाने का काम किया और इसे उस समय दुनिया का सबसे सफल तथा क्रांतिकारी उत्पाद माना गया।
देश-दुनिया के इतिहास में 23 अक्टूबर की तारीख में दर्ज अन्य महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है:-
1764 : बक्सर की लड़ाई में मीर कासिम की हार।
1850 : महिलाओं के अधिकारों को लेकर अमेरिका में पहली बार राष्ट्रीय महिला अधिकार सम्मेलन शुरू हुआ।
1940 : फुटबाल के जादूगर कहे जाने वाले पेले का जन्म। कहने को तो पेले का नाम दुनिया का बच्चा-बच्चा जानता है, लेकिन यह बहुत कम लोगों को मालूम है कि उनका पूरा नाम एडसन अरांतस डो नासिमेंतो है। ब्राजील का यह बेहतरीन खिलाड़ी अपने देश के लिए तीन बार विश्व कप जीतने वाली टीम का हिस्सा रहा।
1943 : नेताजी सुभाष चंद्र बोस द्वारा गठित आजाद हिंद फौज की रानी झांसी ब्रिगेड ने सिंगापुर में प्रशिक्षण शुरू किया।
1956 : बुडापेस्ट में व्यापक प्रदर्शन के साथ हंगरी की क्रांति का सूत्रपात। सोवियत शासन के खात्मे की मांग को लेकर हंगरी के लाखों लोग सड़कों पर उतर आए।
1956 : विश्व शांति के लिए परमाणु ऊर्जा का योगदान बढ़ाने के उद्देश्य से अन्तरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी की स्थापना के प्रस्ताव को मंजूरी। 1983 : आत्मघाती हमलावरों ने बेरूत में अमेरिका और फ्रांस की सेना की बैरकों पर विस्फोटक से भरा ट्रक चढ़ा दिया, जिससे अमेरिका के 241 और फ्रांस के 56 सैन्यकर्मियों की मौत हो गई।
2001 : एप्पल ने आईपॉड बाजार में पेश किया। नयी शताब्दी के शुरुआती वर्षों में इस उत्पाद ने संगीत के क्षेत्र में क्रांति लाने का काम किया।
2002 : मॉस्को में चेचन विद्रोहियों ने एक सांस्कृतिक केन्द्र पर हमला किया और थिएटर देखने आए तकरीबन 700 लोगों को बंधक बना लिया।
2004: जापान में भूकंप से 85 हजार लोग बेघर ।
2011: तुर्की में भीषण भूकंप से करीब 582 लोगों की मौत।
2020 : ब्रेक्जिट के बाद एक बड़े कदम के तहत जापान और ब्रिटेन ने एक द्विपक्षीय मुक्त व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर किए। 2022: भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के सबसे भारी रॉकेट ‘एलवीएम3-एम2’ ने अपने पहले वाणिज्यिक मिशन के तहत ब्रिटेन की कंपनी के 36 ब्रॉडबैंड संचार उपग्रहों को सफलतापूर्वक निर्धारित कक्षाओं में स्थापित करके इतिहास रच दिया।
- 22 अक्टूबर : भारत ने ‘चंद्रयान-1’ का सफलतापूर्वक प्रक्षेपण किया
- नयी दिल्ली, 21 अक्टूबर। इतिहास के पन्नों में 22 अक्टूबर का दिन भारत के लिए अंतरिक्ष की एक बड़ी उपलब्धि के साथ जुड़ा है। दरअसल, 22 अक्टूबर 2008 को भारत ने अपने पहले चंद्र मिशन ‘चंद्रयान-1’ का सफलतापूर्वक प्रक्षेपण किया था। श्रीहरिकोटा में प्रक्षेपण स्थल पर कई दिन की बारिश और खराब मौसम के बाद आखिरकार भारत ने इस दिन ‘चंद्रयान-1’ के रूप में अपने पहले मानवरहित चंद्र अभियान को अमली जामा पहनाया।
- देश-दुनिया के इतिहास में 22 अक्टूबर की तारीख में दर्ज अन्य प्रमुख घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है:-
- 1680 : मेवाड़ के राणा राज सिंह की अप्रत्याशित मृत्यु। हालांकि इसी वर्ष जून के महीने में उन्होंने मुगलों की घुसपैठ का बड़ी बहादुरी से जवाब दिया था।
- 1797 : फ्रांस सेना के आंद्रे-जैक्स गार्नेरिन ने सेना के लिए गुब्बारों के इस्तेमाल की हिमायत करते हुए एक विशाल गुब्बारा बनाया और करीब 3200 फुट की ऊंचाई से हवा में छलांग लगाकर पैराशूटिंग का प्रदर्शन किया।
- 1900: भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के सबसे जांबाज क्रांतिकारियों में से एक अशफ़ाक़ुल्लाह खान का जन्म।
- 1963: भारत की सबसे बड़ी बहुउद्देशीय नदी घाटी परियोजना 'भाखड़ा नांगल' राष्ट्र को समर्पित की गई।
- 1966 : ब्रिटेन के सबसे कुख्यात डबल एजेंटों में शुमार जार्ज ब्लेक दुस्साहसिक तरीके से जेल से फरार। ऐसा माना गया कि उसके जेल से भागने की योजना सोवियत संघ ने बनाई थी। 2008: भारत ने अपना पहला मानवरहित चंद्र अभियान शुरू किया और ‘चंद्रयान-1’ को सतीश धवन अंतरिक्ष केन्द्र से सफलतापूर्वक प्रक्षेपित किया।
- 2010 : विकिलीक्स ने इराक और अफगानिस्तान युद्ध से जुड़े हजारों गोपनीय अमेरिकी दस्तावेज सार्वजनिक किए। (भाषा)
- 20 अक्टूबर : भारत-चीन सीमा विवाद युद्ध में बदला
- नयी दिल्ली, 20 अक्टूबर। भारत और चीन के बीच सीमा विवाद तो खासा पुराना है, लेकिन 1959 के तिब्बती विद्रोह के बाद जब भारत ने दलाई लामा को शरण दी तो चीन ने भारत के खिलाफ जैसे मोर्चा ही खोल दिया। इसकी परिणिति 20 अक्टूबर, 1962 को दोनों देशों के बीच पूर्ण युद्ध के रूप में हुई।
- चीन की सेना ने 20 अक्टूबर, 1962 को लद्दाख में और मैकमोहन रेखा के पार एक साथ हमले शुरू किये। बर्फ से ढकी दुर्गम पहाड़ियों का इलाका होने के कारण भारत ने वहां जरूरत के अनुसार सैनिक तैनात किए थे, जबकि चीन पूरे लाव-लश्कर के साथ जंग के मैदान में उतरा था, लिहाजा यह युद्ध भारतीय सेना के लिए एक टीस बनकर रह गया।
- देश-दुनिया के इतिहास में 20 अक्टूबर की तारीख पर दर्ज अन्य प्रमुख घटनाओं का सिलसिलेवार ब्यौरा इस प्रकार है:-
- 1568 : मुगल सम्राट अकबर ने चित्तौड़गढ़ पर हमला किया।
- 1921 : फ्रांस और तुर्की के बीच अंकारा संधि पर हस्ताक्षर किए गए।
- 1962 : सीमा को लेकर लंबे विवाद के बाद भारत और चीन के बीच युद्ध की शुरुआत।
- 1973 : ऑस्ट्रेलिया के सिडनी ओपेरा हाउस को जनता के लिए खोला गया। डेनमार्क के एक वास्तुशिल्पी ने इसका डिजाइन तैयार किया था। इसका उद्घाटन महारानी एलिजाबेथ द्वितीय ने किया था।
- 1973 : दलाई लामा ब्रिटेन की पहली यात्रा पर पहुंचे।
- 1973 : वाटरगेट जांच के दौरान अमेरिका के राष्ट्रपति रिचर्ड एम निक्सन ने विशेष अभियोजक आर्चिबाल्ड कोक्स को पद से हटाया, जिसके बाद अटार्नी जनरल एलियट रिचर्डसन और डिप्टी अटार्नी जनरल विलियम डी रूकेलशॉस ने इस्तीफा दे दिया।
- 1983 : ग्रेनाडा के प्रधानमंत्री की हत्या। 2002 : दुनिया की सबसे गहरी पाइप लाइन ब्लू स्ट्रीम को तुर्की में खोला गया और प्राकृतिक गैस के परिवहन के लिए इसका इस्तेमाल शुरू हुआ।
- 2011 : लीबिया पर 40 साल तक बेखौफ शासन करने वाले तानाशाह मुअम्मर कज्जाफी की अंतरराष्ट्रीय सेना की सहायता से हुई बगावत में मौत।
- 2020 : आइसलैंड के दक्षिण पश्चिम हिस्से में 5.6 तीव्रता का भूकंप का झटका आया, जिससे राजधानी रेक्जाविक की इमारतें हिल गईं। (भाषा)
- 19 अक्टूबर : बेनजीर भुट्टो ने फिर संभाली पाकिस्तान की बागडोर
- नयी दिल्ली, 19 अक्टूबर (भाषा)। भारतीय वायुसेना के लिए 19 अक्टूबर का दिन बेहद ख़ास है। 1960 में आज ही के दिन, भारत में बने पहले फाइटर जेट मिग-21 को वायुसेना में शामिल किया गया था। इससे पहले जो भी मिग-21 विमान वायुसेना में थे वे रूस से आयातित थे। तब से लेकर अब तक मिग- 21 ने कई अहम युद्ध में बेहद अहम भूमिका निभाई है जिनमें 1971 का भारत-पाक युद्ध, 1999 का करगिल युद्ध भी शामिल है।
- पंजाब के अमृतसर में 19 अक्टूबर साल 2018 को दशहरा के दिन रावण दहन देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग ट्रेन की पटरियों पर खड़े थे। तभी अचानक पठानकोट से आ रही डीएमयू ट्रेन उस ट्रैक पर आई और लोगों को कुचलते हुए बढ़ गई। हादसे में करीब 60 लोग मारे गए और दशहरा का त्यौहार मातम में बदल गया।
- बेनजीर भुट्टो को पाकिस्तान ही नहीं, बल्कि किसी भी मुस्लिम देश की पहली प्रधानमंत्री होने का दर्जा हासिल है। पूर्व प्रधानमंत्री जुल्फिकार अली भुट्टो की संतान बेनजीर ने दो बार पाकिस्तान की बागडोर संभाली और दूसरी बार 19 अक्टूबर 1993 को देश की जनता के भारी समर्थन से इस पद पर पहुंचीं, लेकिन दोनों ही बार उनकी सरकार अपना कार्यकाल पूरा नहीं कर पाई और उन्हें बर्खास्त कर दिया गया।
- ‘पूरब की बेटी’ कही जाने वाली बेनजीर पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी की नेता के तौर पर देश में जम्हूरियत का चेहरा बनीं। उनकी लोकप्रियता बहुत से लोगों की आंख में खटकने लगी थी। 27 दिसंबर 2007 को एक चुनाव रैली के बाद उनकी हत्या कर दी गई। उनकी मौत से पाकिस्तान में जैसे लोकतंत्र की बहाली पर सवालिया निशान लग गया।
- देश दुनिया के इतिहास में 19 अक्टूबर की तारीख पर दर्ज अन्य महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्यौरा इस प्रकार है:-
- 1689 : रायगढ़ के किले पर औरंगजेब ने कब्जा किया।
- 1774 : इंग्लैंड के सुप्रीम कोर्ट के जजों और नये काउंसिल सदस्यों का एक दल ईस्ट इंडिया कंपनी द्वारा भारत में चलाए जा रहे शासन को बेहतर बनाने के लिए कलकत्ता पहुंचा।
- 1781 : ब्रिटेन के लार्ड कॉर्नवालिस ने वर्जीनिया के योर्कटाउन में अमेरिकी जनरल जार्ज वाशिंगटन के सामने समर्पण कर दिया, जिससे अमेरिकी क्रांति का अंत हुआ और देश की आजादी का रास्ता बना।
- 1812 : नेपोलियन बोनापार्ट की फ्रांसीसी सेना ने रूस से वापसी शुरू की। नेपोलियन की सेना एक महीने से रूस की लौटती सेना का पीछा कर रही थी।
- 1933 : बर्लिन ओलंपिक खेलों की आयोजन समिति ने 1936 में होने वाले ओलंपिक खेलों में पहली बार बास्केटबॉल को शामिल करने का ऐलान किया।
- 1970 : भारत में बना पहला रूसी सुपरसोनिक लड़ाकू विमान मिग 21 वायुसेना को सौंपा गया।
- 1983 : एस चंद्रशेखर ने भौतिकी के क्षेत्र में संयुक्त रूप से नोबल पुरस्कार जीता।
- 1987 : न्यूयॉर्क के वॉल स्ट्रीट में भारी बिकवाली के चलते जबर्दस्त गिरावट दर्ज की गई। इसका असर दुनिया भर के शेयर बाजारों पर हुआ।
- 1993 : बेनजीर भुट्टो ने दूसरी बार प्रधानमंत्री के तौर पर पाकिस्तान की बागडोर संभाली।
- 2003 : पोप जॉन पॉल द्वितीय ने मदर टेरेसा को धन्य घोषित किया, जो उनके संत बनने के सफर का पहला पड़ाव था। मां टेरेसा को उनके परमार्थ कार्यों के लिए 1979 में नोबल शांति पुरस्कार से सम्मानित किया गया और 2016 में संत घोषित किया गया।
- 2004: केयर इंटरनेशनल के लिए काम करने वाली ब्रिटेन की एक प्रमुख कार्यकर्ता मार्गेरेट हासन का इराक में अपहरण कर लिया गया। उस वक्त वह अपने काम पर जा रही थीं।
- 2012: सिएटल बेस्ड स्टारबक्स ने मुंबई की एक ऐतिहासिक बिल्डिंग में भारत का पहला कॉफी हाउस खोला।
- 2018: पंजाब के अमृतसर में दशहरा के दिन रावण दहन देखने के लिए ट्रेन की पटरियों पर खड़े लोगों को पठानकोट से आ रही डीएमयू ट्रेन कुचलते हुए बढ़ गई। हादसे में करीब 60 लोग मारे गए।
18 अक्टूबर : हाथी दांत, चंदन के कुख्यात तस्कर वीरप्पन को सुरक्षा बलों ने किया ढेर
नयी दिल्ली, 18 अक्टूबर। 18 अक्टूबर का दिन देश के कई राज्यों की पुलिस, सुरक्षा बलों और प्रशासन के लिए बड़ी राहत लेकर आया। वह साल 2004 का 18 अक्टूबर का दिन था जब सुरक्षा बलों ने दस्यु सरगना और कुख्यात चंदन तस्कर वीरप्पन को एक मुठभेड़ में मौत के घाट उतार कर चैन की सांस ली।
घनी मूछों वाला वीरप्पन कई दशकों तक सुरक्षा बलों के लिए सिरदर्द बना रहा। हाथी दांत के लिए सैकड़ों हाथियों की जान लेने वाले और करोड़ों रूपए के चंदन की तस्करी करने वाले वीरप्पन ने तस्करी के अपने अभियानों को अंजाम देने के दौरान करीब डेढ़ सौ से ज्यादा लोगों की जान ली और उनमें से आधे से ज्यादा पुलिसकर्मी थे।
देश दुनिया के इतिहास में 18 अक्टूबर की तारीख पर दर्ज अन्य प्रमुख घटनाओं का सिलसिलेवार ब्यौरा इस प्रकार है:-
1867 : रूस के अलास्का क्षेत्र को खरीदने के लिए अमेरिका के विदेश मंत्री विलियम सिवार्ड द्वारा किए गए करार को मंजूरी दी गई और राजधानी सितका में अमेरिकी ध्वज फहराया गया।
1922 : ब्रिटिश ब्रॉडकास्टिंग कंपनी लिमिटेड की स्थापना, जिसने 1927 में ब्रिटिश ब्रॉडकास्टिंग कॉरपोरेशन (बीबीसी) का स्थान लिया।
1931 : अमेरिकी खोजकर्ता थामस अल्वा एडिसन का वेस्ट आरेंज, न्यूजर्सी में निधन। 1989 : पूर्वी जर्मनी के कम्युनिस्ट नेता एरिक होनेकर को स्वास्थ्य समस्याओं के चलते राष्ट्र प्रमुख का पद छोड़ देना पड़ा।
1956 : महिला टेनिस में विश्व की जानी मानी खिलाड़ी मार्टिना नवरातिलोवा का प्राग में जन्म। 1967 : शुक्र ग्रह पर सफलतापूर्वक पहुंचे सोवियत संघ के पहले अंतरिक्ष यान के मिशन का समापन। वेनेरा4 नाम के इस यान का मिशन 127 दिन चला। इसने ग्रह के वातावरण के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी पृथ्वी पर भेजी।
1972 : बहुउद्दश्यीय हेलीकाप्टर एसए 315 ने बेंगलूर की परीक्षण उड़ान भरी।
1980 : पहली हिमालय कार रैली को मुंबई के ब्रेबोर्न स्टेडियम से रवाना किया गया।
2004: कुख्यात दस्यु सरगना और तस्कर वीरप्पन को सुरक्षा बलों ने एक मुठभेड़ में मार गिराया।
2007 : आठ वर्ष के स्व:निर्वासन के बाद बेनजीर भुट्टो पाकिस्तान लौटीं और कुछ ही घंटे के भीतर कराची में उनके काफिले पर बम से हमला किया गया। इस हमले में तो वह बच गईं लेकिन इसी वर्ष दिसंबर में उनकी हत्या कर दी गई।
2018 : कांग्रेस के वयोवृद्ध नेता नारायण दत्त तिवारी का निधन। उनका जन्म आज ही के दिन 1925 में हुआ था। (भाषा)
- 17 अक्टूबर : मदर टेरेसा को नोबल शांति पुरस्कार से सम्मानित किया गया
- नयी दिल्ली, 17 अक्टूबर। मदर टेरेसा को कौन नहीं जानता। यह विनम्र और स्नेहमयी मां एक रोमन कैथोलिक नन थीं और उन्होंने जीवन भर गरीब, अनाथ, लाचार और बीमार लोगों की तीमारदारी की। उन्होंने कलकत्ता (अब कोलकाता) में मिशनरीज ऑफ चैरिटी की स्थापना की और दुनियाभर में इसके केंद्रों की स्थापना कर ज्यादा से ज्यादा लोगों की सेवा करने के अपने संकल्प को आगे बढ़ाया। उन्हें 17 अक्टूबर 1979 को शांति के लिये नोबल पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।
- भारत से विशेष रूप से स्नेह रखने वाली मदर टेरेसा ने स्वेच्छा से भारतीय नागरिकता ली और 1980 में उन्हें देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से सम्मानित किया गया।
- देश-दुनिया के इतिहास में 16 अक्टूबर की तारीख पर दर्ज अन्य महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है:-
- 1605 - जलालुद्दीन मोहम्मद अकबर का निधन।
- 1817 - अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के संस्थापक सर सैयद खान का दिल्ली में जन्म हुआ।
- 1870 - कलकत्ता बंदरगाह को स्वायत्त निकाय के अंतर्गत लाया गया।
- 1874 - कोलकाता को हावड़ा से जोड़ने के लिए 1874 में हुगली नदी पर पीपे से बनाए पंटून पुल को यातायात के लिए खोला गया। इसी पुल की जगह बाद में हावड़ा ब्रिज का निर्माण किया गया।
- 1906 - स्वामी रामतीर्थ का निधन।
- 1918 - युगोस्लाविया ने खुद को गणतंत्र देश घोषित किया।
- 1920 - भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी की ताशकंद में स्थापना।
- 1940 - महात्मा गांधी ने व्यक्तिगत सत्याग्रह की घोषणा की।
- 1949- संविधान सभा ने संविधान के अनुच्छेद 370 को स्वीकार किया। इसके अंतर्गत जम्मू-कश्मीर को विशेष प्रावधान प्रदान किए गए।
- 1955 - हिंदी फिल्मों की मशहूर अभिनेत्री स्मिता पाटिल का जन्म हुआ।
- 1968 - मेक्सिको ओलंपिक में अमेरिका के दो अश्वेत खिलाड़ियों ने रंगभेद के खिलाफ मौन विरोध व्यक्त किया। 1970 - भारतीय स्पिन गेंदबाजी के धुरंधर अनिल कुंबले का जन्मदिन। कुंबले के नाम एक दुर्लभ रिकार्ड है। वह टेस्ट क्रिकेट में एक पारी में 10 विकेट लेने वाले भारत के पहले और विश्व के दूसरे खिलाड़ी हैं।
- 1979 - गरीबों और बेसहारों की मसीहा मदर टेरेसा को नोबल शांति पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
- 1994 - 1983 में देश को विश्व कप दिलाने वाले भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान कपिल देव ने अपने करियर का अंतिम एक दिवसीय मुकाबला वेस्टइंडीज के खिलाफ फरीदाबाद में खेला।
- 2003 - चीन ने अंतरिक्ष में एशिया के पहले और रूस के बाद तीसरे देश के रूप में मानव भेजने में सफलता प्राप्त की। 2007 - आयरिश लेखिका एनी एनराइट को उनके उपन्यास 'द गेदरिंग' के लिए बुकर पुरस्कार प्रदान किया गया।
- 2018 - प्रसिद्ध भारतीय शास्त्रीय गायक अरुण भादुड़ी का निधन।
- 2020 - जेसिंडा अर्डर्न के नेतृत्व में लेबर पार्टी ने न्यूजीलैंड के आम चुनाव में भारी बहुमत से फिर से जीत हासिल की। (भाषा)
- 16 अक्टूबर : लॉर्ड कर्जन ने बंगाल के विभाजन का फैसला किया
- नयी दिल्ली, 16 अक्टूबर। बंटवारे का दर्द सदा दुख देता है और साल के दसवें महीने का 16वां दिन बंगाल के बंटवारे की दुखदायी घटना से जुड़ा है। 16 अक्टूबर 1905 को हुआ बंगाल का विभाजन राष्ट्र के इतिहास में एक मोड़ ले आया और इसका हर ओर भारी विरोध हुआ। इस दिन को विरोध दिवस के रूप में मनाया गया और ढेरों जुलूस निकाले गए तथा हर तरफ वन्दे मातरम् के नारे गूंज उठे।
- दरअसल बंगाल का विभाजन जैसे पूरे देश को एक कर गया और स्कूल कॉलेज से लेकर नुक्कड़ चौराहों तक विरोध प्रदर्शन किए गए। इस दौरान विदेशी वस्तुओं के बहिष्कार और स्वदेशी वस्तुओं के प्रचार की आंधी ने अंग्रेज सरकार को हिलाकर रख दिया। बाद में इस फैसले को वापस लेने का निर्णय किया गया, लेकिन अंग्रेजों के खिलाफ विरोध की जो लहर उठी थी, वह और बलवती होती रही।
- देश-दुनिया के इतिहास में 16 अक्टूबर की तारीख पर दर्ज अन्य महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है:-
- 1788 : मराठों ने शाह आलम को दिल्ली की गद्दी पर बिठाया।
- 1868 : डेनमार्क ने निकोबार द्वीप समूह के अधिकार ब्रिटेन को बेचे और इसके साथ ही भारतीय उपमहाद्वीप से डेनमार्क के दखल का आखिरी निशान भी मिट गया।
- 1905 : भारत के तत्कालीन वायसराय लॉर्ड कर्जन के आदेश पर बंगाल का विभाजन।
- 1934 : चीन के कम्युनिस्टों ने दस हजार किलोमीटर की यात्रा शुरू की, जिससे कम्युनिस्ट क्रांति का आधार दक्षिण-पूर्व चीन से बदलकर उत्तर पश्चिम चीन हो गया और माओ त्से तुंग चीनी कम्युनिस्ट पार्टी के अविवादित नेता के रूप में उभरे।
- 1942 : बंगाल में आए प्रलयकारी तूफान में 40 हजार लोगों की मौत।
- 1951: पाकिस्तान के पहले प्रधानमंत्री लियाकत अली की एक जनसभा के दौरान हत्या कर दी गई।
- 1964 : परमाणु स्पर्धा में शामिल होने को उत्सुक चीन ने अपने पहले परमाणु बम का सफल परीक्षण किया।
- 1978 : भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान कपिल देव ने पाकिस्तान में फैसलाबाद टेस्ट से अपने क्रिकेट जीवन की शुरुआत की ।
- 2020 : कविताएं पढ़ने की अपनी खास शैली के लिए मशहूर बंगाली प्रस्तोता प्रदीप घोष का निधन। (भाषा)
- 14 अक्टूबर : भारत में आयोजित 19वें राष्ट्रमंडल खेलों का समापन
- नयी दिल्ली, 14 अक्टूबर। साल के 10वें महीने की 14 तारीख भारत में खेलों के बड़े आयोजन से जुड़ी है... दरअसल, इसी दिन 19वें राष्ट्रमंडल खेलों का समापन हुआ था।
- नयी दिल्ली में तीन अक्टूबर से 14 अक्टूबर 2010 के बीच 19वें राष्ट्रमंडल खेलों का आयोजन किया गया था। भारत ने 1982 में एशियाई खेलों के सफल आयोजन के करीब तीन दशक के बाद इतने विशाल स्तर पर किसी खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया था।
- खेलों के आयोजन के लिए पूरी दिल्ली में विशेष इंतजाम किए गए थे। खेलों की शुरुआत दिल्ली के जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में हुई और 14 अक्टूबर को यहीं इनका समापन भी हुआ।
- देश-दुनिया के इतिहास में 14 अक्टूबर की तारीख में दर्ज अन्य महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है:-
- 1882 : लाहौर में पंजाब विश्वविद्यालय की स्थापना। बंटवारे के बाद इसके दो हिस्से कर दिए गए थे और भारत के विश्वविद्यालय को शुरू में ‘पूर्वी पंजाब विश्वविद्यालय’ (ईपीयू) कहा जाता था, जो शिमला में स्थित था।
- 1944 : जर्मन फील्ड मार्शल एरविन रोमेल ने एडोल्फ हिटलर की हत्या की साजिश में नाम आने के बाद जहर खाकर जान दी।
- 1964 : मार्टिन लूथर किंग जूनियर को अहिंसा के सिद्धांत का पालन करते हुए रंगभेद के खिलाफ संघर्ष के लिए नोबेल शांति पुरस्कार से नवाजा गया।
- 1994 : फलस्तीन के नेता यासिर अराफात को इजराइल के प्रधानमंत्री यित्जक राबिन और विदेश मंत्री शिमोन पेरेज के साथ नोबेल शांति पुरस्कार के लिए चुना गया।
- 2010 : दिल्ली में तीन अक्टूबर को शुरू हुए 19वें राष्ट्रमंडल खेलों का समापन।
- 2014 : न्यूजीलैंड के क्रिकेटर एवं पूर्व कप्तान जॉन रीड का निधन।
- 2021 : ताइवान में एक इमारत में आग लगने से 46 लोगों की मौत। (भाषा)
- 13 अक्टूबर : फिल्म जगत के बहुआयामी कलाकार किशोर कुमार की पुण्यतिथि
- नयी दिल्ली, 13 अक्टूबर। रुपहले पर्दे पर चमकने वाले सितारों की बात करें, तो इनमें किशोर कुमार की पहचान सबसे चमकदार सितारों में से एक के तौर पर होती है। शानदार अभिनेता, सुरीले गायक, उम्दा निर्माता-निर्देशक, कुशल पटकथा लेखक और बेहतरीन संगीतकार के तौर पर किशोर को एक संपूर्ण कलाकार कहा जा सकता है।
- चाहे दर्द भरे गीत हों या रूमानियत से भरे प्रेमगीत, हुल्लड़ वाले जोशीले नगमे हों या संजीदा गाने, उनकी आवाज ने हर तरह के गीतों को यादगार बना दिया। उन्होंने हिंदी के अलावा और भी बहुत सी भाषाओं में गीत गाए। उनके अभिनय और निर्देशन को भी काफी सराहना मिली। हास्य अभिनय में किशोर कुमार अनूठे और बेजोड़ थे। इस महान कलाकार ने 13 अक्टूबर 1987 को इस दुनिया को अलविदा कहा था।
- देश-दुनिया के इतिहास में 13 अक्टूबर की तारीख में दर्ज अन्य महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्यौरा इस प्रकार है:-
- 1792 : व्हाइट हाउस की नींव रखी गई। निर्माण पूरा होने के बाद यह इमारत एक नवंबर 1800 से अमेरिका के राष्ट्रपति का आधिकारिक आवास है।
- 1911 : स्वामी विवेकानंद की शिष्या मार्गेरेट एलिजाबेथ नोबेल का मात्र 43 वर्ष की आयु में निधन। उन्हें उनके गुरु ने सिस्टर निवेदिता का नाम दिया था। उन्होंने भारत में स्वामी विवेकानंद के विचारों के प्रसार के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया था।
- 1943 : इटली ने जर्मनी के खिलाफ युद्ध की घोषणा की।
- 1976 : बोलिविया के दक्षिण में एक ‘बोइंग 707’ के दुर्घटनाग्रस्त होकर रिहाइशी इलाके में गिरने से कई लोगों की मौत।
- 1987: रुपहले पर्दे के सबसे चमकदार सितारों में शुमार किशोर कुमार का निधन।
- 1999 : अटल बिहारी वाजपेयी तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री बने।
- 2010 : चिली के अटाकामा रेगिस्तान में धंसी खान में फंसे 69 श्रमिकों को काफी मशक्कत के बाद सकुशल बाहर निकाला गया।
- 2013 : मध्य प्रदेश के दतिया जिले में एक पुल पर भगदड़ मचने से 109 लोगों की मौत।
- 2016 : अमेरिका के गायक एवं गीतकर बॉब डिलन को साहित्य के लिए नोबेल पुरस्कार दिया गया। (भाषा)