राष्ट्रीय

हरियाणा के मुख्यमंत्री खट्टर और कैबिनेट मंत्रियों ने राज्यपाल को सौंपा इस्तीफा
12-Mar-2024 1:47 PM
हरियाणा के मुख्यमंत्री खट्टर और कैबिनेट मंत्रियों ने राज्यपाल को सौंपा इस्तीफा

चंडीगढ़, 12 मार्च हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर और उनके साथी कैबिनेट मंत्रियों ने प्रदेश के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय को मंगलवार को अपना इस्तीफा सौंप दिया। सूत्रों ने यह जानकारी दी।

राज्य में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और जननायक जनता पार्टी (जजपा) गठबंधन में लोकसभा चुनाव से पहले सीट बंटवारे को लेकर दरार पैदा होने की अटकलों के बीच यह घटनाक्रम सामने आया है।

मुख्यमंत्री के साथ ही राज्य मंत्रिमंडल में उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला के नेतृत्व वाली जजपा के तीन सदस्य समेत 14 मंत्री शामिल थे। इन सभी ने इस्तीफा दे दिया है।

सूत्रों ने बताया कि राज भवन में होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में नए मंत्रिमंडल के शपथ लेने की संभावना है।

भाजपा ने ‘हरियाणा निवास’ पर अपने विधायकों की बैठक बुलाई है।

केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, भाजपा द्वारा पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ और भाजपा के राज्यसभा सदस्य सुभाष बराला ‘हरियाणा निवास’ में हैं।

राज्य के शिक्षा मंत्री कंवर पाल ने अपना इस्तीफा सौंपने के बाद ‘हरियाणा निवास’ के बाहर संवाददाताओं से कहा कि खट्टर मुख्यमंत्री बने रहेंगे।

वर्तमान में, 90 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा के 41 विधायक और जजपा के 10 विधायक हैं। सत्तारूढ़ गठबंधन को सात में से छह निर्दलीय विधायकों का भी समर्थन प्राप्त है।

मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस के 30 विधायक हैं और इंडियन नेशनल लोकदल तथा हरियाणा लोकहित पार्टी के पास एक-एक सीट है।

भाजपा ने 2019 में राज्य की सभी 10 लोकसभा सीट पर जीत हासिल की थी।  (भाषा) 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news