ताजा खबर

कर्नाटक में महिला को बिजली के खंभे से बांधकर पीटने के आरोप में छह लोग गिरफ्तार
05-May-2024 9:11 AM
कर्नाटक में महिला को बिजली के खंभे से बांधकर पीटने के आरोप में छह लोग गिरफ्तार

हावेरी, 4 मई। कर्नाटक के हावेरी जिले के अरेमल्लापुर गांव में 50 वर्षीय एक महिला को कथित तौर पर बिजली के खंभे से बांधकर उसकी पिटाई करने की घटना सामने आई है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक 30 अप्रैल को राणेबेन्नूर ग्रामीण पुलिस थाना क्षेत्र में हुई इस घटना के सिलसिले में तीन महिलाओं सहित छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पीड़ित महिला का बेटा एक लड़की के साथ भाग गया है।

इस कथित घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

पुलिस ने बताया कि कुरुबा समुदाय से संबंध रखने वाली हनुमव्वा मेडलेरी का बेटा मंजूनाथ पिछले दो साल से उसी गांव की मराठा समुदाय की एक लड़की से प्यार करता था।

लेकिन, जब लड़की के परिवार को उनके रिश्ते के बारे में पता चला, तो दोनों परिवारों के बीच झगड़ा हो गया जिसके बाद मंजूनाथ गांव छोड़कर चला गया। करीब एक साल से अधिक समय से मंजूनाथ अपनी बहन के साथ उसके घर पर रह रहा था।

पुलिस के मुताबिक लड़की का परिवार उसकी शादी करने की योजना बना रहा था और इसी बीच मंजूनाथ पिछले हफ्ते अपने गांव लौटा और लड़की के साथ भाग गया।

इसके बाद, लड़की के परिवार के सदस्यों ने महिला को सड़कों पर घसीटा और उसे रस्सी से बिजली के खंभे से बांध दिया। महिलाओं के एक समूह ने उस पर हमला किया और तीन अन्य पुरुषों ने भी उन्हें इस कृत्य में प्रोत्साहित किया।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘ इस घटना की जानकारी मिलते ही हमारी पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और महिला को इलाज के लिए अस्पताल ले गई। उसके हाथों में केवल मामूली चोटें आईं और बाद में उसे छुट्टी दे दी गई। ’’

पुलिस अधिकारी ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया और इस घटना के सिलसिले में तीन पुरुषों और तीन महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया गया। (भाषा)

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news