रायगढ़

केलो में अब भी मिल रहा नालों व फैक्ट्रियों का गंदा पानी
06-Jul-2023 4:51 PM
केलो में अब भी मिल रहा नालों व फैक्ट्रियों का गंदा पानी

सीपीसीबी की रिपोर्ट में अब भी पांचवें स्तर के प्रदूषित नदियों में शामिल है केलो

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 6 जुलाई। नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल के आदेश पर सीपीसीबी ने 2018 में देश के सबसे ज्यादा प्रदूषित 351 नदीखंडों की सूची जारी की थी। इसमें केलो नदी का भी नाम था। चार साल बाद केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने दोबारा परीक्षण कर नई सूची जारी की है। इसमें केलो नदी अब भी बरकरार है। मतलब इन चार सालों में भी कुछ खास नहीं बदला है।

केलो नदी को सम्मान देने के लिए महाआरती कार्यक्रम किया गया। इसके बजाय केलो को साफ करने का काम किया जाता तो बेहतर होता। एनजीटी ने देश के 351 नदीखंडों को सबसे ज्यादा दूषित बताते हुए एसटीपी निर्माण की डेडलाइन दी थी।

छग से खारून, केलो नदी, शिवनाथ, अरपा, हसदेव और महानदी का नाम था। केलो नदी के उस 15 किमी का हिस्सा सबसे ज्यादा दूषित पाया गया जो रायगढ़ शहर के मध्य से होकर गुजरता है। नदियों को गंदा होने से बचाने के लिए शहर के गंदे पानी को सीधा छोडऩे के बजाय ट्रीटमेंट करने को कहा गया था। सभी राज्यों को इसके लिए डेडलाईन भी दी गई थी।

रायगढ़ नगर निगम ने दो-तीन बार डेडलाइन क्रॉस की। अब 2022 में सीपीसीबी ने फिर से उन्हीं नदियों की रिपोर्ट जारी की है। दूषित नदियों को पांच वर्गों में बांटा गया था, जिसमें केलो नदी पांचवी श्रेणी में है। अर्थात चार साल बाद भी केलो पूरी तरह साफ नहीं हो सकी है। सीपीसीबी के वाटर क्वॉलिटी मैनेजमेंट डिवीजन ने पॉल्यूटेड रीवर स्ट्रेचेस फॉर रिस्टोरेशन ऑफ वाटर क्वॉलिटी रिपोर्ट जारी की है। आठ नदियों के 29 लोकेशनों में पानी की गुणवत्ता परखी गई है। इसमें से 6 नदियों के 12 लोकेशनों में अभी भी गंदगी बरकरार है।

कई जगहों पर छोड़ रहे गंदा पानी

नगर निगम ने एसटीपी का निर्माण किया है लेकिन शहर के सभी नालों-नालियों को इसमें नहीं जोड़ा है। अगर पाइप लाइन बिछाई भी है तो वह नाकाफी है। चक्रपथ की तरह कई जगहों पर तकनीकी रूप से पूरा डिजाईन ही गलत है। इस वजह से कई स्थानों में अभी भी नालियों का कचरा और गंदा पानी केलो नदी में मिल रहा है। यही कारण है कि चार साल बाद भी एनजीटी के निर्देशों का पालन नहीं हो पाया है और शहर की जीवनदायिनी केलो नदी लगातार मैली हो रही है। 

अन्य पोस्ट

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news