राजनांदगांव

न खुली पुलिस चौकी, न मनकी जलाशय से मिला पानी
31-Oct-2023 2:17 PM
न खुली पुलिस चौकी, न मनकी जलाशय से मिला पानी

किसी भी वादे को पूरा नहीं कर पाए कांग्रेसी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 31 अक्टूबर।
भाजपा प्रत्याशी डॉ. रमन सिंह ने रविवार को ग्राम सुकुलदैहान में आयोजित सभा को संबोधित करते कहा कि जब भाजपा की सरकार सत्ता में थी तो विपक्ष के विधायकों का काम कभी नहीं रूका। 

विपक्ष के विधायकों ने अपने क्षेत्र के विकास के लिए जो मांगे रखी, उसे पूरा किया गया। जबकि कांग्रेस की सरकार में पक्षपता पूर्ण रवैया अपनाया गया। खासतौर पर राजनांदगांव के साथ षडयंत्र किया गया। विकास कार्यों को करना तो दूर कांग्रेसी अपने वादों को भी पूरा नहीं कर पाए। कांग्रेस द्वारा सुकुलदैहान में पुलिस चौकी बनाने, बैंक की शाखा खोलने और क्षेत्र में मनकी जलाशय का पानी पहुंचाने का वादा किया गया था, जिसे अब तक पूरा नहीं किया गया। मनकी जलाशय से पानी लाना तो दूर सर्वे भी नहीं करा सके। नांदगांव विधानसभा में विकास के कार्य ठप कर दिए गए। 

भूपेश बघेल की सरकार ने राजनांदगांव की जनता के साथ अन्याय किया है। यहां के विकास को षडय़ंत्रपूर्वक पांच साल तक रोककर रखा गया। यहां के सरकारी निर्माण से जुड़े विभागों को दूसरे शहरों में भेज दिया गया। पीडब्ल्यूडीए पाठय पुस्तक निगम, एडीबी के जैसे बड़े आफिस दुर्ग भेज दिए गए। अपने किए वादों से तो मुकर गए। इसके विपरीत जनता की मांगे भी ठुकरा दी गई। राजनांदगांव के साथ हुए इस अन्याय का बदला यहां की जनता 7 नवंबर मतदान के दिन लेगी। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी को जीताने का आग्रह किया।

डॉ. सिंह ने कहा कि नांदगांव के मतदाताओं के आशीर्वाद से वह तीन बार प्रदेश का मुख्यमंत्री बना। एक बार फिर आप सबका आशीर्वाद लेने आपके प्रत्याशी के रूप में मै आपके बीच पहुंचा हूं। उन्होंने लोगों से समर्थन मांगा और प्रदेश में फिर से भाजपा की सरकार बनाने अपील की। 

उन्होंने मंदिर में माथा टेककर भगवान से आशीर्वाद लिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार ने पांच साल तक घोटाला ही घोटाला किया। डॉ. सिंह ने मंच से घोषणा करते कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार बनते ही पहले दिन प्रदेश के 16 लाख प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रदेश की भूपेश सरकार ने केन्द्र से मिली 16 लाख प्रधानमंत्री आवास की स्वीकृति को अटका दिया है। इस वजह से लाखों परिवार योजना से वंचित हो गए। अब प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने की साथ ही इन आवासों की स्वीकृति मिल जाएगी और 16 लाख परिवारों के पक्के मकान का सपना साकार हो जाएगा।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news