राजनांदगांव

विकास के नाम पर भ्रष्टाचार का ढांचा खड़ा किया रमन ने - गिरीश
01-Nov-2023 3:38 PM
विकास के नाम पर भ्रष्टाचार का ढांचा  खड़ा किया रमन ने - गिरीश

बसंतपुर क्षेत्र के वार्डों में किया प्रचार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 1 नवंबर।
राजनांदगांव विधानसभा के कांग्रेस प्रत्याशी गिरीश देवांगन शहर में अपने धुंआधार जनसंपर्क कर जनसमर्थन जुटा रहे हैं। मंगलवार को वार्ड 43 के मां फिरंतीन मंदिर से पूजा-अर्चना कर जनसंपर्क यात्रा की शुरूआत होगी, जो वार्ड भ्रमण करते राजीव नगर वार्ड 42 एवं 46 बसंतपुर का भ्रमण करते महामाया चौक में जनसंपर्क यात्रा का समापन हुआ। जिसमें बड़ी  संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी  व कार्यकर्ता कंधे से कंधे मिलाकर चल रहे हैं।

शहरी क्षेत्र में जनसंपर्क करते गिरीश देवांगन ने कहा 15 वर्षीय मुख्यमंत्री जिस क्षेत्र का नेतृत्व करे, वहां विकास के नाम पर सिर्फ भ्रष्टाचार व कमीशन का ढांचा नजर आए तो विकास नहीं विनाश का पर्याय है और शहर को दो भागों बांटने वाला फ्लाई ओवर उस पर एक करोड़ 13 लाख की लागत का फुट ओवरब्रिज जो पावर ग्रिड कंपनी द्वारा अपने जनहित के उद्देश्य से राशि प्रदान की थी, उसकी भी दुर्गति डॉ. रमन सिंह के कार्यकाल में हुआ। प्यारेलाल स्कूल चौक में भूमिपूजन कर नए बस स्टैंड में बिना एनएचएआई से एनओसी लिए निर्माण कराया गया। जिसका ढांचा आज शहर को बदनुमा किए हुए हैं। महिला पॉलिटेक्निक कॉलेज की गुणवत्ताहीन बिल्डिंग हो या भदौरिया चौक से लेकर अग्रवाल ट्रांसपोर्ट तक के विकास के नाम पर आम जनता के घरों पर विध्वंसक कार्रवाई की। 

सडक़ चौड़ीकरण पेंड्री से सीआईटी कॉलेज तक गलत कनेक्टिविटी का बाईपास सडक़ सहित मातृ शिशु अस्पताल का भी श्रेय के चलते दो बार लोकार्पण करने का काम डॉ. रमन सिंह ने अपने कार्यकाल में किया।  एक अदूरदर्शी सोच वाले नेतृत्व के कारण विकास के नाम पर सिर्फ कमीशन-भ्रष्टाचार की जो इमारत खड़ी है, वह सीधे-सीधे राशि का दुरुपयोग है। जिसके विकास से आम जनता को कोई फायदा नहीं हुआ और सिर्फ  जनता परेशान है। ऐसे नेतृत्व को बदलने का समय आ गया है। डॉ. रमन सिंह का विधानसभा क्षेत्र की जनता आज भी  मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रही है, जो इनकी निष्क्रियता का जीता जागता उदाहरण है।

कांग्रेस मीडिया सेल के अनुसार जनसंपर्क के दौरान मन्ना यादव, मेहुल मारू,  दिनेश शर्मा,  सूर्यकांत जैन,  हरिनारायण धकेता  मानव देशमुख सहित शहर कांग्रेस पदाधिकारी,  ब्लॉक कांग्रेस पदाधिकारी,  युवा कांग्रेस,  महिला कांग्रेस सहित सभी विंगों के पदाधिकारी,  कार्यकर्ता एवं समस्त कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news