राजनांदगांव

खेल मैदान में पटाखा दुकान खोलने के विरोध में हॉकी खिलाड़ी हुए लामबंद
04-Nov-2023 3:46 PM
खेल मैदान में पटाखा दुकान खोलने के विरोध में हॉकी खिलाड़ी हुए लामबंद

म्युनिसिपल हाईस्कूल मैदान को सुरक्षित रखने की मांग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 4 नवंबर। घास से सजी म्युनिसिपल हाईस्कूल खेल मैदान में पटाखा दुकान खोलने के लिए अनुमति दिए जाने के फैसले का हॉकी खिलाड़ी विरोध कर रहे हैं। रोजाना हॉकी खेलने वाले खिलाडिय़ों का कहना है कि शहर में मैदान की कमी है। ऐसे में म्युनिसिपल हाईस्कूल मैदान को घास से सजाकर नया रूप दिया गया है। अब नगर निगम प्रशासन द्वारा पटाखा दुकान खोलने के लिए मैदान को कारोबारियों के हवाले  किए जाने की तैयारी की जा रही है। जिसका विरोध किया जा रहा है।

म्युनिसिपल स्कूल मैदान में हाल ही में हुए दशहरा पर्व में रावण दहन कार्यक्रम के बाद  मैदान के घेरे को क्षतिग्रस्त भी किया गया। अब तक इसे सुधारा नहीं जा सका है। राजू रंगारी व अब्दुल कादिर का कहना है नगर निगम द्वारा पटाखा दुकान के लिए मैदान को देने का निर्णय लिया गया है। जिसका हम विरोध कर रहे हैं। उनका कहना है कि निगम द्वारा ही स्कूल मैदान में घास लगाकर खिलाडिय़ों को सौगात दी गई। पटाखा दुकान लगने से हॉकी मैदान की सुंदरता और खिलाडिय़ों को दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा।

 लाटरी से 75 दुकानों का आबंटन

नगर निगम आयुक्त अभिषेक गुप्ता के निर्देश पर नगर निगम के सभागृह में शुक्रवार को पटाखा  दुकान के लिए लाटरी के माध्यम से 75 अस्थाई भूखंड आबंटन लाईसेंसी पटाखा व्यवसायियों को किया गया। उक्त आबंटन से नगर निगम को 2 लाख 99 हजार 325 रुपए की आय हुई है। पटाखा दुकान म्युनिसिपिल स्कूल मैदान में लगाया जाएगा। नगर निगम उपायुक्त मोबिन अली की उपस्थिति में पटाखा दुकान के लिए इच्छुक लाईसेंसी पटाखा व्यवसायियों को लाटरी के माध्यम से अस्थाई भूखंड का आबंटन किया गया।

उपायुक्त अली ने बताया कि इस वर्ष पटाखा दुकान लगाने के लिए राजस्व कार्यालय में 77 आवेदन प्राप्त हुए थे।  जिसमें से 2 का लाईसेंस नवीनीकरण नहीं होने के कारण निरस्त किया गया और 75 आवेदकों द्वारा शुल्क का भुगतान किया गया। इस वर्ष प्रति दुकान के आबंटन शुल्क में 15 प्रतिशत की वृद्धि करते 3 हजार 991 रुपए प्रति पटाखा दुकान लिया गया। जिससे नगर निगम को 2 लाख 99 हजार 3 25 रुपए की आय हुई है।

आबंटन अवसर पर राजस्व निरीक्षक हितेश ठाकुर, राजस्व उप निरीक्षक रविन्द्र ठाकुर के अलावा राजस्व विभाग का अमला सहित पटाखा  व्यवसायी उपस्थित थे।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news