राजनांदगांव

मतदान दल सामग्री लेकर रवाना
06-Nov-2023 4:14 PM
मतदान दल सामग्री लेकर रवाना

 कल सुबह 8 बजे शुरू होगी मतदान प्रक्रिया

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 06 नवंबर। प्रथम चरण के विधानसभा चुनाव की तैयारियां राजनांदगांव जिले में पूरी कर ली गई है। विधानसभावार मतदान सामग्री का वितरण सोमवार सुबह 7 बजे से शुरू किया गया। कल  7 नवंबर को सुबह 8 से शाम 5 बजे तक मतदान होगा।

जिले में डोंगरगढ़ विधानसभा अंतर्गत 173 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इसके लिए स्वामी आत्मानंद हिन्दी व अंग्रेजी माध्यम उत्कृष्ट विद्यालय डोंगरगढ़ को मतदान सामग्री वितरण केन्द्र बनाया गया था, जहां से मतदान दल को मतदान सामग्री वितरण किया गया। इसी तरह  राजनांदगांव विस अंतर्गत 223 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। यहां छत्तीसगढ़ स्टेट वेयर हाऊसिंग कार्पोरेशन बसंतपुर राजनांदगांव में मतदान दलों को मतदान सामग्री वितरण किया गया। डोंगरगांव विस अंतर्गत मतदान केन्द्रों की संख्या 252 एवं खुज्जी विस अंतर्गत मतदान केन्द्रों की संख्या 192 है। जिसके लिए डॉ. बीआर अम्बेडकर शासकीय महाविद्यालय डोंगरगांव से मतदान सामग्री का वितरण किया गया। इसी तरह डोंगरगढ़  विस में  मतदान केन्द्रों की संख्या 97 है। जिसके लिए स्टेट वेयरहाऊस पिपरिया खैरागढ़ में मतदान दलों को मतदान सामग्री वितरण किया जाएगा। इसी तरह मोहला-मानपुर-अम्बागढ़ चौकी जिला अंतर्गत आने वाले खुज्जी विस के मतदान केन्द्रों की संख्या 69 है। जिसके लिए शासकीय लाल श्याम शाह महाविद्यालय मोहला सेे मतदान दलों को मतदान सामग्री वितरण किया गया। उक्त स्थानों पर मतदान सामग्री की वापसी होगी।

 जिले में 840 मतदान केंद्र, अधिकारियों की लगी ड्यूटी

मिली जानकारी के अनुसार जिले में 840 मतदान केन्द्र के लिए 1050 पीठासीन अधिकारी, 1050 मतदान अधिकारी-1, 1050 मतदान अधिकारी-2, 1050 मतदान अधिकारी-3 के रूप में अधिकारियों-कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। जिसमें विधानसभा डोंगरगढ़ के 173 मतदान केन्द्र के लिए 216 पीठासीन अधिकारी,  216 मतदान अधिकारी-1,  216 मतदान अधिकारी-2,  216 मतदान अधिकारी-3 के रूप में अधिकारियों-कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। विधानसभा राजनांदगांव के 223 मतदान केन्द्र के लिए 279 पीठासीन अधिकारी,  279 मतदान अधिकारी-1,  279 मतदान अधिकारी-2,  279 मतदान अधिकारी-3 के रूप में अधिकारियों-कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। विधानसभा डोंगरगांव के 252 मतदान केन्द्र के लिए 315 पीठासीन अधिकारी,  315 मतदान अधिकारी-1,  315 मतदान अधिकारी-2,  315 मतदान अधिकारी-3 के रूप में अधिकारियों-कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।  विधानसभा खुज्जी के 192 मतदान केन्द्र के लिए 240 पीठासीन अधिकारी,  240 मतदान अधिकारी-1,  240 मतदान अधिकारी-2,  240 मतदान अधिकारी-3 के रूप में अधिकारियों-कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।

 मदिरा दुकानें 7 को शाम  5 बजे तक बंद

मतदान तिथि कल 7 नवम्बर के दृष्टिगत मतदान समाप्ति के 48 घंटे से लेकर मतदान समाप्ति तक शुष्क अवधि घोषित किया गया है। जिले में 7 नवंबर को होने वाले मतदान के अवसर पर 5 नवंबर शाम 5 बजे से 7 नवम्बर शाम 5 बजे तक जिले में स्थित सभी देशी,  विदेशी व कम्पोजिट की फुटकर दुकानों,  रेस्टोरेन्ट-बार,  होटल क्लब,  भांग व भांग घोटा दुकान तथा भण्डारण-भाण्डागार को बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। अभ्यर्थी,  निर्वाचन अभिकर्ता एवं संबंधित क्षेत्र के मतदाता के अलावा निर्वाचन क्षेत्र में कोई भी अन्य व्यक्ति नहीं रहेंगे। कोई भी अनाधिकृत व्यक्ति होटल,  धर्मशाला,  रेस्टहाऊस एवं अन्य स्थानों में नहीं रूकेंगे। कलेक्टर द्वारा स्थानीय निकाय को अपने-अपने क्षेत्र में सघन जांच कर विधानसभा क्षेत्र से बाहर निकालने के निर्देश दिए गए हैं।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news