रायपुर

महिला अधिकारों, न्याय व बराबरी के लिए संघर्ष तेज करने का आव्हान
13-Mar-2024 11:02 PM
महिला अधिकारों, न्याय व बराबरी के लिए संघर्ष तेज करने का आव्हान

रायपुर डिवीजन इंश्योरेंस एम्पलाईज यूनियन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 13 मार्च। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर रायपुर डिवीजन इंश्योरेंस एम्पलाईज यूनियन की महिला समिति ने  एल आई सी परिसर में सभा का आयोजन किया।

 इस दौरान महिलाओं के हकों, न्याय व बराबरी के लिये जारी संघर्ष को तेज करने का आव्हान किया गया । सभा की अध्यक्षता महिला समिति की अध्यक्ष ज्योति पाटिल तथा संचालन सचिव  अनुसूईया ठाकुर ने किया। जनगीतों व जोशीले नारों के साथ सभा  हुई। सभा को यूनियन व महिला समिति की संध्या भगत, सुजाता भोयर, वीएस बघेल, सुरेंद्र शर्मा, राजेश पराते, दिलीप भगत, धनंजय पांडे,  ज्योति पाटिल, अनुसूईया ठाकुर, कविता दीक्षित, उर्मिला केरकेट्टा एवं सीमा तिवारी ने संबोधित किया।

 वक्ताओं ने कहा कि आज हमारे देश में महिलाओं की स्थिति अत्यधिक शोचनीय है। लगातार जारी निजीकरण, ठेका प्रथा, आउट सोर्सिंग ने महिला कामगारों का शोषण तेज किया है। दूसरी ओर धार्मिक व जातीय आधारों पर थोपे जा रहे राजनीतिक विभाजनों के कारण महिलाओं पर हिंसा की घटनाओं में इजाफ़ा हुआ है। महिला पहलवानों से लेकर एक माह की बच्ची तक का यौन उत्पीडऩ और मणिपुर की हिंसा में महिलाओं को मुख्य निशाना बनाने की घटनाएँ  प्रदर्शित करती है कि स्त्रियों को दोयम दर्जे का इंसान समझने की मनोवृत्ति खतरनाक रूप से बढ़ रही है। यह हमारे देश की सामाजिक व राजनीतिक व्यवस्था हेतु गंभीर चुनौती है। वक्ताओं ने देश के सार्वजनिक संस्थाओं सहित एल आई सी के निजीकरण पर रोक लगाने की  माँग करते हुए कहा कि सार्वजनिक क्षेत्रों ने महिला कामगारों को बेहतर कार्य स्थितियों के साथ सम्मानजनक रोजगार उपलब्ध कराया है । वक्ताओं ने कहा कि आगामी आम चुनाव इस देश के मेहनतकशों को वैकल्पिक जन पक्षधर नीतियों के पक्ष में राजनीतिक परिवर्तन का मौका प्रदान कर रहे है। हमें विश्वास है कि देश के राजनीतिक क्षितिज में एक नये सूर्योदय का आगाज होगा। इस अवसर पर महिला समिति ने रायपुर शहर में  समाज सेवा के कार्यो हेतु 50 हजार  एकत्रित किया है। इस राशि से आगामी दिनों जरुरतमंदों हेतु आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जायेगी।

 कार्यक्रम के अंत में बुधवार को आल इण्डिया इंश्योरेंस एम्पलाईज एसोसिएशन के आव्हान पर एल आई सी में मेगा बिजनेस डे मनाये जाने के आव्हान को पुरजोर रूप से सफल बनाये जाने का संकल्प लिया गया।  फीबी भगत द्वारा प्रस्तुत आभार प्रदर्शन किया।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news