बेमेतरा

मोदी की गारंटी या राहुल के न्याय पर भरोसा, पिछले लोस चुनाव से इस बार मतदान में 2 फीसदी इजाफा
09-May-2024 2:51 PM
मोदी की गारंटी या राहुल के न्याय पर भरोसा, पिछले लोस चुनाव से इस बार मतदान में 2 फीसदी इजाफा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा, 9 मई। दुर्ग संसदीय सीट के लिए जिले में बीते दिवस हुए चुनाव में 75.53 फीसदी मतदान हुआ है। जिले में पुरुष मतदाताओं में से 76.19 प्रतिशत व महिलाओं में से 74.85 फीसदी मतदाताओं ने मतदान किया है। पूर्व चुनाव की अपेक्षा करीब 2 फीसदी अधिक मतदान हुआ है।

चुनाव में इस बार राजनीतिक दलों ने मतदाताओं को रिझाने हर संभव प्रयास किया। इसमें लोकलुभावन योजनाओं के साथ आर्थिक सहायता के रूप में रकम भी शामिल थे। भाजपा ने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गारंटी के रूप में प्रस्तुत किया था तो कांग्रेस ने न्याय का नाम दिया था। पिछले लोकसभा चुनाव की तुलना में इस बार करीब दो फीसदी मतदान बढ़ा है। जानकार इसे इन्हीं घोषणाओं से जोडक़र देख रहे हैं, लेकिन यह मोदी की गारंटी का परिणाम है अथवा राहुल के न्याय पर भरोसा है, इस पर अब भी संशय बरकरार है।

लोकसभा चुनाव के लिए अपनी घोषणा पत्र में भाजपा ने भाजपा ने 3 करोड़ महिलाओं को आर्थिक मदद देकर लखपति दीदी बनाने, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्का मकान सहित दर्जनों घोषणाएं की थी। देशभर में चुनाव सभा में नरेंद्र मोदी इन घोषणाओं को पूरा करने की गारंटी दे रहे है। वहीं प्रदेश के नेताओं ने विधानसभा चुनाव में महिलाओं को 12000 रुपए देने की घोषणा पर अमल का हवाला देकर वोट मांग रहे थे। दूसरी ओर कांग्रेस ने 25 न्याय योजनाओं की घोषणा की है। इसमें महिलाओं, विद्यार्थियों, बेरोजगारों सहित सभी वर्गों को फोकस किया गया है। कांग्रेस ने महालक्ष्मी न्याय योजना के तहत प्रत्येक गरीब परिवार की एक महिला को एक लाख रुपए सालाना आर्थिक सहायता देने की घोषणा कर रखी है। दोनों की राजनीतिक दलों को चुनावी अभियान लगभग इन्हीं घोषणाओं के आसपास केंद्रित रहा। लिहाजा मतदान में बढ़ोतरी को इसी का परिणाम माना जा रहा है।

पिछले चुनाव से ज्यादा मतदान इस बार हुआ

बेमेतरा जिले में 75.53 प्रतिशत मतदान हुआ। बीते लोकसभा चुनाव के दौरान साजा विधानसभा में 76.21 प्रतिशत मतदान हुआ था। इस बार बेमेतरा में पूर्व की अपेक्षा लगभग 1.73 प्रतिशत अधिक मतदान हुआ है। बेमेतरा विधानसभा में 2019 के दौरान 74.52 प्रतिशत मतदान हुआ था। इस बार इससे 2.31 फीसदी अधिक मतदान हुआ है। नवागढ़ विधानसभा में पूर्व लोकसभा चुनाव में 69.26 प्रतिशत मतदान हुआ था। नवागढ़ विधानसभा में 2.81 प्रतिशत अधिक मतदान हुआ है।

पुरुषों ने मतदान करने में महिलाओं को पीछे छोड़ा

बेमेतरा विधानसभा में पुरुष मतदाताओं की अपेक्षा महिला मतदाताओं की संख्या अधिक है। इसके बाद भी महिलाओं की अपेक्षा अधिक मतदान कर पुरुषों ने पीछे छोड़ दिया है। तीनों विधानसभा में महिलाओं की अपेक्षा पुरुष मतदाताओं की संख्या व प्रतिशत दोनों अधिक रही। चूंकि चुनावी तानाबाना में पुरुष मतदाताओं को लुभाने का प्रयास किसी भी दल द्वारा नहीं किया गया था बावजूद पुरुषों ने जागरूकता का परिचय दिया।

69480 महिलाओं ने मताधिकार का इस्तेमाल नहीं किया

जिले में 385251 महिला मतदाता हैं, जिसमें से 288371 महिलाओं ने मतदान किया है। बचीं 96480 महिलाओं ने मतदान नहीं किया। महिलाओं की संख्या बेमेतरा व नवागढ़ में महिलाओं के द्वारा डाले गये मतों की संख्या से अधिक है। बेमेतरा विधानसभा में 95259 व नवागढ़ विस में 95987 महिलाओं ने मतदान किया है। इस लिहाज से जिले में मत नहीं डालने वाली महिलाओं की कुल संख्या दोनों विधानसभा की अपेक्षा अधिक है, जो चुनाव परिणाम को प्रभावित कर सकता है। तीनों विधानसभा में महिलाओं की संख्या सवा लाख से अधिक है। बावजूद इसके किसी भी विधानसभा में मतदान करने वाली महिलाओं का आंकड़ा एक लाख तक नहीं पहुंच पाया।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news