बस्तर

देश में आपातकाल लगाने की दोषी है कांग्रेस - किरण देव
25-Jun-2024 9:52 PM
देश में आपातकाल लगाने की दोषी है कांग्रेस - किरण देव

 मीसा बंदियों के परिजनों को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने किया सम्मानित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
जगदलपुर, 25 जून।
आज भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस द्वारा देश में जबरिया थोपे गये आपातकाल की 49वीं बरसी को कालादिवस के रूप में मनाया और आपातकाल को भारतीय लोकतंत्र के इतिहास का सर्वाधिक काला अध्याय निरूपित किया।

 भाजपा जिला कार्यालय में आपातकाल काला दिवस पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक किरण देव शामिल हुये, जहां आपातकाल के समय जेलों में डाल दिये गये मीसा बंदियों के परिजनों का आत्मीय सम्मान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने किया।

 किरण देव ने कहा कि आपातकाल भारत के लोकतांत्रिक इतिहास का कलंक है, जिसे कांग्रेस के अत्याचारी शासन में देश व देशवासियों ने भोगा है। आपातकाल के संबंध में आज हिन्दुस्तान के प्रत्येक युवा व नागरिकों को जानना चाहिये। 

आपातकाल कालादिवस संगोष्ठी को संबोधित करते हुये भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने कहा कि कांग्रेस की तात्कालीन प्रधानमंत्री स्व. इंदिरा गाँधी ने 25 जून 1975 को अपनी सत्ता बचाने के लिये समूचे देश को आपातकाल की कैद में डाल दिया था। लगातार 19 महीने चले आपातकाल में नागरिकों को बोलने की स्वतंत्रता नहीं थी, समाचारपत्रों में निष्पक्ष लिखने की स्पष्ट मनाही थी, लाखों लोगों को रातोंरात जेलों में बंद कर दिया गया था। जिसने भी सरकार के विरुद्ध आवाज उठायी, उसे तत्काल गिरफ्तार किया जाता था। एक तानाशाही शासन कैसे होता है, यह कांग्रेस ने अपनी सरकार चलाने के लिये किया। किरण देव ने कहा कि देश के उन कठिनतम समय की कल्पना तक हम नहीं कर सकते कि देश के एक-एक नागरिक के मौलिक अधिकार तक कांग्रेस ने छीन लिये थे, आज उसी कांग्रेस के नुमाइंदे देश के लोकतंत्र को बचाने की दुहाई देकर ओछी राजनीति करने से बाज नही आ रहे। किरण देव ने कहा कि कांग्रेस के आपातकाल के कलंक को भारतीय जनता पार्टी कालादिवस कहती है। देश व समग्र देशवासियों को कांग्रेस की ऐसी काली और जघन्य करतूत की जानकारी होनी चाहिये। 

भाजपा जिला अध्यक्ष रुप सिंह मण्डावी ने कहा कि लोकतांत्रिक मूल्यों की हत्या करने की दोषी कांग्रेस है, देश में आपातकाल लगाकर कांग्रेस ने इसे स्वयं साबित किया था। देश में आपातकाल का वह भयावह दौर और कांग्रेस की ऐसी सच्चाई से समूचे देश को बारंबार अवगत होना चाहिये। महज सत्ता में बने रहने के स्वार्थ में कांग्रेस ने देश को आपातकाल की बेडिय़ों से जकड़ दिया था, भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित संगोष्ठी समारोह पूर्वक सम्मानित किये गये मीसा बंदियों के परिजनों में दिनेश भारती, सतीश अवस्थी, ज्ञानेंद्र कुशवाहा, ऋषि हेमाणी व अरूण शर्मा शामिल रहे। जिनका भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने शाल श्रीफल भेंट कर सम्मान किया।

अन्य पोस्ट

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news