राष्ट्रीय
गुरुग्राम, 5 नवंबर| गुरुग्राम में एक 31 वर्षीय व्यक्ति ने शादी करने के बहाने महिला के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया है। पुलिस ने गुरुवार को कहा कि आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज की गई है। महिला की शिकायत के अनुसार, उसकी पहचान वाले आरोपी इजहार उल-हक ने शादी के वादे पर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए, लेकिन बाद में जब उसने उससे शादी करने के लिए कहा, तो उसने मना कर दिया।
महिला ने पुलिस से कहा, "मेरी शादी नवंबर 2016 में दूसरे आदमी से हुई थी। मेरी शादी के दो महीने बाद हक ने मेरे घर आकर मेरे पति को हमारे संबंधों के बारे में सब कुछ बता दिया जिसके बाद मुझे मेरे घर से बाहर निकाल दिया गया।"
महिला ने आगे कहा, "बाद में हक ने मुझे शादी का प्रस्ताव दिया। 17 अगस्त को उसने मुझे गुरुग्राम के गुरुद्वारा रोड स्थित एक होटल में बुलाया और वहां उसने मुझसे दुष्कर्म किया। इस बारे में किसी को भी बताने पर उसने मुझे गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।"
आरोपी के खिलाफ सिटी पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है, गुरुग्राम पुलिस के प्रवक्ता सुभाष बोकेन ने कहा कि फरार चल रहे आरोपी को पकड़ने के लिए लोगों को शामिल किया गया है। (आईएएनएस)
नई दिल्ली, 5 नवंबर| चीन को एक सीधा संदेश देते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गुरुवार को कहा कि भारत सीमा पर कई तरह की चुनौतियों का सामना कर रहा है और हर हाल में अपनी संप्रभुता और अखंडता की रक्षा करेगा। राजनाथ सिंह ने दिल्ली में नेशनल डिफेंस कॉलेज के 60 साल पूरे होने पर एक वेबिनार में बोलते हुए कहा कि भारत एक शांति प्रिय देश है और युद्ध को रोकने की क्षमता के जरिए ही शांति सुनिश्चित की जा सकती है।
वेबिनार का विषय 'इंडियाज नेशनल सेक्युरिटी - द डेकेड अहेड' था और इसकी शुरूआत राजनाथ सिंह के मुख्य भाषण से हुई।
रक्षा मंत्री ने कहा, हमारा मानना है कि मतभेद विवाद में नहीं बदलना चाहिए। हम बातचीत के जरिए मतभेदों के शांतिपूर्ण समाधान को महत्व देते हैं। भारत एकतरफावाद और आक्रामक रवैए की स्थिति में अपनी संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता की रक्षा के लिए ²ढ़ है, चाहे हमें कोई भी बलिदान देना पड़े।
भारत और चीन पिछले सात महीने से पूर्वी लद्दाख में सीमा विवाद में उलझा हुआ है। दोनों देशों के बीच कई दौर की बातचीत के बाद भी कोई हल नहीं निकल पाया है।
दोस्ताना देशों के साथ भारत के संबंधों के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा, हमने पश्चिम में सऊदी अरब, यूएई और ओमान के साथ और पूर्व में इंडोनेशिया, वियतनाम और दक्षिण कोरिया के साथ अपने संबंधों का दायरा बढ़ाया है।
उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि पश्चिम एशिया, दक्षिण पूर्व और पूर्वी एशिया के देशों तक पहुंचने में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विशेष रुचि थी।
सिंह ने कहा, अमेरिका के साथ भारत की रणनीतिक साझेदारी पहले से ज्यादा मजबूत हुई है।
भारत के सहयोगी रूस के बारे में बात करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा, भारत के रूस के साथ मजबूत, पारंपरिक और गहरे संबंध हैं। दोनों देशों ने अतीत में कई चुनौतियों का सामना करते हुए एक दूसरे की चिंताओं और हितों को समझा है।
उन्होंने कहा कि भारत ने पाकिस्तान की गलत नीतियों को उजागर करने में पर्याप्त सफलता हासिल की है।
राजनाथ सिंह ने कहा, पाकिस्तान को छोड़ कर, भारत ने सभी पड़ोसी देशों के साथ अपने संबंध सुधारे हैं। हमने अपने दोस्तों की मदद के लिए और आपसी सहयोग और परस्पर हित के संबंध में भी काफी काम किया है।
अब पड़ोसी देशों के ज्यादा से ज्यादाअधिकारी भारत के प्रतिष्ठित नेशनल डिफेंस कॉलेज (एनडीसी) में प्रशिक्षण ले पाएंगे, क्योंकि भारत चीन के प्रभाव को कम करने के लिए दूसरे देशों से संबंध बढ़ा रहा है।
पांच नए मित्र देश - ताजिकिस्तान, इंडोनेशिया, मालदीव, उज्बेकिस्तान और फिलीपींस - अब अपने अधिकारियों को राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय सुरक्षा से संबंधित क्षेत्रों में वार्षिक प्रशिक्षण के लिए भारत भेज सकते हैं। (आईएएनएस)
भोपाल, 5 नवंबर। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद के कॉलेज पर प्रशासन ने बुलडोजर चलाया है। विधायक के कॉलेज पर यह कार्रवाई चार अवैध हिस्से को लेकर की गई है। वहीं, विधायक के समर्थकों द्वारा प्रदर्शन की आशंका के मद्देनजर भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है। गौरतलब है कि कुछ दिनों पहले भोपाल में फ्रांस के खिलाफ जंगी प्रदर्शन के दौरान आपत्तिजनक बातें कहने पर मसूद के विरुद्ध्धार्मिक भावनाएं भडक़ाने का मामला दर्ज हुआ है।
दरअसल, कांग्रेस विधायक का यह कॉलेज खानूगांव स्थित तालाब के कैचमेंट एरिया में बना है। प्रशासन ने इस कॉलेज के अवैध हिस्सों को तोड़ दिया है। विधायक के समर्थकों को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने कार्रवाई से पहले भारी पुलिस बल को तैनात किया था। डीआईजी इरशाद वली का कहना है कि विधायक पर यह कार्रवाई अतिक्रमण को लेकर की गई है।
वहीं, समर्थकों ने राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और कार्रवाई को शिवराज सरकार की तानाशाही करार दिया। हालांकि, पुलिस बल की भारी तैनाती की वजह से जल्द ही उन्हें कार्रवाई वाली जगह से हटा दिया गया।
ईंट से ईंट बजाने की दी थी चेतावनी
भोपाल मध्य से विधायक आरिफ मसूद पर आरोप है कि उन्होंने भीड़ को एकत्रित कर राजधानी के इकबाल मैदान में फ्रांस का झंडा और वहां के राष्ट्रपति का पुतला जलाया था। इस दौरान भाषण देते हुए मसूद ने कहा था कि केंद्र और राज्य की हिंदूवादी सरकार के मंत्री भी फ्रांस के कृत्य का समर्थन कर रहे हैं। हम फ्रांस के साथ हिंदुस्तान की सरकार को भी चेतावनी देते हैं कि यदि सरकार ने फ्रांस का विरोध नहीं किया तो हम हिंदुस्तान में भी ईंट से ईंट बजा देंगे। इसके बाद पुलिस ने मसूद समेत सात लोगों पर धारा 144 और धार्मिक भावनाएं भडक़ाने का मामला दर्ज किया।
धारवाड़ (कर्नाटक), 5 नवंबर| केंद्रीय जांच ब्यूरो ने गुरुवार को पूर्व मंत्री और कांग्रेस नेता विनय कुलकर्णी को 2016 में हुई भाजपा जिला पंचायत सदस्य योगेश गौड़ा की हत्या के मामले में उनकी कथित भूमिका को लेकर पूछताछ करने के लिए हिरासत में लिया है। सूत्रों के मुताबिक, कुलकर्णी को धारवाड़ टाउन पुलिस स्टेशन ले जाया गया। हत्या का मामला सबसे पहले यहीं दर्ज किया गया था। सीबीआई टीम ने पूर्व मंत्री के छोटे भाई विजय कुलकर्णी, उनके करीबी सहयोगी, कांग्रेस के कुछ नेताओं और योगेश की पत्नी से भी पूछताछ की है।
जून में सीबीआई ने उन पुलिस अधिकारियों से भी पूछताछ की थी जो योगेश गौड़ा हत्या मामले की जांच के दौरान धारवाड़ में पर्यवेक्षक अधिकारी थे।
मामले में पुलिस ने 6 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। फिर पिछले साल 24 सितंबर को मामले की जांच सीबीआई के हाथ में आने के बाद सीबीआई ने 8 लोगों को गिरफ्तार किया, जिनमें से 7 न्यायिक हिरासत में हैं और एक जमानत पर बाहर है।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक जिला पंचायत सदस्य योगेशगौड़ा की 15 जून 2016 को धारवाड़ के सप्तपुर में अपने ही जिम में कथित तौर पर एक संपत्ति विवाद के चलते 5-6 लोगों ने हत्या कर दी थी। योगेश गौड़ा के बड़े भाई गुरुनाथ गौड़ा की याचिका के बाद मामले को जांच के लिए सीबीआई को सौंपा गया था। (आईएएनएस)
लखनऊ , 5 नवंबर| उत्तर प्रदेश के कानपुर के बहुचर्चित बिकरू कांड में पुलिस व जिला प्रशासन के अधिकारियों की करतूत सामने आयी है। जांच कर रही एसआईटी ने अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंप दी है। कुल 3,200 पन्नों की रिपोर्ट में एसआईटी ने 75 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की सिफारिश की है। इनमें पुलिस व प्रशासन के लोग भी शामिल हैं। एसआईटी की रिपोर्ट की मूल रिपोर्ट 700 पन्नों की है और इसमें 2,500 पन्ने बतौर संलग्नक लगाए गए हैं। जिन 75 लोगों के खिलाफ कारवाई की सिफारिश की गई है उनमें 60 फीसदी पुलिस और 40 फीसदी प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी हैं।
एसआईटी ने अपनी जांच में कानपुर के पुलिस अफसरों की भूमिका को संदिग्ध पाया है और उनके खिलाफ भी कार्रवाई की सिफारिश की है। माना जा रहा है कि इस रिपोर्ट के आने के बाद कुछ पुलिस अफसरों के खिलाफ सरकार कड़े कदम उठा सकती है।
विकास दुबे की काली कमाई के साम्राज्य को बढ़ाने से लेकर उसके गिरोह के सदस्यों को शस्त्र लाइसेंस दिलाने में अधिकारी मददगार थे। अपर मुख्य सचिव संजय भूसरेड्डी की अध्यक्षता में गठित तीन सदस्यीय विशेष जांच दल (एसआइटी) की जांच में भी पुलिस के अपनों की ही मुखबिरी करने की पोल भी खुली है।
सूत्रों का कहना है कि एसआइटी ने कानपुर के तत्कालीन 80 अधिकारियों व कर्मियों को अपनी जांच में दोषी पाया है और उनके विरुद्घ अलग-अलग कार्रवाई की संस्तुति की गई है। इनमें करीब 50 पुलिस अधिकारी व पुलिसकर्मी हैं।
दोषियों में जिला प्रशासन के अधिकारी व कर्मी भी शामिल हैं। एसआइटी ने प्रशासनिक सुधार से जुड़ी तीन संस्तुतियां भी की हैं। अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी का कहना है कि जांच रिपोर्ट का अध्ययन किया जा रहा है।
ज्ञात हो कि कानपुर के बिकरू गांव में दो जुलाई 2020 की रात कुख्यात विकास दुबे व उसके साथियों ने सीओ समेत आठ पुलिसकर्मियों की घेरकर हत्या कर दी थी। इस जघन्य घटना के बाद कानपुर पुलिस व प्रशासन की भूमिका पर बड़े सवाल खड़े हुए थे।
सूत्रों का कहना है कि एसआइटी की जांच में विकास दुबे के घर पुलिस टीम के दबिश देने की सूचना पहले ही लीक कर दिए जाने से जुड़े कई तथ्य उजागर हुए हैं। एसआइटी जांच के घेरे में पुलिस, राजस्व, आपूर्ति, आबकारी व अन्य विभागों के 100 से अधिक अधिकारियों व कर्मियों की भूमिका थी। इनमें करीब 80 अधिकारी व कर्मी दोषी पाए गए। कुख्यात विकास दुबे के 10 जुलाई 2020 को पुलिस मुठभेड़ में मार गिराए जाने के बाद 11 जुलाई 2020 को एसआइटी का गठन किया गया था।
हिस्ट्रीशीटर विकास दुबे के पुलिस व प्रशासन के कई अधिकारियों व कर्मियों से सीधे कनेक्शन भी सामने आए थे। बिकरू गांव में पुलिस टीम विकास दुबे को पकड़ने गई थी, लेकिन इसकी सूचना विकास दुबे को पहले ही मिल गई थी।
एसआइटी को पुलिस कर्मियों की भूमिका व विकास दुबे की काली कमाई से खड़े किए गए साम्राज्य समेत नौ बिंदुओं पर जांच सौंपी गई थी और उसे 31 जुलाई 2020 तक का समय दिया गया था। हालांकि बाद में एसआइटी की जांच का समय बढ़ा दिया गया था। (आईएएनएस)
पटना, 5 नवंबर| बिहार विधानसभा चुनाव में तीसरे और अंतिम चरण के मतदान वालों क्षेत्रों में गुरुवार की शाम चुनाव प्रचार थम जाएगा। अंतिम दिन चुनाव प्रचार को लेकर सभी दलों ने अपनी पूरी ताकत लगा दी है। चुनावी मैदान में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की ओर से भाजपा के अध्यक्ष जे.पी. नड्डा, बिहार भाजपा प्रभारी भूपेंद्र यादव, केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह भी चुनावी प्रचार के लिए बिहार पहुंचे हैं।
इसके अलावा राजग ने प्रचार अभियान में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी सहित अभिनेता दिनेश लाल यादव निरहुआ को चुनावी मैदान में उतारा है, वहीं महागठबंधन की ओर से राजद नेता तेजस्वी यादव सहित कई नेता चुनावी रैली कर रहे हैं।
बिहार विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण में 7 नवंबर को 78 सीटों पर मतदान होना है। इस चरण के चुनाव में 12 मंत्रियों सहित कई दिग्गजों की किस्मत का फैसला होना है। सुपौल से बिजेंद्र प्रसाद यादव, मधेपुरा से नरेंद्र नारायण यादव, केवटी से राजद नेता अब्दुल बारी सिद्दिकी, बोचहा से रमई राम, सहरसा से लवली आनंद सहित कई दिग्गज चुनावी मैदान में हैं।
इस चरण में 1204 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला होना है।
बिहार के चुनावी दंगल में राजग से सीधी टक्कर विपक्षी दल के महागठबंधन से मानी जा रही है। भाजपा के नेतृत्व वाले राजग में जदयू, हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा, विकासशील इंसान पार्टी शामिल हैं, जबकि केंद्र में राजग की सहयोगी लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) यहां अलग होकर चुनाव मैदान में है।
इधर, महागठबंधन में राजद, कांग्रेस और वामपंथी दल शामिल हैं।
बिहार में विधानसभा की 243 सीटों के लिए तीन चरणों में चुनाव होना है। इसके तहत प्रथम चरण के लिए 28 अक्टूबर को 71 सीटों पर तथा दूसरे चरण में तीन नवंबर को 94 सीटों पर मतदान संपन्न हो चुका है। मतगणना 10 नवंबर को होगी। (आईएएनएस)
नई दिल्ली, 5 नवंबर (एजेंसी)। उच्चतम न्यायालय ने बैंकों के लोन मोरेटोरियम मामले की सुनवाई 18 नवंबर तक के लिए स्थगित कर दी है।
जस्टिस अशोक भूषण की अध्यक्षता वाली खंडपीठ के समक्ष मामले की सुनवाई गुरुवार को जैसे ही शुरू हुई, याचिकाकर्ता ने इस दिशा में सरकार द्वारा कदम उठाए जाने की सराहना की। याचिकाकर्ता ने चक्रवृद्धि ब्याज से छूट के लिए वित्त मंत्रालय, रिजर्व बैंक और सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता का आभार व्यक्त किया।
केंद्र की ओर से पेश हो रहे अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल वेंकटरमण ने खंडपीठ से कहा कि श्री मेहता सेंट्रल विस्टा परियोजना से संबंधित मामले की सुनवाई में व्यस्त हैं, इसलिए सुनवाई को टाल दिया जाए।
इसी बीच बिजली सेक्टर की कंपनियों की ओर से पेश हो रहे वरिष्ठ अधिवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा कि पूरा विद्युत सेक्टर समस्याओं से गुजर रहा है। जबकि रिजर्व बैंक ने कहा कि गैर निष्पादित संपत्तियों (एनपीए) की घोषणा पर प्रतिबंध के कारण उसे बहुत दिक्कत हो रही है।
न्यायालय ने कहा कि रिजर्व बैंक इस बिंदु पर अगली सुनवाई को अपना पक्ष रख सकता है। इसी बीच वरिष्ठ अधिवक्ता हरीश साल्वे भी कुछ दलील देते सुने गए, लेकिन तब तक खंडपीठ ने सुनवाई 18 नवंबर तक के लिए स्थगित कर दी।
आगरा, 5 नवंबर | आगरा में एक मजार को भगवा रंग में रंगने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों की पहचान शुभम पंडित और बालकृष्ण के रूप में हुई है। उन्हें किसी भी वर्ग के धर्म का अपमान करने (धारा 295) और जानबूझकर किसी भी व्यक्ति की धार्मिक भावनाओं को आहत करने के इरादे से धार्मिक स्थल को नुकसान पहुंचाने के लिए आईपीसी की धारा 298 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
एसपी सिटी बोटरे रोहन प्रमोद ने कहा कि शहर में धार्मिक सद्भाव को बहाल करने के प्रयास में पुलिस ने भगवा रंग को हटा दिया है।
उन्होंने कहा कि आगरा में तीन पुलिस स्टेशनों -- ताजगंज, रकाबगंज और लोहामंडी में तीन प्राथमिकी दर्ज की गई हैं।
उन्होंने मंगलवार को मजार (पीर की समाधि और मंदिर के चारों ओर की रेलिंग) को रंगा था और बुधवार शाम को गिरफ्तार हो गए थे।(आईएएनएस)
बरेली (उत्तर प्रदेश), 5 नवंबर| एक बच्चे को गला घोंटकर मारने और फिर उसे पेड़ से लटकाने के आरोपी 26 वर्षीय युवक को बरेली में पीड़ित परिवार ने मार डाला। अपराध करने के बाद से ही आरोपी फरार चल रहा था और स्थानीय पुलिस ने उसके बारे में जानकारी देने वाले को 25 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा भी की थी। पुलिस ने आरोपी के पोस्टर भी कई जगहों पर लगाए थे।
हालांकि, बच्चे के परिजनों ने आरोपी प्रेमपाल को बुधवार की शाम को पकड़ लिया और पुलिस के पहुंचने से पहले ही उसे डंडों और ईंटों से पीट-पीटकर मार डाला। हमले के बाद प्रेमपाल को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बरेली के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) रोहित सिंह सजवान ने संवाददाताओं से कहा, "4 साल के लड़के का यौन उत्पीड़न करने और उसकी हत्या करने के मामले में प्रेमपाल की तलाश जारी थी, उसे बुधवार को ओन्ला क्षेत्र में कुछ लोगों ने पीट-पीटकर मार डाला। हमने मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है और दोनों लड़के के रिश्तेदार हैं। दो आरोपियों और कई अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।"
पुलिस के मुताबिक प्रेमपाल बरेली जिले के ओन्ला में छिपा हुआ था। बता दें कि खेलने के लिए बाहर निकला 4 साल का बच्चा 13 जुलाई को लापता हो गया था। उसे आखिरी बार प्रेमपाल के साथ खेलते देखा गया था, जो एक दिन पहले ही परिवार के कुछ रिश्तेदारों के साथ उनके घर आया था। शुरू में परिवार को लगा कि प्रेमपाल ने फिरौती के लिए बच्चे का अपहरण कर लिया है। लेकिन कुछ घंटे बाद उन्हें गांव के बाहर एक पेड़ पर बच्चे का शव लटका मिला। पोस्टमार्टम जांच में यौन शोषण की पुष्टि हुई और प्रेमपाल लापता हो गया।
पुलिस ने उसके खिलाफ आईपीसी की धारा 302, 37, 364, 201 और पाक्सो अधिनियम की धारा 4/5 के तहत प्राथमिकी दर्ज की थी। (आईएएनएस)
लखनऊ, 5 नवंबर | उत्तर प्रदेश के ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने स्वच्छ पर्यावरण के अभियान को बढ़ावा देने के लिए अब साइकल से अपने कार्यालय जाना शुरू कर दिया है। इतना ही बुधवार को निरीक्षण करने के लिए बांग्ला बाजार और आशियाना इलाकों में पॉवर सब-सेंटर्स तक भी वे साइकल से ही गए। उन्होंने उपभोक्ताओं से मुलाकात की और बिजली व्यवस्था में सुधार करने के बारे में फीडबैक लिया। मंत्री ने उपभोक्ताओं से कहा कि वे बिजली संबंधी समस्याओं के लिए हेल्पलाइन नंबर 1912 पर शिकायत दर्ज करें। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपना लंबित बकाया भी चुकाएं।
कई उपभोक्ताओं ने मौके पर ही अपने बिल जमा किए और उन्हें मोबाइल वैन से तत्काल रसीद भी दी गईं। पिछले एक महीने में ऊर्जा विभाग और उसकी सतर्कता विंग द्वारा शुरू किए गए संयुक्त अभियान से राजस्व विभाग को 1,302 करोड़ रुपये मिले हैं।
निरीक्षण के लिए आए मंत्री ने कहा, "बिजली काटना विकल्प नहीं है। हमने व्यवस्था की है कि बड़े डिफॉल्टर उपभोक्ता 4 किश्तों में अपने वर्तमान बिल के साथ बकाया राशि जमा कर सकते हैं।"
उन्होंने कहा कि अगर उपभोक्ता समय पर बिल जमा करते हैं, तो इससे बिजली विभाग का भी नुकसान कम होगा।(आईएएनएस)
श्रीनगर, 5 नवंबर| जम्मू और कश्मीर के शोपियां जिले में अज्ञात बंदूकधारियों ने गुरुवार को एक बैंक के कैश वैन से 60 लाख रुपये लूट लिए। पुलिस सूत्रों ने बताया कि चार बंदूकधारियों ने जम्मू एंड कश्मीर बैंक के कैश वैन पर हमला किया और पैसे लूटे।
सूत्रों ने कहा, लुटेरों का पता लगाने के लिए बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान लांच किया गया है। बैंक अधिकारियों ने कहा कि लूटी गई रकम 60 से 80 लाख रुपये के बीच हो सकती है। लूटी गई सही राशि का सत्यापन किया जा रहा है। (आईएएनएस)
निवाड़ी (मध्य प्रदेश), 5 नवंबर | मध्य प्रदेश के निवाड़ी जिले में बोरवेल के गडढे में गिर चार साल के प्रहलाद को बचाने की मुहिम पिछले 24 घंटों से जारी है मगर अब तक कोई सफलता नहीं मिल पाई है। सेना भी बचाव अभियान में लगी हुई है। निवाड़ी जिले के सेतपुरा गांव में हरिकिशन का चार साल का बेटा प्रहलाद बुधवार को खेत में खोदे गए बोरवेल में गिर गया था। बीते 24 घंटों से बच्चे को सुरक्षित निकलाने का अभियान जारी है। सेना के दल के साथ अन्य दल राहत और बचाव के काम में लगे हुए हैं। प्रहलाद जिस बोरवेल के गड्ढे में गिरा है उसके समानांतर खुदाई की जा रही है।
बताया गया है कि खेत में बोरवेल के लिए खुदाई की गई थी। लगभग दो सौ फुट खुदाई हुई थी। खेलते समय बुधवार को प्रहलाद इस गडढे में गिर गया था। संभावना इस बात की जताई जा रही है कि बच्चा बीच मे फंसा हुआ है।
राज्य के गृहमंत्री नरेात्तम मिश्रा का कहना है कि बच्चा लगभग 49 फुट की गहराई पर फंसा हुआ है। अब तक 45 फुट तक की खुदाई कर ली गई है। प्रशासन पूरी रात लगा रहा, पूरा देश बच्चे के लिए दुआएं कर रहा है। ऑक्सीजन की सप्लाई की जा रही है।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बच्चे के सुरक्षित निकालने की कामना करते हुए कहा, ओरछा के सेतपुरा गांव में बोरवेल में गिरे मासूम प्रह्लाद को बचाने के लिए स्थानीय प्रशासन के साथ सेना बचाव कार्य में जुटी है। मुझे विश्वास है कि शीघ्र प्रह्लाद को सकुशल बाहर निकाल लिया जायेगा। ईश्वर बच्चे को दीघार्यु प्रदान करें, आप और हम सब मिलकर प्रार्थना करें।(आईएएनएस)
नई दिल्ली, 5 नवम्बर. बुधवार को सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि पत्नी और बच्चों को छोड़ देने वाले पतियों को उन्हें केस के पहले दिन से ही मुआवज़ा देना होगा.
कोर्ट के अनुसार जिस दिन पत्नी कोर्ट में इसके लिए गुहार लगाएगी, उस दिन से पति को मुआवज़ा देना होगा.
'द हिंदू' में छपी एक ख़बर के अनुसार सुप्रीम कोर्ट के जस्टिस इंदु मल्होत्रा और आर सुभाष की बेंच ने एक महिला के मामले में सुनवाई के दौरान ये महत्वपूर्ण फ़ैसला सुनाया है.
कोर्ट ने कहा कि उन महिलाओं की स्थिति बेहद बुरी हो सकती है जिन्हें उनके पति छोड़ देते हैं. उनके और उनके बच्चों के पास ख़ुद के गुज़ारे के लिए संसाधन नहीं होते.
67 पन्ने के अपने जजमेंट में कोर्ट ने फैमिली कोर्ट और निचली अदालतों के जजों के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश लिखे और कहा, "जिस दिन महिला पति से मेन्टेनेंस (मुआवज़े) की गुहार लगाए उसी दिन से उसे मुआवज़ा मिलना चाहिए क्योंकि ऐसा न होने पर उसके और उस पर निर्भर उसके बच्चों के लिए उसके लिए आजीविका का संकट पैदा हो सकता है. कोर्ट में मामला लंबा खिंच सकता है और इस कारण पीड़ित महिला को मुआवज़े से वंचित करना सही नहीं है."
कोर्ट ने कहा कि कोर्ट का आदेश न मानने पर पति को हिरासत में लिया जा सकता है या उसकी संपत्ति भी जब्त की जा सकती है.
कोर्ट ने ये भी कहा कि पति कह सकता है कि उसकी कोई आय नहीं है लेकिन अगर वो स्वस्थ है और शिक्षित है तो इससे उसकी ज़िम्मेदारी ख़त्म नहीं हो जाती. (bbc)
महाराष्ट्र में अलीबाग़ के ज़िला न्यायालय ने रिपब्लिक टीवी के एडिटर-इन-चीफ़ अर्नब गोस्वामी को दो अन्य अभियुक्तों के साथ 18 नवंबर तक के लिए 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.
कोर्ट ने ये फ़ैसला रात में छह घंटे चली लंबी सुनवाई के बाद लिया.
रायगढ़ पुलिस ने बुधवार सुबह अर्नब गोस्वामी और दो अन्य लोगों को मुंबई में 52 वर्षीय इंटीरियर डिज़ाइनर अन्वय नाइक को ख़ुदकुशी के लिए उकसाने के मामले में गिरफ़्तार किया गया था.
अर्नब को मुंबई से गिरफ़्तार किया गया था और बाद में उन्हें रायगढ़ ज़िले के अलीबाग़ ले जाया गया.
कोर्ट में क्या हुआ?
मुंबई और रायगढ़ में हुए हाई वोल्टेज ड्रामा के बाद अर्नब गोस्वामी को बुधवार दोपहर क़रीब एक बजे अदालत में पेश किया गया.
अदालत के अंदर जाने के बाद अर्नब ने पुलिस पर उनके साथ मारपीट करने का आरोप लगाया.
अदालत ने आदेश दिया कि अर्नब की दोबारा मेडिकल जाँच कराई जाए.
आदेश के अनुसार जांच कराई गई. इसके बाद पुलिस ने उन्हें फिर से कोर्ट के सामने पेश किया.
सरकारी वक़ील, पुलिस और अर्नब गोस्वामी ने कोर्ट के सामने अपना-अपना पक्ष रखा.
डॉक्टर की ऑब्ज़र्वेशन को भी ध्यान में रखा गया.
दोबारा की गई जाँच की मेडिकल रिपोर्ट पर डेढ़ घंटा सुनवाई चली.
दोबारा मेडिकल जाँच कराने के बाद अर्नब को जब कोर्ट में पेश किया गया तो कोर्ट ने उन्हें सीधे खड़े रहने और अजीबो-गरीब हाव-भाव ना बनाने के लिए कहा.
अदालत की इस चेतावनी के बाद अर्नब शांति से बैठे रहे. जबकि पहले कोर्ट के अंदर आते ही वो चिल्ला रहे थे और दावा कर रहे थे कि पुलिस ने उन्हें मारा.
और उनके रिश्तेदार इस पूरी घटना को रिकॉर्ड करने में व्यस्त थे.
सरकारी वकील ने पुलिस हिरासत की मांग की. अर्नब के वकील ने आरोप लगाया कि पूरी जांच बेबुनियाद है, वहीं रायगढ़ पुलिस का आरोप था कि अर्नब जांच में सहयोग नहीं कर रहे हैं.
साथ ही उन्होंने सुबह गिरफ़्तारी का भी विरोध किया. इसलिए उनके ख़िलाफ़ एक और एफ़आईआर दर्ज की गई है.
हालांकि अदालत ने पुलिस की ओर से रखे गए तथ्यों पर विचार करने से इनकार कर दिया.
अदालत ने कहा कि पुलिस हिरासत के लिए ठोस सबूतों की ज़रूरत होती है, जो पुलिस पेश नहीं कर सकी.
इसलिए अदालत ने पुलिस हिरासत की अपील ख़ारिज कर दी और तीनों अभियुक्तों - अर्नब, फ़िरोज़ शेख़ और नितेश सारदा -को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया.
अर्नब गोस्वामी ने ज़मानत की अर्ज़ी लगाई है.
उनके वकील गौरव पारकर ने अदालत के बाहर पत्रकारों से कहा कि न्यायिक हिरासत का आदेश उनके मुवक़्क़िल के लिए एक बड़ी जीत है.
क्या है पूरा मामला
दो साल पहले 52 वर्षीय इंटीरियर डिज़ाइनर अन्वय नाइक और उनकी माँ कुमुद नाइक ने कथित तौर पर ख़ुदकुशी कर ली थी.
वो मई 2018 में अलीबाग़ तालुका के कवीर गाँव में अपने फार्महाउस पर मृत मिले थे.
अन्वय नाइक ने अपने ख़ुदकुशी नोट में आरोप लगाया था कि वो और उनकी माँ ने इसलिए जीवन ख़त्म करने का फ़ैसला लिया क्योंकि अर्नब के साथ फ़िरोज़ शेख और नितेश सारदा ने 5.40 करोड़ रुपए का भुगतान नहीं किया था. फ़िरोज़ और नितेश अलग-अलग फ़र्म के मालिक थे.
2019 में रायगढ़ पुलिस ने इस मामले को बंद कर दिया था. बाद में नाइक की बेटी अदन्या की शिकायत पर महाराष्ट्र के गृहमंत्री अनिल देशमुख ने फिर से इस केस की जाँच का आदेश दिया था.
अर्नब की गिरफ़्तारी के साथ ही बुधवार को ही पुलिस ने उस अधिकारी को भी गिरफ़्तार कर लिया जिसने ख़ुदकुशी के लिए उकसाने के मामले की जाँच की थी.
समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार उस अधिकारी को भी जाँच का सामना करना पड़ेगा.
अर्नब गोस्वामी के साथ उनकी पत्नी और दो अन्य के ख़िलाफ़ मुंबई पुलिस ने गिरफ़्तारी में अड़चन डालने के मामले में एफ़आईआर दर्ज की है.
अर्नब की गिरफ़्तारी को लेकर विपक्ष ने महाराष्ट्र की सरकार पर हमला बोला है जबकि इंटिरियर डिज़ाइनर के परिवार ने गिरफ़्तारी के फ़ैसले का स्वागत किया है और कहा है कि वो साल 2018 को कभी नहीं भूल सकते.
हालांकि शिवसेना सांसद संजय राउत ने कहा है कि अर्नब गोस्वामी के ख़िलाफ़ की गई कार्रवाई का महाराष्ट्र सरकार से कोई संबंध नहीं है.(bbc)
नई दिल्ली, 5 नवंबर | भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के आठ नेता और कार्यकर्ताओं समेत विभिन्न मुख्यधारा के राजनीतिक दलों के कुल 10 कार्यकर्ताओं की कश्मीर में वर्ष 2020 के अंतिम पांच महीनों में 'अज्ञात बंदूकधारियों' द्वारा गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह माना जाता है कि यह राजनीतिक हत्याएं पाकिस्तान समर्थक आतंकवादियों द्वारा की गई हैं।
ऐसे हत्यारों की पहचान का जब तक पता नहीं चलता, तब तक तो मीडियाकर्मी और राजनेता इन्हें 'अज्ञात बंदूकधारी' ही कहते हैं।
यह बड़ी विडंबना है कि अगर कश्मीर में किसी सुरक्षा बल या पुलिस के हाथों आतंकी गतिविधि में लिप्त किसी व्यक्ति की मौत होती है तो घाटी में विरोध प्रदर्शन आयोजित होते हैं और आतंकी गतिविधियों के समर्थक या अलगाववादियों की ओर से बंद का आान किया जाता है। इसके अलावा मीडियाकर्मियों, राजनेताओं और मानवाधिकार कार्यकर्ताओं को पीड़ित के घर जाते देखा जाता है और व्यापक तौर पर इसकी निंदा की जाती है।
मगर इसके विपरीत अगर आतंकवादियों की ओर से कोई आम नागरिक या किसी पार्टी के कार्यकर्ता की हत्या कर दी जाती है तो घाटी मूकदर्शक बनी रहती है। उस परिस्थिति में कोई सार्वजनिक निंदा नहीं होती और स्थानीय अखबारों के पहले पन्ने पर इस तरह की घटनाएं सुर्खियां नहीं बनती।
फरवरी 2019 में पुलवामा आत्मघाती हमले में 40 अर्धसैनिक बल के जवानों के शहीद हो जाने के बाद केंद्र में भाजपा सरकार ने अलगाववादियों पर नकेल कसी है, जिसके बाद से स्थिति कुछ बदली जरूर है। विशेष रूप से अगस्त 2019 में अनुच्छेद 370 को निरस्त करने और राज्य को दो केंद्र शासित प्रदेशों में बांटने के बाद से इस तरह की हत्या पर थोड़ी बहुत प्रतिक्रिया सामने आने लगी हैं।
कुछ आतंकी संगठन 1989-90 की शुरुआत में कश्मीर में कुछ राजनीतिक हत्याओं की जिम्मेदारी लेते थे, मगर इसके बाद किसी ने भी किसी भी हत्या का दावा नहीं किया है। इससे लोगों में भी नाराजगी पैदा हुई है।
1990 में मीरवाइज फारूक और 1994 में काजी निसार अहमद जैसे कुछ हाई-प्रोफाइल राजनीतिक हत्याओं के बाद काफी विवाद हुआ था। इन घटनाओं के बाद गंभीर सार्वजनिक प्रतिक्रियाएं भी सामने आई थीं। सरकार और अलगाववादी आतंकवादी एक-दूसरे पर दोष मढ रहे थे। तीस साल बाद भी कश्मीर बहुत ज्यादा नहीं बदला है, क्योंकि हर कोई बंदूकधारियों से पंगा नहीं लेना चाहता और डर के मारे लोग चुप्पी साधे रहते हैं।
वरिष्ठ कश्मीरी पत्रकार, जो फिलहाल नई दिल्ली में हैं, उन्होंने कहा, "कई राजनीतिक हत्याएं हुई हैं, जिनमें गुरिल्ला संगठन के स्पष्ट पदचिन्हों का पता चला है। फिर भी उक्त संगठन ने निंदा के बयान जारी किए और मामले से खुद का पल्ला झाड़ लिया, क्योंकि सीसीटीवी फुटेज जैसे कोई ठोस सबूत तो वैसै भी पीछे नहीं छोड़े गए थे। लगभग सभी हत्यारों ने फेसमास्क का इस्तेमाल किया है। वे अपनी पहचान छिपाकर वार करते हैं।"
1989 के बाद से कश्मीर में इस तरह के हमलों में 5,000 से अधिक भारतीय समर्थक राजनीतिक कार्यकर्ता मारे गए हैं। कुछ अनुमानों में यह संख्या 7,000 भी बताई जाती है।
पहली राजनैतिक हत्या 21 अगस्त, 1989 को श्रीनगर में नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) के कार्यकर्ता मोहम्मद यूसुफ हलवाई की हुई थी। उन्होंने कथित तौर पर 15 अगस्त को भारतीय स्वतंत्रता दिवस पर अपने घर की लाइट बंद करने से इनकार कर दिया था, जब नेकां के फारूक अब्दुल्ला मुख्यमंत्री थे और जेकेएलएफ ने 'ब्लैक आउट' का आह्वान किया था। इसके बाद से आए दिन राजनैतिक हत्याएं होती रही हैं।(आईएएनएस)
नई दिल्ली, 5 नवंबर | फ्रांस से राफेल लड़ाकू विमानों का दूसरा जत्था भारत पहुंच गया है। भारतीय वायुसेना ने बुधवार को जानकारी दी है कि राफेल विमानों का दूसरा जत्था फ्रांस से नॉन-स्टॉप उड़ान भरने के बाद बुधवार की रात 8:14 बजे भारत पहुंच चुका है। तीन नए विमान फ्रांस के इस्ट्रेस से गुजरात के जामनगर पहुंचे। इस यात्रा के दौरान फ्रेंच एयर फोर्स का मिड एयर रिफ्यूलिंग एयरक्राफ्ट साथ था। इस यात्रा के लिए भारतीय वायुसेना के पायलटों को फ्रांस के सेंट दिजिएर एयरबेस में प्रशिक्षण दिया गया।
सहायक वायु सेनाध्यक्ष (परियोजना) के नेतृत्व में विशेषज्ञों की एक टीम तीन लड़ाकू जेट प्राप्त करने के लिए लॉजिस्टिक मुद्दों का समन्वय कर रही है।
इन तीन नए विमानों के आने के बाद भारत के पास कुल आठ राफेल विमान हो गए हैं। इससे पहले 29 जुलाई को पांच राफेल विमान आए थे। इन्हें 10 सितंबर को अंबाला में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान 'गोल्डन एरोज स्क्वॉड्रन' में शामिल किया गया था।
राफेल के पहले बेड़े को जब वायुसेना में शामिल किया गया था तब रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने इसे गेम चेंजर करार दिया था। उनका दावा था कि राफेल के साथ वायुसेना ने टेक्नोलॉजी के स्तर पर बढ़त हासिल कर ली है।
सिंह ने कहा था, "मुझे विश्वास है कि हमारी वायु सेना ने राफेल के साथ एक तकनीकी बढ़त हासिल कर ली है।"
राफेल 4.5 पीढ़ी का विमान है और इसमें नवीनतम हथियार, बेहतर सेंसर दिए गए हैं।(आईएएनएस)
नई दिल्ली, 5 नवंबर . पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की ओर से पत्र लिखकर राज्य में चल रहे किसानों के आंदोलन से उपजे हालात की तरफ ध्यान दिलाए जाने के बाद भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी जवाब दिया है। उन्होंने पंजाब के मुख्यमंत्री पर राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि उनका कथित पत्र उन्हें नहीं मिला है। इससे साबित होता है कि यह सरासर राजनीति है। सिर्फ मीडिया में पत्र जारी किया गया। दरअसल, मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने भाजपा प्रमुख नड्डा को बीते एक नवंबर को पत्र लिखकर किसान आंदोलन पर जल्द फैसला लेने की मांग करते हुए कहा था कि इससे सुरक्षा के लिहाज से खतरा हो सकता है। अमरिंदर सिंह ने पाकिस्तान से खुराफात की भी आशंका जताई थी। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार से मिलकर हल ढूंढने की भी पत्र में बात कही थी।
जिस पर जवाबी पत्र में नड्डा ने कहा कि भाजपा और मोदी सरकार किसानों की हितैषी हैं। तीनों कानून किसानों के हित में बने हैं। बावजूद इसके किसानों के बीच भ्रम फैलाकर राज्य सरकार ने आंदोलन को प्रोत्साहित किया है। किसानों को भड़काने की कोशिश हुई है। इसके कारण राज्य में उपजे हालात के लिए मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ही जिम्मेदार हैं।(आईएएनएस)|
लखनऊ, 5 नवंबर | समाजवादी पार्टी (सपा) ने बुधवार को विधान परिषद के स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर दी। पार्टी के मुख्य प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने बताया कि स्नातक निर्वाचन क्षेत्र आगरा से डॉ़ असीम, मेरठ खंड से शमशाद अली, लखनऊ खंड से राम सिंह राणा, वाराणसी खंड से आशुतोष सिन्हा तथा इलाहाबाद-झांसी निर्वाचन क्षेत्र से डॉ़ मान सिंह को प्रत्याशी बनाया है।
इसी तरह शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र लखनऊ से उमाशंकर चौधरी पटेल, वाराणसी खंड से लाल बिहारी, बरेली-मुरादाबाद से संजय कुमार मिश्रा, मेरठ से धर्मेद्र कुमार, आगरा खंड से हेवेंद्र सिंह चौधरी हउआ तथा गोरखपुर-फैजाबाद निर्वाचन क्षेत्र से अवधेश कुमार को समाजवादी पार्टी का उम्मीदवार बनाया है।
एमएलसी चुनाव के लिए 5 नवंबर से नामांकन पत्र भरे जाएंगे। नामांकन की अंतिम तिथि 12 नवंबर है। एक दिसंबर को मतदान होगा और 3 दिसंबर को मतगणना होगी।(आईएएनएस)
पण्यम (आंध्र प्रदेश), 5 नवंबर | आंध्र प्रदेश के कुरनूल जिले के पण्यम मंडल के गांव कौलुरु में एक परिवार के चार सदस्य एक साथ रेल की पटरी पर लेटकर मालगाड़ी से कट गए। परिवार के सदस्यों अब्दुल सलाम (45), उसकी पत्नी नूरजहां (43), बेटी सलमा (14) और बेटे दादा कलंदर ने बुधवार को दोपहर से पहले लगभग 11.30 बजे यह चरम कदम उठाया।
जीआरपी के एक अधिकारी ने आईएएनएस को बताया कि सामूहिक आत्महत्या की इस घटना के बाद ट्रेन संचालकों ने राजकीय रेलवे पुलिस को सूचित किया। अपराध दंड संहिता की धारा 174 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, सलाम पर कुछ दिनों पहले कथित तौर पर चोरी का इल्जाम लगा था और सोने-चांदी की दुकान की उसकी नौकरी छूट गई थी।(आईएएनएस)
नई दिल्ली, 4 नवंबर| इस साल की दूसरी और तीसरी तिमाही में कड़े फैसले लेने के बाद, भारतीय कंपनियां फिर से टैलेंट में निवेश करने के लिए तैयार दिख रही हैं। एक नए सर्वेक्षण में पता चला है कि 87 प्रतिशत कंपनियों ने कर्मियों का वेतन 2021 में बढ़ाने की योजना बनाई है, जबकि 2020 में 71 फीसदी ने ऐसा करने की योजना बनाई थी।
इस साल सितंबर-अक्टूबर में हुए एओन सर्वे में शामिल कंपनियों में से 87 प्रतिशत ने कहा कि वे अगले साल वेतन में वृद्धि करेंगी, 61 प्रतिशत ने कहा कि वे 5-10 प्रतिशत के बीच सैलरी में बढ़ोतरी करेंगे। एओन एक वैश्विक पेशेवर सेवा फर्म है।
एओन के पार्टनर नितिन सेठी ने कहा, "भारत में कोविड-19 महामारी और अर्थव्यवस्था पर इसके गहरे प्रभाव के बाद भी भारत में संगठनों ने जबरदस्त लचीलापन और परिपक्व दृष्टिकोण दिखाया है। 2020 की दूसरी और तीसरी तिमारी में कंपनियों ने कठोर निर्णय लिए और अब उपभोक्ताओं की मांग में सुधार के चलते वे टैलेंट में निवेश करने का मन बना रहा है।"
रिपोर्ट में कहा गया है कि सबसे ज्यादा वेतन वृद्धि प्रदान करने वाले सेक्टर में हाईटेक, सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी), आईटी इनेबल्ड सर्विस (आईटीईएस), लाइफ साइंसेस, ई-कॉमर्स और पेशेवर सेवाएं शामिल हैं।
अध्ययन में 20 से अधिक उद्योगों से 1,050 कंपनियों के आंकड़ों का विश्लेषण किया गया। (आईएएनएस)
अहमदाबाद, 4 नवंबर (भाषा)। गुजरात के अहमदाबाद में एक विस्फोट से गोदाम ढहने के कारण नौ लोगों की मौत हो गई और कई अन्य लोग घायल हो गए हैं। दमकल विभाग के अधिकारी जयेश खादिया ने बताया कि मलबे में से 12 लोगों को बाहर निकाल ‘एलजी अस्पताल’ ले जाया गया। उन्होंने बताया कि पिराना-पिपलाज रोड स्थित इमारत में आग लगने के कारण विस्फोट हो गया था। इस इमारत में ही गोदाम बना था।
कपड़े के इस गोदाम में बॉयलर फटने से यह विस्फोट हो गया जिसके बाद अंदर मौजूद सभी लोग झुलस गए। अस्पताल ने एक बयान में बताया कि 12 घायलों में से, चार को वहां लाते ही मृत घोषित कर दिया गया था जबकि 5 लोगों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। अन्य घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस घटना पर शोक जताया है। प्रधानमंत्री ने ट्वीट किया कि- अहमदाबाद के गोदाम में आग के चलते लोगों की जान जाने से दुख हुआ। शोक संतप्त परिवार को सांत्वना। घायलों के लिए प्रार्थना करता हूं। प्रशासन सभी प्रभावितों को हरसंभव मदद पहुंचा रहा है।
अधिकारियों की मानें तो आग बहुत भीषण थी जिसके चलते अंदर फंसे लोग बाहर नहीं निकल सके। उनके मुताबिक आस-पास के लोगों ने फायर ब्रिगेड और पुलिस को फोन किया जिसके बाद 24 दमकल की गाडिय़ां और 50 दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे। फिलहाल आग बुझाने का प्रयास जारी है और अभी भी गोदाम से लपटें निकल रही हैं।
सुमित कुमार सिंह
नई दिल्ली, 4 नवंबर| भारत के प्रतिष्ठित रणनीतिक नेतृत्व संस्थान नेशनल डिफेंस कॉलेज (एनडीसी) में अब पड़ोसी देशों के और अधिक अधिकारियों को प्रशिक्षित किया जाएगा। क्योंकि नई दिल्ली अब चीन के बढ़ते प्रभाव का मुकाबला करने के लिए पड़ोसियों के साथ अपने जुड़ाव को और भी मजबूत करने में लगी है।
पांच और मित्र देश - ताजिकिस्तान, इंडोनेशिया, मालदीव, उज्बेकिस्तान और फिलीपींस अब राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय सुरक्षा से संबंधित क्षेत्रों में अपने अधिकारियों को वार्षिक प्रशिक्षण के लिए भारत भेजने में सक्षम होंगे।
एनडीसी की शुरूआत 1960 में 21 प्रतिभागियों के साथ की गई थी। रक्षा सचिव अजय कुमार ने संस्था की डायमंड जुबली (हीरक जयंती) के अवसर पर एक बयान में इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा, "अगले दो वर्षों में एनडीसी अपनी मौजूदा 100 की क्षमता के साथ 20 और प्रतिभागियों को बढ़ाने जा रहा है।"
कुमार ने कहा कि भारत मित्र देशों की ओर से आ रही भारी मांग को ध्यान में रखते हुए सीटें बढ़ा रहा है।
मौजूदा 100 सीटों की क्षमता में से 75 भारतीय वरिष्ठ रक्षा और सिविल सेवा अधिकारियों के लिए आरक्षित हैं और 25 विदेशी महाद्वीपों के अधिकारियों के लिए हैं।
यह पता चला है कि 20 बढ़ी हुई सीटों में से लगभग आधी मित्र देशों के लिए आरक्षित होंगी। सीटें नेपाल, म्यांमार और बांग्लादेश से आने वाले अधिकारियों के लिए भी आरक्षित हैं। अधिकारी ने कहा कि 10 सीटें 2021 में और 10 सीटें 2022 में बढ़ाई जाएंगी।
एनडीसी न केवल पड़ोस में बल्कि विश्व स्तर पर मित्र देशों के साथ मजबूत संबंधों को बढ़ावा देने और इन्हें मजबूत बनाने के लिए राष्ट्र के एक महत्वपूर्ण साधन के रूप में भी कार्य करता है।
इसके अलावा कुमार ने कहा कि अगले सत्र से 'प्रेसिडेंट चेयर ऑफ एक्सिलेंस' को संस्था में स्थापित करने की योजना बनाई गई है।
एनडीसी का उद्देश्य भविष्य के नीति निर्माताओं को राष्ट्रीय रणनीति की योजना में शामिल विभिन्न सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, सैन्य, वैज्ञानिक और संगठनात्मक पहलुओं की व्यापक समझ के लिए आवश्यक पृष्ठभूमि से लैस करना है।
भारत-प्रशांत और भारतीय उप-महाद्वीप में बढ़े हुए सुरक्षा परि²श्य के साथ-साथ भू-राजनीतिक वातावरण और विश्व व्यवस्था के पुनरुत्थान में हाल के बदलावों का भारत के विकास पर सीधा प्रभाव पड़ता है।
संस्था ने पांच नवंबर से छह नवंबर तक डायमंड जुबली अंतर्राष्ट्रीय वेबिनार की योजना भी बनाई है, जिसकी प्रमुख थीम 'भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा - द डिकेड अहेड' विषय पर रहेगी।
दो दिवसीय वेबिनार रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के मुख्य भाषण के साथ शुरू होगा। वह 60वें एनडीसी पाठ्यक्रम के स्नातक सदस्यों को संबोधित करेंगे।
वेबिनार में दुनिया में वर्तमान भूराजनीतिक स्थिति और कोरोनावायरस महामारी के बाद की दुनिया समेत कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जाएगी। (आईएएनएस)
तिरुवनंतपुरम, 4 नवंबर| केरल सीपीआई-एम के सचिव कोडिएरी बालाकृष्णन के बेटे बिनीश कोडिएरी के घर पर प्रवर्तन निदेशालय के अधिकारियों की एक टीम ने बुधवार सुबह छापा मारा। इस घर में उनके पिता कोडिएरी बालाकृष्णन भी रहते हैं। हालांकि, छापे के समय बालकृष्णन घर में मौजूद नहीं थे।
इसके अलावा ईडी ने बिनीश कोडियरी के व्यापारिक हितों से जुड़े 5 ठिकानों पर भी छापे मारे। अधिकारियों ने कहा कि छापे बिनीश से मिली जानकारियों के आधार पर मारे गए, जो कि 29 अक्टूबर से उनकी हिरासत में है।
बिनीश को धन शोधन निवारण अधिनियम के आरोपों के तहत गिरफ्तार किया गया था। वह शनिवार को कोर्ट में पेश किए जाने तक ईडी की हिरासत में रहेगा।
सूत्रों के अनुसार बिनीश से पूछताछ में उसके दोस्तों और कारोबारी सहयोगियों के कथित 'बेनामी' सौदों का खुलासा हुआ है। इसमें कार एसेसरीज का एक प्रमुख व्यवसायी, होटल में मार्बल्स और ग्रेनाइट सप्लाई करने वाला डीलर शामिल है।
मंगलवार शाम को ईडी के राज्य की राजधानी पहुंचने की खबर फैलते ही घर के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई थी। बुधवार की सुबह ईडी की टीम सीआरपीएफ और कर्नाटक पुलिस के सशस्त्र अधिकारियों के साथ यहां पहुंची तो बालकृष्णन या बिनीश के परिवार का कोई भी सदस्य वहां मौजूद नहीं था। 30 मिनट बाद ही कुछ लोगों के जरिए घर की चाबी जांच एजेंसी के अधिकारियों को भेज दी गई।
जब ईडी के अधिकारी घर पर इंतजार कर रहे थे, तभी अधिकारियों की एक और टीम अब्दुल लतीफ के शोरूम पर पहुंची। लतीफ बिनीश के सबसे करीबी सहयोगियों में से एक है और उसके राजधानी में कई व्यापार हैं, जिनमें कार एसेसरीज का स्टोर, होटल और मुद्रा विनिमय करने संबंधी बिजनेस शामिल हैं।
इस बीच बालाकृष्णन ने मीडिया के खिलाफ अपना गुस्सा जाहिर करते हुए कहा कि मीडिया का एक वर्ग सीपीआई-एम को निशाना बना रहा है, जबकि यही लोग विपक्षी कांग्रेस नेताओं के विभिन्न भ्रष्ट सौदों पर चुप्पी साधे थे।
भले ही सीपीआई-एम का राष्ट्रीय नेतृत्व मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन और बालाकृष्णन के पीछे मजबूती से खड़ा दिखाई दे रहा है, लेकिन सभी की नजर इस सप्ताह के आखिर में होने वाली पार्टी की राज्य इकाई की 2 दिवसीय बैठक पर है। वहीं सोशल मीडिया पर सीपीआई-एम को जबरदस्त ट्रोल जा रहा है। (आईएएनएस)
नई दिल्ली, 4 नवंबर| पंजाब के किसानों की लड़ाई को दिल्ली तक लाने और माल गाड़ियों के निलंबन के चलते राज्य में आपूर्ति के संकट को उजागर करने के लिए, पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने बुधवार को जंतर-मंतर पर कांग्रेस सांसदों और विधायकों के साथ धरना दिया। उन्होंने कहा, मैंने स्पष्ट किया है कि हमारे किसानों के प्रति केंद्र का रवैया और राज्य के अधिकारों को कम करना सही नहीं है। मुख्यमंत्री के रूप में, यह मेरा कर्तव्य है कि मैं अपने राज्य और अपने लोगों के अधिकारों की रक्षा करूं।
इससे पहले, अमरिंदर सिंह ने कांग्रेस के सांसदों के साथ राजघाट पर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी, जबकि पार्टी के विधायक पंजाब भवन से जंतर मंतर पहुंचे।
अमरिंदर सिंह ने कहा कि महात्मा गांधी हमारे आदर्श हैं। हम पंजाब के सम्मान और अधिकार को बनाए रखने के लिए लड़ेंगे।
उन्होंने कहा कि पंजाब से आने और जाने वाली मालगाड़ियों को फिर से शुरू किया जाना चाहिए और पंजाब विधानसभा द्वारा पारित कृषि संशोधन विधेयकों को मंजूरी दी जानी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब के पास कोयला, यूरिया, डीएपी और अन्य आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति बंद हो गई है। किसानों के आंदोलन खत्म होने के बाद भी रेलवे ने मालगाड़ियों का परिचालन शुरू नहीं किया है। (आईएएनएस)
जम्मू, 4 नवंबर| श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार को नाशरी सुरंग के अंदर एक साइड गेट से टकराते हुए एक कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें 2 लोगों की मौत हो गई और 1 घायल हो गया। पीड़ित उधमपुर शहर से जम्मू संभाग के रामबन कस्बे में जा रहे थे, तभी ड्राइवर ने कार पर से नियंत्रण खो दिया।
पुलिस ने कहा, "घायल व्यक्ति को अस्पताल ले जाया गया है। मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है।"
9.2 किलोमीटर लंबी नाशरी सुरंग ने श्रीनगर और जम्मू के बीच की दूरी को लगभग 30 किमी और यात्रा समय को 2 घंटे कम कर दिया है। सुरंग बनने से पटनीटॉप से अब जाना नहीं पड़ता क्योंकि ये रास्ता सर्दियों के महीनों के दौरान बर्फबारी के कारण फिसलन भरा रहता है। (आईएएनएस)