रायपुर

संगठन चुनाव: कांग्रेस में गदर, 5 जिलों में डीआरओ के खिलाफ खुला मोर्चा
02-Aug-2022 6:17 PM
 संगठन चुनाव: कांग्रेस में गदर, 5 जिलों में डीआरओ के खिलाफ खुला मोर्चा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 2 अगस्त। कांग्रेस में संगठन चुनाव को लेकर गदर मचा है। इस कड़ी में ब्लॉक के चुनाव अधिकारियों ने जिले के चुनाव अधिकारियों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। विशेषकर पांच जिले के चुनाव अधिकारियों के खिलाफ ब्लॉक के चुनाव अधिकारी की जानकारी के बिना चुनाव कराने की शिकायत की गई है। इन जिलों के चुनाव अधिकारियों के खिलाफ लेन-देन, और धमकाने के भी आरोप लगे हैं। इसकी शिकायत प्रदेश के चुनाव अधिकारी से भी की गई है।

तीन दिन पहले ब्लॉक के चुनाव अधिकारियों, और कई नेताओं ने प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया से मिलकर ब्लॉक के चुनाव में गड़बडिय़ों का ब्यौरा दिया था। पुनिया ने प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम से इन शिकायतों पर प्रदेश के चुनाव अधिकारी हुसैन दलवई से बात करने के लिए कहा था। हुसैन दलवई बस्तर दौरे पर हैं, और संभवत:देर शाम रायपुर लौटेंगे। प्रदेश कांग्रेस के पदाधिकारी बुधवार को दलवई के साथ बैठककर इन तमाम शिकायतों पर चर्चा करेंगे, और कार्रवाई की मांग कर सकते हैं।

सूत्र बताते हैं कि रायपुर के चुनाव अधिकारी (डीआरओ)लल्लन कुमार, दंतेवाड़ा के बैजनाथ शर्मा, महासमुंद के जयकरण वर्मा, धमतरी के सरिता पटेल, और बलौदाबाजार के मनिंद्र मिश्रा के खिलाफ गंभीर शिकायत आई है। ये शिकायतें उनके मातहत ब्लॉक चुनाव अधिकारियों ने की है। कहा जा रहा है कि डीआरओ ने बीआरओ (ब्लॉक चुनाव अधिकारी) की जानकारी के बिना उनके ब्लॉक का चुनाव की औपचारिकता पूरी कर अध्यक्ष के नाम की अनुशंसा कर प्रदेश के चुनाव अधिकारी को भेज दी है। हल्ला है कि डीआरओ ने नाम प्रस्तावित करने के एवज में उगाही भी की है।

एक शिकायत तो यह भी है कि एक जिले के बीआरओ ने डीआरओ की भूमिका पर सवाल खड़े किए, तो उन्हें हटाने की धमकी दी गई। ब्लॉक अध्यक्षों के चुनाव में गड़बडिय़ों को लेकर स्थानीय नेताओं में भी काफी गुस्सा है। कई विधायकों ने भी इसको लेकर प्रदेश प्रभारी, और अन्य जगहों पर शिकायत की है। कई शिकायतें केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण को भी भेजी गई है। यह भी कहा गया है कि जहां विवाद ज्यादा हंै, वहां चुनाव प्रक्रिया रोकने की भी मांग की गई है। इस पूरे मामले में पीआरओ हुसैन दलवई के रूख का इंतजार किया जा रहा है, और गड़बडिय़ों को ठीक नहीं किया गया, तो प्रदेश के नाराज नेता दिल्ली कूच कर सकते हैं।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news