रायपुर
![टीएडीए बढऩे से आम कर्मचारी को लाभ नहीं टीएडीए बढऩे से आम कर्मचारी को लाभ नहीं](https://dailychhattisgarh.com/uploads/chhattisgarh_article/1715954501GLOGO.jpg)
रायपुर, 17 मई। छत्तीसगढ़ शासन वित्त विभाग द्वारा जारी यात्रा देयक एवं स्थानांतरण भत्ता से प्रदेश के लाखों आम कर्मचारियों को कोई लाभ नहीं होगा। सामान्यत: यात्रा देयक ए श्रेणी के अधिकारी व वरिष्ठ अधिकारियों को ही पात्रता होती है?। जहां तक स्थानांतरण भत्ता का प्रश्न है प्रशासनिक स्थानांतरण पर इसका लाभ मिलता है। यदि कर्मचारी अपनी इच्छा अनुसार स्वयं के व्यय पर स्थानांतरित होकर जाता है तो स्थानांतरण भत्ता के रूप में परिवहन संबंधी लाभ भी सामान्य कर्मचारियों को प्राप्त नहीं होता है।
कर्मचारी नेता विजय कुमार झा एवं तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ प्रदेश प्रवक्ता विजय कुमार डागा ने कहा है कि वित्त विभाग के इस आदेश से प्रदेश के लाखों अधिकारी कर्मचारियों में भ्रम की स्थिति है तथा लोग यात्रा भत्ता मंहगाई भत्ता में वृद्धि का माहौल बनाकर प्रचारित कर रहे हैं। अभी भी छत्तीसगढ़ राज्य के कर्मचारियों को 1 जनवरी 2023 का बढ़ा हुआ 4 फीसदी महंगाई भत्ता 42 फीसदी से बढक़र 46 फीसदी हुआ है। केंद्रीय कर्मचारियों के समान अभी भी प्रदेश के कर्मचारियों को महंगाई भत्ता नहीं मिल रहा है। प्रदेश के कर्मचारियों का जुलाई 2023 का लंबित 4 फीसदी महंगाई भत्ते का आदेश लोकसभा चुनाव के परिणाम के बाद व आचार संहिता समाप्त होने के बाद जारी कर केंद्रीय कर्मचारियों व राज्य सरकार के कर्मचारियों में समरूपता स्थापित किया जावे। श्री झा ने कहा है कि टी ए डी ए में वृद्धि का समाचार सामान्य कर्मचारियों के लिए लाभकारी नहीं है।