रायपुर

24 घंटे के भीतर दो जगह लूटपाट, कैश लूटकर बदमाश दुबके
02-Aug-2022 6:21 PM
24 घंटे के भीतर दो जगह लूटपाट, कैश लूटकर बदमाश दुबके

 ‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 2 अगस्त। शहर में लोकल बदमाशों ने एक बार फिर आतंक मचा रखा है। दो जगहों में लूटपाट की घटनाओं को अंजाम दिया है। 24 घंटे के भीतर आरोपी दो जगहों पर हमला कर नगदी रकम लूटकर भाग निकले। पुरानी बस्ती थाना और सिविल लाइंस थाना क्षेत्र से जुड़े मामलों में शिकायत मिलने पर पुलिस ने अपराध दर्ज किया है। सिविल लाइंस थाना में पुलिस ने 31 जुलाई के दोपहर ढाई बजे मून लाइट स्कूल गांधी नगर में करण सोनकर से लूटपाट के मामले में अज्ञात दो लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। पुलिस ने बताया करण फल का धंधा करता है। दोपहर के वक्त वह अपने ठेला के साथ खड़ा था तभी दो अज्ञात आरोपी उसके पास आ धमके। अज्ञात आरोपियों ने पहले तो अनार का दाम पूछने के बहाने उसे रोका इसके बाद विवाद शुरू कर दिया। सब्जी काटने वाली चाकू से डरा धमकाकर आरोपी लूटपाट करने लगे। इस दौरान एक शख्स ने सामने जेब में रखे नगदी रकम ढाई हजार रुपये लूट लिए। प्रार्थी आसपास किसी से मदद ले पाता आरोपी फौरन वहां से भाग खड़े हुए। करण ने थाना पहुंचकर घटना के बारे में जानकारी दी। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूट का मामला दर्ज किया। दूसरी घटना में पुरानी बस्ती थाना पुलिस ने छोटू और उसके साथी की तलाश शुरू की है। छोटू और उसके साथी ने यहां जमील मेमन नामक बुजुर्ग को लूटपाट का शिकार बना लिया। पुलिस ने बताया सोमवार की रात करीब नौ बजे जमील कपड़ा बेचकर घर लौट रहा था। इसी दौरान भाठागांव के नजदीक सर्विस रोड पर आरोपियों ने उसे रोक लिया। नगदी रकम लूटकर उसके पास रखे कुछ कपड़े भी छीनकर भाग गए। थाना आकर जमील ने हमलावरों के खिलाफ लूट का केस दर्ज कराया।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news