राजनांदगांव

उत्तर की सर्दीली हवाओं ने ठिठुरन को दी रफ्तार
06-Jan-2023 11:56 AM
उत्तर की सर्दीली हवाओं ने ठिठुरन को दी रफ्तार

ठंडी हवाओं से सीजन में पहली बार सर्द हुआ वातावरण
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 6 जनवरी।
घने कोहरे के बीच उत्तर की सर्दीली हवाओं ने ठिठुरन को रफ्तार दी है। ठंडी हवाओं से सीजन में पहली बार वातावरण बेहद सर्द हो गया है। उत्तरी हवाओं के असर से दिन और रात के तापमान में लगातार गिरावट आई है। बुधवार-गुरुवार की तुलना में शुक्रवार की सुबह भले ही धुंध कम रही, लेकिन सर्द मौसम ने लोगों को जकड़ लिया है। मौसम के साफ होते ही सर्दी अपना कड़ा रूख दिखा सकती है। दो दिन से मौसम में लगातार बदलाव आए। जिसमें घना कोहरा का दौर बकरार रहा। अचानक बढ़े ठंड ने पहली बार लोगों को सर्दीले मौसम का अहसास कराया। दिसंबर का पूरा महीना नर्म-गर्म के बीच गुजर गया। दिसंबर में उम्मीद के विपरीत ठंड के बजाय गर्मी का अहसास हुआ।

बुधवार को घने कोहरे के बीच बूंदाबांदी होने के बाद से पिछले दो दिनों से पारा सामान्य से कम रहा। लिहाजा  ठंड के कारण लोगों को दिन में भी गर्म कपड़ोंं के आगोश में रहना पड़ रहा है। अलाव का सहारा लेकर लोग ठंड से बचने की कवायद कर रहे हैं। चौक-चौराहों में अलाव जलाकर लोग राहत पाने की कोशिश कर रहे हैं। पिछले तीन दिनों के भीतर नजर डाले तो घने कोहरे के छंटते ही ठंड ने अपना तीव्र असर दिखाया है। ठिठुरन के पीछे उत्तर से आ रही ठंडी हवाओं का असर है। सर्दीले झोंकों से लोग दिन में भी कांपते दिख रहे हैं। इधर ठंडी हवाओं के झोंको से वनांचल भी ठिठुर रहा है। वनांचल में तापमान लगातार गिरावट की स्थिति में है। पठारी इलाकों में बसे लोगों को धूप  भी नसीब नहीं हो रही है। खराब मौसम के कारण दो दिनों से सूर्य की किरणें गायब थी। शुक्रवार को धूप खिलने से लोगों को थोड़ी राहत मिली। बताया जा रहा है कि मौसम के साफ होते ही तापमान सामान्य से लगभग 5 डिग्री कम हो सकता है। दिन और रात के  तापमान में कमी आना तय है। इस दौरान सर्द मौसम  काफी परेशान करने वाला साबित हो सकता है।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news