धमतरी

8 करोड़ के लक्ष्य को पूरा करने निगम अफसरों के सामने चुनौती, वित्तीय वर्ष बीतने में 15 दिन बाकी
14-Mar-2023 3:00 PM
8 करोड़ के लक्ष्य को पूरा करने निगम अफसरों के सामने चुनौती, वित्तीय वर्ष बीतने में 15 दिन बाकी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 14 मार्च।
वित्तीय वर्ष-2022-23 में शत-प्रतिशत राजस्व वसूली को लेकर निगम के राजस्व कर्मचारियों पर दबाव काफी बढ़ गया है। सूत्रों की मानें तो टीम के सदस्यों को प्रत्येक दिन औसतन करीब 8 लाख रुपए की वसूली करना है। बताया गया है कि अब 50 से अधिक घरों का नल कनेक्शन भी विच्छेद किया है।

शहरवासियों को पानी, बिजली, सफाई समेत अन्य सुविधाएं देने के एवज में निगम प्रशासन की ओर से टैक्स लिया जाता है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार निगम प्रशासन को चालू वित्तीय वर्ष-2022-23 में संपत्ति कर के रूप में 2 करोड़ 49 लाख 28 हजार, समेकित कर के रूप में 1 करोड़ 39 लाख 36 हजार, जलकर के रूप में 1 करोड़ 92 लाख 10 हजार, दुकान किराया के रूप में 83 लाख 61 हजार रुपए समेत अन्य करों को मिलाकर कुल 3 करोड़ 25 लाख 69 हजार की वसूली करना है। इसके लिए निगम की टीम की ओर से डोर-टू-डोर जाकर बकायेदारों को राजस्व जमा कराने के लिए कहा जा रहा है। 

बकाया जमा नहीं कराने पर उन्हें नोटिस जारी कर तय मियाद के कानूनी कार्रवाई करने के लिए चेताया जा रहा है। ऐसे में निगमकर्मी और बकायादारों के बीच नोंकझोंक की स्थिति निर्मित हो रही है। कई बकायादार तो कार्रवाई से बचने के लिए राजनीतिक एप्रोच लगाने से भी नहीं चूक रहे हैं। निगम के एक वरिष्ठ अधिकारी की मानें तो सूची जारी होने के बाद बकायेदारों को दोबारा राजस्व जमा कराने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इसके बाद भी राजस्व जमा नहीं कराने पर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई किया जा सकता है। इसके अलावा शासन-प्रशासन को अवगत करा दिया गया है।
 

किश्त में जमा कराने मांग रहे मोहलत
विभिन्न करों के बकायेदारों की सूची जारी होने के बाद अब कुछ लोग स्वमेव ही निगम दफ्तर पहुंचकर इसमें कुछ राहत प्रदान की मांग कर रहे हैं। लंबे समय के बाद बकायादार निगम में इसकी वास्तविक जानकारी के लिए पहुंचे हैं। कुछ लोगों ने बकाया जमा कराने के लिए अतिरिक्त समय मांगा है। इसके बाद कार्रवाई की जाएगी।

 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news