धमतरी

श्रवण मरकाम सिहावा से भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी घोषित
20-Aug-2023 3:42 PM
श्रवण मरकाम सिहावा से भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी घोषित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नगरी, 20 अगस्त।
भारतीय जनता पार्टी केन्द्रीय चुनाव समिति की बैठक पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा की अध्यक्षता में दिनांक 16 अगस्त को सम्पन्न हुई। बैठक में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह एवं केन्द्रीय चुनाव समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहें।

केन्द्रीय चुनाव समिति ने छत्तीसगढ़ एवं मध्य प्रदेश में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव 2023 के लिए अपनी स्वीकृति प्रदान की है। जिसके पहले चरण में छत्तीसगढ़ से 21 सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा की गई। 

जिसमें सिहावा विधानसभा के अजजा वर्ग के लिए आरक्षित सीट से भाजपा के पूर्व विधायक श्रवण मरकाम को अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया गया है। पिछले विधानसभा चुनाव 2018 के अंतिम क्षणों में इनका टिकट कट गया था। पार्टी ने इन पर फिर से भरोसा जताते हुए इन्हें पुन: टिकट दिया है। इनके नाम को घोषणा होते ही पूरे सिहावा विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई है। तो वहीं टिकट के लिए संघर्षरत नए दावेदारों को बड़ा झटका लगा है।

पूर्व विधायक श्रवण मरकाम ने छत्तीसगढ़ से चर्चा करते हुए पार्टी के शीर्ष नेतृत्व और सिहावा विधानसभा क्षेत्र की जनता के प्रति आभार जताते हुए कहा कि पार्टी के कार्यकर्ताओं की मेहनत और क्षेत्र की जनता के आशीर्वाद से सिहावा विधानसभा में भाजपा का कमल खिलेगा।

नए दावेदारों में प्रमुख रूप से पूर्व जिला पंचायत सदस्य एवं भाजपा जिला मंत्री प्रेमलता नागवंशी, सेवानिवृत चिकित्सा अधिकारी डॉ. के.एस.शांडिल्य, भाजपा अजजा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष विकास मरकाम,सरपंच ग्राम पंचायत सांकरा शशि ध्रुव,अजजा मोर्चा के जिला अध्यक्ष एवं सरपंच ग्राम पंचायत मुनईकेरा महेंद्र नेताम दावेदारी कर रहे थे। पूर्व विधायक मरकाम के नाम के घोषणा होने से इन्हें मायूसी हाथ लगी है।

वहीं अन्य दावेदारों में जनपद पंचायत नगरी के अध्यक्ष दिनेश्वरी नेताम,सांसद प्रतिनिधि मोहन पुजारी,जिला पंचायत सदस्य द्वय खूबलाल ध्रुव,अनिता ध्रुव, पूर्व जिला पंचायत सदस्य सत्यवती नेताम, सरपंच ग्राम पंचायत कुम्हड़ा ईश्वरी नेताम, सरपंच ग्राम पंचायत बगरूमनाला महेश गोटा, पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष राजाराम मंडावी, पूर्व जनपद अध्यक्ष मगरलोड माधव सिंह ठाकुर, पूर्व जनपद सदस्य अजय ध्रुव,युवा मोर्चा से संजय शांडिल्य, नरसिंग मरकाम,चित्रांश नागवंशी के नामों की चर्चा भी रही।

ज्ञात हो कि पूर्व विधायक श्रवण मरकाम 2013 - 2018 तक सिहावा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के विधायक रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस के अधिकृत प्रत्याशी अंबिका मरकाम को 7487 वोटों से हराया था।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news