बेमेतरा

छत्तीसगढिय़ा ओलंपिक : 14 माह बाद भी नहीं मिली ईनामी राशि
25-Sep-2024 3:43 PM
छत्तीसगढिय़ा ओलंपिक : 14 माह बाद भी नहीं मिली ईनामी राशि

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 25 सितंबर।
जिले को जिन महिला खिलाडिय़ों ने संभाग स्तर पर छत्तीसगढिय़ा ओलंपिक में पुरस्कार दिलाया है, उन्हें इनाम की राशि के लिए एक साल से भटकना पड़ रहा है। ग्राम बालसमुन्द्र निवासी महिलाएं, युवाओं व प्रौढ़ खिलाडिय़ों को 365 दिन से अपने पुरस्कार की राशि के लिए ग्राम पंचायत, बेमेतरा जनपद, जिला पंचायत, खेल एवं युवा कल्याण विभाग कार्यालय का चक्कर लगाना पड़ रहा है।

विभिन्न खेलों में जिले का नाम किया रोशन 
जानकारी हो कि प्रदेश के पारंपरिक खेलों को बढ़ावा देने के लिए पूर्व सरकार द्वारा हरेली त्यौहार पर छत्तीसगढिय़ा ओलंपिक का आयोजन किया गया। ओलंपिक में विभिन्न खेलों में सभी आयु वर्ग के प्रतिभागियों के लिए पुरस्कार का निर्धारण किया गया था। ग्राम स्तर से लेकर प्रदेश स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाडिय़ों के लिए निर्धारित राशि निर्धारित की गई थी। प्रतियोगिंता में गिल्ली डंडा, पि_ूल, सखली, लंगडी दौड़, कबड्डी, खो-खो, रस्साकसी, बांटी, बिल्लस, फुगड़ी, गेंड़ी दौड़, भौरा, दौड़ 100 मीटर व लंबी कूद समेत 16 खेलों को शामिल किया गया था। जिले के 75 हजार से अधिक खिलाडिय़ों ने 2022-23 और 2023-24 के दौरान ग्राम स्तर से लेकर राज्य स्तर की खेल प्रतियोगिता में हिस्सा लिया था। बीते सत्र के दौरान हरेली तैयार से प्रारंभ हुई ओलंपिक प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले ग्राम बालसमुन्द्र की खिलाडिय़ों ने बताया कि प्रतियोगिता में हिस्सा लेना उनके लिए कटू अनुभव भरा रहा है। स्पर्धा में शामिल होने के बाद उन्होंने अपने गांव बालसमुन्द से लेकर संभाग स्तर पर ग्राम पुरई में हुई प्रतियोगिता में प्रथम तीन स्थान पर आकर जिले का मान बढ़ाया। जीत के लिए उन्होंने जितना पसीना बहाया था, उससे अधिक पसीना वो प्राप्त होने वाले पुरस्कार की राशि को पाने के लिए बहा रहे हैं। प्रोत्साहन राशि एक-दो को नहीं सैकड़ों खिलाडिय़ों को नहीं मिली है।

बकायदा खाता नंबर लिया पर राशि नहीं डाली  
ग्राम स्तर के बाद जोन स्तर फिर ब्लॉक स्तर उसके बाद जिला स्तर तक खेलने के बाद संभाग स्तर में बेहतर प्रदर्शन करने के बाद राज्य स्तर पर खेलने व जीत दर्ज करने वाले प्रतिभागियों से पंचायत ने बकायदा उनका खाता नंबर लिया था पर आज तक आवेदन करने वाले प्रतिभागियों के खाते में फूटी कौड़ी तक नहीं डाली गई है। संभाग स्तर पर खेल चुकी पुनिया, मीना बाई, रेवती, संतोषी, रूखमणी बाई समेत अन्य प्रतिभागी मंगलवार को प्रोत्साहन राशि प्रदान करने के लिए कलेक्टर से गुहार लगाने पहुंची थीं। खिलाडिय़ों ने बताया कि ग्राम स्तर से लेकर जिला पंचायत स्तर पर वो प्रोत्साहन राशि पाने के लिए भटक रही हैं। आज 14 माह से अधिक समय हो चुके हैं। खिलाडिय़ों को 8000 रुपए की राशि नहीं मिली है। अब फंड के वापस होने की जानकारी अधिकारी दे रहे हैं।

एक साल पहले बढ़ाया था जिले का मान
विभिन्न आयु वर्ग स्तर पर खेले गए छत्तीसगढिय़ा ओलंपिक 2023 में राज्य स्तरीय आयोजन रायपुर में 24 से 27 सितंबर को बलबीर जुनेजा स्टेडियम बूढ़ा तालाब में आयोजित किया गया था। संभाग स्तर दुर्ग में जीत कर राज्य की टीम में स्थान बनाने वाले बेमेतरा जिले के खिलाडिय़ों ने राज्य स्तर की प्रतियोगिता में अपने खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया था। जिले के खिलाडिय़ों ने गिल्ली डंडा पुरुष वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त किया था जबकि महिला वर्ग एकल विधा में कुश्ती में प्रथम स्थान प्राप्त किया था। गिल्ली डंडा महिला वर्ग में 7 महिला खिलाड़ी, बांटी महिला में चार महिला खिलाड़ी, वहीं एकल खेल में 100 मीटर दौड़ में दो व कुश्ती में जिले की टीम ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया था। कबड्डी में तृतीय स्थान पर रहे।
 

अन्य पोस्ट

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news