रायगढ़
रायगढ़, 26 सितंबर। थाना खरसिया क्षेत्र के शहीद वीरनारायण शासकीय महाविद्यालय जोबी बर्रा में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस कार्यक्रम में डीएसपी अभिनव उपाध्याय, पुलिस चौकी जोबी प्रभारी एएसआई आशिक रात्रे, साइबर सेल के हेड कांस्टेबल दुर्गेश सिंह, कांस्टेबल नवीन शुक्ला ने महाविद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण और छात्र-छात्राओं की उपस्थिति में साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की।
कार्यक्रम के दौरान डीएसपी अभिनव उपाध्याय ने समसामयिक रूप में घटित होने वाले सभी विभिन्न प्रकार के साइबर अपराधों जैसे फिशिंग फ्रॉड, कॉलिंग फ्रॉड, एटीएम फ्रॉड, यूपीआई फ्रॉड, ओएलएक्स फ्रॉड, सेक्सटॉर्शन और शेयर मार्केट ट्रेडिंग फ्रॉड के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने साइबर अपराधियों द्वारा अपनाए जाने वाले तरीकों और उनसे बचने के उपायों पर भी चर्चा की। इसके साथ ही, सोशल मीडिया प्लेटफॉम्र्स जैसे फेसबुक, इंस्टाग्राम आदि पर कैसे सुरक्षित रहें, इस पर भी महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए।
डीएसपी अभिनव उपाध्याय और उनकी टीम द्वारा छात्र-छात्राओं को व्हाट्सएप में टू-स्टेप वेरिफिकेशन और फेसबुक, गूगल में सेफ सर्च का उपयोग करने के तरीके का प्रदर्शन किया गया। इस दौरान छात्रों की ओर से अच्छे प्रश्न और प्रतिक्रियाएं प्राप्त हुईं।
कार्यक्रम के अंत में डीएसपी अभिनव उपाध्याय ने सभी उपस्थित लोगों को साइबर सुरक्षा की शपथ दिलाई। शपथ में उन्होंने सभी को साइबर अपराधों से बचने के लिए सचेत और जागरूक रहने की आवश्यकता पर जोर दिया। कार्यक्रम में साइबर सेल के आरक्षक परमानंद पटेल और आरक्षक सुदर्शन पाण्डेय (छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल) की भी विशेष सहभागिता रही।