रायपुर

न्याय यात्रा को अंजाम तक पहुंचाया जाएगा-बैज
04-Oct-2024 7:28 PM
न्याय यात्रा को अंजाम तक पहुंचाया जाएगा-बैज

महंत और भूपेश ने सभी नेताओं-कार्यकर्ताओं के प्रति आभार जताया

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 4 अक्टूबर। प्रदेश कांग्रेस के प्रमुख नेता शुक्रवार को राजीव भवन पहुंचे, और उन्होंने एक स्वर में न्याय यात्रा की सफलता के लिए प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज और सभी पदाधिकारियों-कार्यकर्ताओं के प्रति आभार जताया। प्रदेश अध्यक्ष बैज ने कहा कि यात्रा का अंत नहीं हुआ है। अभी विराम लगा है, और यात्रा को अंजाम तक पहुंचाया जाएगा।

राजीव भवन में मीडिया से चर्चा में बैज ने कहा कि न्याय यात्रा का मकसद यह था कि 9-10 महीने की भाजपा की सरकार में प्रदेश की जनता को सुरक्षित रखने में विफल रही है। अपराध बढ़ रहे हैं। अपराधियों को संरक्षण दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि आश्रम, छात्रावास में भी छोटी बच्चियां सुरक्षित नहीं रह गई है। सरकार पर जनता का भरोसा उठ गया है। यात्रा के दौरान के अपने अनुभव साझा करते हुए दीपक बैज ने कहा कि लोगों में सरकार के खिलाफ आक्रोश देखने को मिला है। उन्होंने कहा कि एक जगह तो लोगों के आंख में आंसू भी थे। न्याय यात्रा ने लोगों में उम्मीद जगी है।

बैज ने कहा कि सरकार न्याय यात्रा से डरी सहमी हुई थी। उन्होंने कहा कि अभी यात्रा का शुभारंभ हुआ है। इसको अंजाम तक पहुंचाया जाएगा। नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने यात्रा की सफलता के लिए दीपक बैज और सभी कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यात्रा में हम सब बैज के साथ रहे। पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि पद यात्रा किसी उद्देश्य की जाती है तो इसमें सफलता मिलती है। उन्होंने कहा कि न्याय यात्रा हम सबकी सुरक्षा से जुड़ा विषय था। श्री बघेल ने सभी नेताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। प्रेसवार्ता को पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव, धनेन्द्र साहू ने भी संबोधित किया।

अन्य पोस्ट

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news