रायगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 9 मार्च। घरघोड़ा तहसील के अधीन ग्राम तुमीडीह में माध्यमिक शाला में पदस्थ प्रधान पाठक प्रेमलाल पटेल के साथ 2 मार्च को मोहल्ला क्लास में पहुंचकर गाली गलौज मारपीट करने वाले आरोपी फूल साय को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया गया।
उल्लेखनीय है कि 61 वर्षीय प्रधान पाठक प्रेम लाल पटेल के साथ मोहल्ला क्लास में अध्यापन कार्य करते हुए यह घटना घटित हुई। घटना के 2 दिन व्यतीत हो जाने के बाद गाली गलौज मारपीट करने वाले नामजद आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई। मामला संज्ञान में आने पर छत्तीसगढ़ प्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ का एक प्रतिनिधिमंडल पुलिस अधीक्षक संतोष सिंह से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने पूरे घटना क्रम से पुलिस अधीक्षक संतोष सिंह को अवगत कराते हुए आरोपी की गिरफ्तारी की मांग रखी। पुलिस अधीक्षक संतोष सिंह के निर्देश पर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। आरोपी की गिरफ्तारी पर छत्तीसगढ़ प्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ ने प्रसन्नता व्यक्त की है।