जशपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पत्थलगांव, 10 जून। नगर पंचायत की अध्यक्षा सुचिता एक्का के साथ सभापति अजय बंसल, पार्षद सतीश अग्रवाल, पुनीत डहरिया, आनंद गुप्ता, अशोक गुप्ता, सीएमओ जितेंद्र बहादुर पटेल, वेदराम साहू, संजय शर्मा एवं नगर पंचायत के समूह महिलाओं द्वारा आज वट सावित्री व्रत के उपलक्ष्य में नगर पंचायत एक्स एलएमआर सेंटर अंबेडकर नगर में फलदार पौधों का रोपण किया गया। इस कार्यक्रम में लगभग 100 नग वृक्षारोपण किया गया जो कि नगर पंचायत की उपलब्धि है।
सभापति अजय बंसल ने कहा कि वृक्षारोपण के दौरान हमें यह ध्यान रखना चाहिए कि वृक्षों को सिर्फ लगा देने से नहीं होगा, उस पौधे का समय-समय में देखरेख करना अनिवार्य है। ताकि सेवा भाव से वह आगे बढ़ के वातावरण को भी स्वच्छ कर हमारी सुरक्षा कर सके। पेड़ों में फल लगेंगे जो सभी के काम आएंगे।
पार्षद सतीश अग्रवाल ने कहा कि वृक्षारोपण हमारी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। और हमे निरन्तर इसे करते रहना है। ताकि हमारा भविष्य सुरक्षित हो सके। सभी जनप्रतिनिधियों ने नगर पंचायत कर्मियों को समय-समय पर लगाए गए पेड़ों को पानी देने व उनकी सुरक्षा करने हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिए।