जशपुर

घर-घर जाकर सरकार की नाकामियां गिनाएंगे कार्यकर्ता, मंडल अध्यक्ष ने शक्ति केंद्र स्तर पर किया टीम का गठन
13-Jun-2021 6:59 PM
घर-घर जाकर सरकार की नाकामियां गिनाएंगे कार्यकर्ता,  मंडल अध्यक्ष ने शक्ति केंद्र स्तर पर किया टीम का गठन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पत्थलगांव, 13 जून।
कांग्रेस सरकार के ढाई वर्ष का कार्यकाल पूरा होने के साथ ही भाजपा ने सरकार के खिलाफ वादा खिलाफी अभियान छेड़ दिया है। इसके लिए मंडल अध्यक्ष अनिल मित्तल द्वारा शक्तिकेंद्र स्तर पर टीम बनाई गई है। 

इस अभियान के तहत भाजपा के कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को प्रदेश सरकार की नाकामियों को गिनाएंगे वहीं केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के तहत दीपावली तक नि:शुल्क चावल और सभी वर्गों के लिए मुफ्त वैक्सीन योजना की जानकारी देंगे। प्रदेश में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने ढाई वर्ष का कार्यकाल पूरा कर लिया है। इसके साथ ही सरकार की उल्टी गिनती भी शुरू हो गई है। इसे देखते हुए भाजपा सक्रिय हो गई है। भाजपा इसके लिए लोगों के बीच जाकर कांग्रेस सरकार की नाकामियों को गिनाने की तैयारी में जुट गई है। 
मंडल अध्यक्ष अनिल मित्तल ने बताया कि कांग्रेस बड़े-बड़े चुनावी वादों के साथ सत्ता में आई थी परंतु अब तक एक भी वादा सरकार ने पूरा नहीं किया है। कई घोषणाएं हैं, जिन्हें पूरा करने के लिए अब तक चर्चा भी सरकार द्वारा प्रारंभ नहीं की गई है। शराबबंदी, अनियमित कर्मचारियों का नियमितिकरण, महिला स्वसहायता समूहों की कर्जमाफी, बेरोजगारों को रोजगार और रोजगार मिलने तक बेरोजगारी भत्ता दिए जाने जैसी घोषणाएं शामिल हैं, जो समाज के बड़े वर्ग को प्रभावित करती हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने किसानों से एक-एक दाना धान की खरीद करने का वादा किया था परंतु इसके उलट किसानों का रकबा कम किया जा रहा है। खरीद की समय सीमा घटा दी गई है। वहीं बोनस की राशि भी कई किश्तों में बांटकर किसानों को परेशान किया जा रहा है। 

बेरोजगार आज भी रोजगार मिलने का इंतजार कर रहे हैं परंतु इसके उलट प्रदेश में बेरोजगारी बढ़ गई है। बेरोजगारी भत्ता भी युवकों के लिए दिवास्वप्न साबित हुआ है। शराबबंदी की कसमें खाने वाली कांग्रेस घर-घर शराब पहुंचा रही है वहीं बड़ी संख्या में आज भी किसान कर्जमाफी की बाट जोह रहे हैं। दूसरी ओर प्रदेश में भ्रष्टाचार और भय का आतंक कायम हो गया है। कानून व्यवस्था के नाम पर आम लोगों का शोषण किया जा रहा है। 

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार आधा कार्यकाल समाप्त हो चुका है जिसे देखते हुए लोगों के बीच जाकर सरकार की नाकामियों को अवगत कराने का निर्णय लिय गया है। इसके लिए शक्तिकेंद्र स्तर पर अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए शक्तिकेंद्र स्तर पर टीम का गठन किया गया है, जो अपने-अपने क्षेत्र में लोगों के बीच जाकर सरकार की विफलताओं को गिनाएगी। 

प्रत्येक शक्ति केंद्र स्तर पर अभियान को पूरा करने और इसकी समीक्षा करने के लिए प्रभारियों की नियुक्ति की गई है, जिसमें घरजियाबथान शक्ति केंद्र में सुनील अग्रवाल व संतोष यादव को जिम्मेदारी दी गई है। वहीं पंगसुवां में अवधेश गुप्ता,अंकित बंसल अैर जयपाल सिंह को, गाला में रूपसिंह राठिया और मंडल अध्यक्ष अनिल मित्तल खुद जिम्मेदारी संभालेंगे वहीं कुमेकेला में भुनेश्वरी बेहरा, अनिता देवी राजपूत और कैलाश यादव तथा पाकरगांव में मिथलेश लकड़ा,रवि गुप्ता और अनिल मित्तल की देख-रेख में अभियान का कार्यक्रम संपादित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के तहत केंद्र सरकार द्वारा दीपावली तक नि:शुल्क चावल के साथ ही लोगों को मुफ्त वैक्सीन दिलाने का काम भी करेगी। 

 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news