अंतरराष्ट्रीय

भारत और अमेरिका के बीच संबंध बेहद मजबूत: सांसद रो खन्ना
13-Mar-2024 10:24 AM
भारत और अमेरिका के बीच संबंध बेहद मजबूत: सांसद रो खन्ना

(ललित के झा)

वाशिंगटन, 13 मार्च। अमेरिकी सांसद रो खन्ना ने कहा है कि राष्ट्रपति जो बाइडन के प्रशासन ने अमेरिका और भारत के बीच संबंधों को प्रगाढ़ करने की दिशा में काम किया है और दोनों लोकतांत्रिक देशों के बीच संबंध बेहद मजबूत हैं।

‘कांग्रेसनल इंडिया कॉकस’ के सह-अध्यक्ष खन्ना ने ‘पीटीआई’ से बातचीत में कहा,‘‘ ये (भारत-अमेरिका संबंध) रक्षा, आर्थिक क्षेत्र, कृत्रिम मेधा (एआई) पर सहयोग, वैकल्पिक ऊर्जा सहित कई क्षेत्रों में काफी मजबूत हैं।’’

उन्होंने एक प्रश्न के उत्तर में कहा कि भारत ने पिछले 10 वर्ष में काफी प्रगति की है।

खन्ना ने कहा, ‘‘भारी आर्थिक विकास, बड़ी महत्वाकांक्षाएं...। यकीनन चुनौतियां भी हैं। आय असमानता की चुनौतियां हैं। हालांकि यहां अमेरिका में भी हमारे सामने यह चुनौती है। यह सुनिश्चित करने की चुनौतियां कि यह एक जीवंत, बहुलवादी समाज बना रहे, लेकिन आपको इस बात का अंदाजा है कि भारत की महत्वाकांक्षाएं बहुत बड़ी हैं।’’

भारतीय मूल के अमेरिकी सांसद ने कहा कि उन्होंने नागरिकता (संशोधन) अधिनियम (सीएए) का विरोध किया है।

उन्होंने कहा, ‘‘ मैं उसका (सीएए) विरोध करता हूं। आव्रजन को लेकर मेरा दृष्टिकोण हमेशा ही बहुलवाद की ओर रहा है।’’

खन्ना ने कहा कि बाइडन प्रशासन ने इस संबंध को मजबूत करने के लिए काफी काम किया है।

खन्ना ने कहा,‘‘ मुझे लगता है कि राष्ट्रपति बाइडन ने इसे मजबूत किया है। वह हमारी अर्थव्यवस्था के महत्व को समझते हैं। अमेरिकी विनिर्माण, अमेरिकी उत्पादों का भारत एक बड़ा खरीदार है। वह हमारी रक्षा, नौसेना व रक्षा प्रौद्योगिकी के संदर्भ में रणनीतिक संबंधों को समझते हैं।’’(भाषा)

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news