ताजा खबर

भारत जोड़ो यात्रा वाले पहले अपना घर तो संभालें, मोदी की हर गारंटी सांय-सांय पूरी हो रही-विष्णुदेव
18-Apr-2024 9:36 PM
भारत जोड़ो यात्रा वाले पहले अपना घर तो संभालें, मोदी की हर गारंटी सांय-सांय पूरी हो रही-विष्णुदेव

नामांकन रैली में सीएम ने की प्रत्याशी तोखन साहू को जिताने की अपील

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 18 अप्रैल।
लोकसभा के भाजपा प्रत्याशी तोखन साहू की नामांकन दाखिला रैली में  शामिल मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि यह चुनाव साधारण नहीं, मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने का है। कांग्रेस की लबरा और भ्रष्टाचारी सरकार ने छत्तीसगढ़ में सत्ता पाने जनता से 36 वादे किए थे, पर पूरा एक भी नहीं किया। ऐसी कांग्रेस को सबक सिखाना है और छत्तीसगढ़ की सभी 11 लोकसभा सीटें जिताकर मोदी को सौंपनी है।

साय ने कहा कि भूपेश बघेल की सरकार ने छत्तीसगढ़ को अपराध और भ्रष्टाचार का गढ़ बना दिया था। रेत, कोयला, शराब, नरवा गरवा बाड़ी घुरवा में जमकर भ्रष्टाचार किया। भाजपा सरकार ने 100 दिनों के भीतर ही 18 लाख प्रधानमंत्री आवास की स्वीकृति दी। सुशासन दिवस पर किसानों को दो वर्षों का बकाया बोनस उनके खाते में हस्तांतरित किया। रामलला दर्शन योजना, 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान की खरीदी 3,100 प्रति एकड़ के हिसाब से की गई। महिलाओं को महतारी वंदन योजना की दूसरी किस्त भी जारी कर दी गई है। मोदी जी की गारंटी सांय-सांय पूरी हो रही है। कांग्रेस यह भ्रम फैला रही है कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनते ही आरक्षण खत्म हो जाएगा। परंतु मैं आप सभी को विश्वास दिलाता हूं ऐसा कुछ नहीं होगा। स्वयं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह ने वादा किया है।‌ कांग्रेस पार्टी देश की महिलाओं को एक लाख रुपए सालाना देंगे बोल रहे हैं। मैं आप सभी से कहना चाहता हूं कि एक बार फिर कांग्रेस ठगने का काम कर रही हैं। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की भाभी भी कांग्रेस छोड़कर भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गई है। वे भारत जोड़ो यात्रा निकालें पर पहले अपना घर तो संभालें। एक के बाद एक नेता कांग्रेस छोड़ रहे हैं। जो अपना घर नहीं संभाल सकते वो देश क्या संभालेंगे?

रैली में उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि 1996 से बिलासपुर सीट भाजपा के पास है। इस रिकॉर्ड को कायम रखना है। कांग्रेस को बिलासपुर से कोई प्रत्याशी नहीं मिला तो भिलाई से ले आए।‌ मतलब साफ है कि वह हार मान चुकी है। साव ने कहा कि हमें जो घर आकर न्यौता देता है और स्वीकार नहीं करते तो यह न्यौता देने वाले का अपमान होता है। हमारे भांचा श्रीराम के मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह का निमंत्रण पत्र स्वीकार नहीं करके कांग्रेस ने श्रीराम का अपमान किया है। क्या ऐसी कांग्रेस को वोट देना चाहिए? पहले हमारे परिवार एक विष्णु थे अब एक और विष्णु यादव भाजपा में शामिल हो गए हैं, दोनों मिलकर कमाल करेंगे। भाजपा प्रत्याशी तोखन साहू ने भी रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल की उपलब्धियों के बारे में बताया।

नामांकन रैली में मंत्री दयालदास बघेल, बिलासपुर क्लस्टर प्रभारी विधायक अमर अग्रवाल, विधायक धरमलाल कौशिक, धरमजीत सिंह, पुन्नूलाल मोहिले, विधायक सुशांत शुक्ला, भूपेंद्र सवन्नी, पूर्व सांसद लखन लाल साहू, पूर्व मंत्री डॉ. कृष्ण मूर्ति बांधीं, महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष हर्षिता पांडेय, प्रबल प्रताप जूदेव, पूर्व महापौर वाणी राव आदि उपस्थित थे।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news