राष्ट्रीय

दुबई से संचालित विदेशी मुद्रा व्यापार धोखाधड़ी गिरोह का भंडाफोड़, एक व्यक्ति गिरफ्तार
24-Jul-2024 1:35 PM
दुबई से संचालित विदेशी मुद्रा व्यापार धोखाधड़ी गिरोह का भंडाफोड़, एक व्यक्ति गिरफ्तार

ठाणे, 24 जुलाई महाराष्ट्र की नवी मुंबई पुलिस ने एक 34 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार करने के साथ ही विदेशी मुद्रा व्यापार में निवेश के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

इस गिरोह को दुबई से संचालित किया जा रहा था।

नवी मुंबई पुलिस के साइबर प्रकोष्ठ के साक्ष्य प्रबंधन केंद्र (ईएमसी) के अधिकारियों ने इस गिरोह का भंडाफोड़ किया है।

नवी मुंबई पुलिस की ईएमसी साइबर सेल की निरीक्षक दिपाली पाटिल ने एक बयान में बताया, ''दुबई से सक्रिय गिरोह के सदस्य भारी मुनाफे का लालच देकर पीड़ितों को विदेशी मुद्रा व्यापार में निवेश करने के लिए फंसाते थे। वे पीड़ितों से डेबिट और क्रेडिट कार्ड के माध्यम से कई बार पैसे लेते थे। ''

उन्होंने बताया कि ऐसे ही एक मामले में आरोपी ने नवी मुंबई के खांडेश्वर के एक पीड़ित को निशाना बनाया और उससे अलग-अलग बैंक खातों में 18,54,255 रुपये स्थानांतरित करवाए तथा चार लाख रुपये भी लिए। आरोपी ने पीड़ित से कुल 22.54 लाख रुपये लिए थे, लेकिन आरोपी ने इसके बदले में मुनाफे का कोई भी पैसा नहीं दिया।

उन्होंने बताया कि पुलिस को हाल ही में सूचना मिली थी कि दुबई से संचालित हो रहे इस गिरोह का एक सदस्य मुंबई के एंटॉप हिल में रहता है, जिसके बाद जाल बिछा कर उसे गिरफ्तार किया गया।

अधिकारी ने बताया, ''आरोपी से पूछताछ करने के दौरान पुलिस को कंपनी, उसकी वेबसाइट और इसमें शामिल अन्य आरोपियों के बारे में जानकारी मिली। पीड़ित की शिकायत के आधार पर खांडेश्वर थाने में मामला दर्ज किया गया है।''

दिपाली पाटिल ने बताया कि पुलिस ने पीड़ित की धोखाधड़ी में गंवाई गई कुल राशि में से आरोपी से 9.75 लाख रुपये बरामद किए हैं।  (भाषा)

 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news