ताजा खबर
मंडला (मध्यप्रदेश) 15 जुलाई (भाषा)। मध्य प्रदेश के मंडला जिले में दो परिवारों के आपसी विवाद में दो सगे भाइयों ने बुधवार को एक ही परिवार के छह लोगों की धारदार हथियारों से कथित रूप से हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी।
यह घटना मंडला जिला मुख्यालय से करीब 100 किलोमीटर दूर बीजाडांडी पुलिस थानांतर्गत मनेरी पुलिस चौकी के मनेरी गांव में शाम को हुई।
मौके पर पहुंचे मंडला जिले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विक्रम सिंह कुशवाह ने बताया, ‘‘अब तक छह लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। सभी मरने वाले एक ही परिवार के सदस्य हैं।’’
उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि इन छह लोगों की हत्या हरीश सोनी एवं उसके छोटे भाई संतोष सोनी ने की है। ये दोनों आरोपी सुंदर सोनी के बेटे हैं।
उन्होंने कहा कि आरोपियों ने मृतकों के घर में ही उनकी हत्या धारदार हथियारों से की है।
कुशवाह ने बताया कि ये दोनों परिवार आपस में दूर के भाई हैं। उन्होंने कहा कि विस्तृत ब्योरे की प्रतीक्षा है।