राष्ट्रीय

ऑक्सीजन का स्तर बेहतर करने के लिए दिल्ली में लगेंगे 31 लाख पौधे
26-Jul-2020 5:35 PM
ऑक्सीजन का स्तर बेहतर करने के लिए दिल्ली में लगेंगे 31 लाख पौधे

नई दिल्ली, 26 जुलाई (आईएएनएस)| दिल्ली में अगले साल 31 मार्च तक 31 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। इनमें से करीब 8.5 लाख पौधे लगा दिए हैं। 6 लाख पौधे सरकार के विभिन्न विभागों ने लगाए हैं और दिल्ली के निवासियों को 2.5 लाख पौधे लगाने के लिए मुफ्त दिए गए। पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने कहा, "इस पखवाड़े के आखिरी दिन दिल्ली की सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में स्थानीय विधायकों के नेतृत्व में पौधारोपण किया गया। पौधों की सुरक्षा और उनके विकास को सुनिश्चित करने के लिए सभी पौधों का थर्ड पार्टी ऑडिट कराया जाएगा।"

अभी 'पौधा लगाओ, पर्यावरण बचाओ' पखवाड़ा समाप्त हुआ है, लेकिन पौधारोपण अभियान मार्च 2021 तक चलेगा। दिल्ली सरकार के मुताबिक इस कोरोना काल में भी दिल्ली में पर्यावरण को बचाने के लिए वन विभाग और उद्यान विभाग के साथ डीडीए, एमसीडी, पीडब्ल्यूडी और अलग-अलग एजेंसियों के कर्मचारियों व अधिकारियों ने एक साथ कार्य किया है।

पिछले 15 दिनों के दौरान दिल्ली के अंदर 8.5 लाख पौधों का रोपण हो चुका है। जिसमें 6 लाख पौधे विभागों ने खुद लगाए हैं और 2.5 लाख पौधे दिल्ली के निवासियों को नर्सरी से मुफ्त दिया गया है। दिल्ली के निवासियों ने भी इस अभियान में भाग लिया है।

लगभग 7.5 हेक्टेयर जमीन पर पौधारोपण का कार्य पूरा किया गया है। यह कदम इसलिए उठाया गया है ताकि दिल्ली को आक्सीजन मिल सके, वातावरण का कार्बनडाई ऑक्साइट दूर कर सकें।

पौधारोपण के दौरान यह ख्याल रखा गया है कि किस मिट्टी में कौन से पौधे विकसित और जिंदा रह सकते हैं। विभाग ने इसका भी ख्याल रखा है कि शीशम, अर्जुन या अन्य पौधों को उनके अनुरूप उपजाऊ मिट्टी में रोपित किया गया है। मिट्टी में कौन सा पौधा लगाने से उसका जल्द विकास होगा। इन सब बातों का ख्याल रखा गया है।

पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने कहा, "इस कोरोना महामारी के दौरान आप सभी लोगों ने मिल कर दिल्ली के निवासियों की जिंदगी व उनकी सांसों को बचाने के लिए शिद्दत के साथ काम किया है और यह तारीफ के योग्य है। हम साल के अंत में पूरे पौधारोपण अभियान का आकलन करेंगे। इस दौरान हर जिले और रेंज में सबसे अच्छा काम करने वाले कर्मचारी को सम्मानित करेंगे। एक रेंज के तीन-तीन कर्मचारियों को सम्मानित किया जाएगा। जो कर्मचारी सबसे अच्छा काम करेगा और जिसके सबसे अधिक पौधे बचेंगे, उनको सरकार की तरफ से सार्वजनिक तौर पर 'पर्यावरण मित्र' का सम्मान दिया जाएगा।"

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news