खेल

आईपीएल में धवन ने लगा दी रिकॉर्ड्स की झड़ी
12-Oct-2020 5:31 PM
आईपीएल में धवन ने लगा दी रिकॉर्ड्स की झड़ी

नई दिल्ली, 12 अक्टूबर। दिल्ली कैपिटल्स के ओपनर शिखर धवन ने रविवार को मुंबई इंडियंस के खिलाफ नाबाद 69 रन की पारी खेली और रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी। दिल्ली को भले ही इस मुकाबले में शिकस्त झेलनी पड़ी, लेकिन दिन तो शिखर धवन के नाम ही रहा। उनके चौके से लेकर छक्के पर सिर्फ रिकॉर्ड्स बनते गए।

शिखर धवन आईपीएल में 500 चौके जमाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं। धवन के अलावा कोई और बल्लेबाज यह कमाल नहीं कर सका है। मुंबई के खिलाफ रविवार को धवन ने अपनी पारी में 6 चौके जमाए और यह उपलब्धि हासिल की।

धवन मुंबई इंडियंस के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं। धवन ने मुंबई के खिलाफ कुल 733 रन बनाए हैं। हालांकि, वो ऐसा करने वाले तीसरे बल्लेबाज हैं। मुंबई इंडियंस के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड सुरेश रैना (818 रन) के नाम दर्ज है। 700 रन का आंकड़ा पार करने के मामले में एबी डिविलियर्स दूसरे स्थान पर हैं।

 धवन बतौर ओपनर आईपीएल में सबसे ज्यादा अर्धशतक जमाने के मामले में क्रिस गेल और गौतम गंभीर के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। धवन ने 146 पारियों में 34 पचासे जड़े। वहीं क्रिस गेल ने 122 जबकि गौतम गंभीर ने 123 पारियों में 34 अर्धशतक जमाए। डेविड वॉर्नर ने 113 पारियों में 44 अर्धशतकों के साथ इस रिकॉर्ड को अपने नाम किया है।

शिखर धवन ने आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स की तरफ से खेलते हुए 1,000 रन भी पूरे कर लिए हैं। दिल्ली ने शिखर धवन को सनराइजर्स हैदराबाद से ट्रेड के जरिये हासिल किया था। तब से धवन इस फ्रेंचाइजी का अहम हिस्सा हैं।

शिखर धवन ने आईपीएल में छक्कों का शतक भी पूरा कर लिया है। वह 100 छक्के जमाने वाले क्लब में 20वें स्थान पर हैं। यह रिकॉर्ड यूनिवर्स बॉस क्रिस गेल के नाम दर्ज है, जिन्होंने 326 छक्के जमाए हैं। एबी डिविलियर्स (219), एमएस धोनी (214), रोहित शर्मा (208) क्रमश : दूसरे, तीसरे और चौथे स्थान पर काबिज हैं। (timesnownews.com)

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news